TRENDING TAGS :
Shamli News: सीएम योगी ने युवक को मंच पर बुलाया, नियुक्ति पत्र बांटे, PAC परिसर का निरीक्षण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा में हाथ से बनाया चित्र लेकर पहुंचे युवक को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए और कैराना में निर्माणाधीन PAC परिसर का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
CM Yogi Adityanath
UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का एक मानवीय और प्रेरणादायक अंदाज शामली की जनसभा में देखने को मिला। जनसभा के दौरान हाथ से बनाया गया मुख्यमंत्री का चित्र लेकर भीड़ में खड़े एक युवक पर उनकी नजर पड़ी। संबोधन समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री ने सुरक्षाकर्मियों को निर्देश देकर युवक को मंच पर बुलवाया। युवक ने मंच पर पहुंचकर मुख्यमंत्री को उनका हाथ से बनाया चित्र भेंट किया। मुख्यमंत्री ने उससे आत्मीयता से बातचीत की। युवक ने उनके चरण स्पर्श किए तो मुख्यमंत्री ने उसकी पीठ थपथपाकर आशीर्वाद दिया। यह दृश्य जनसभा में मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।
कैराना में निर्माणाधीन PAC परिसर का किया निरीक्षण
जनसभा से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कैराना में निर्माणाधीन पीएसी परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और कार्यदायी संस्था से गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने परिसर से जुड़ी व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली।
चयनित आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को सौंपे नियुक्ति पत्र
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान चयनित आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इसके साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, चेक और चाबियां देकर उन्हें लाभान्वित किया।
इन लाभार्थियों को मिला सम्मान
रूबी और निगम को आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री के नियुक्ति पत्र मिले।
जय सिंह को कृषि यंत्र योजना के तहत ट्रैक्टर की चाबी प्रदान की गई।
राजपाल और सुनीता को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के स्वीकृति पत्र दिए गए।
ब्रजेश को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास की चाबी सौंपी गई।
गीता को ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत ₹5.83 करोड़ से अधिक का चेक प्रदान किया गया।
सरिता और अनिता को ई-रिक्शा की चाबियां दी गईं।
निशांत जैन को मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत ₹25 लाख का चेक मिला।
नाजिम को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत ₹3.31 लाख का चेक प्रदान किया गया।
नौशिदा को निराश्रित महिला पेंशन योजना का स्वीकृति पत्र दिया गया।
अक्षिता जैन और निकिता चौधरी को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की इस यात्रा के दौरान विकास परियोजनाओं की समीक्षा, जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों का सम्मान और आम नागरिकों से आत्मीय संवाद ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया। विशेष रूप से हाथ से बनाया गया चित्र लेकर पहुंचे युवक को मंच पर बुलाकर सम्मान देना लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा।


