TRENDING TAGS :
लखनऊ के स्कूली बच्चों का कमाल! 2027 में अंतरिक्ष पहुंचेगा उनका प्रयोग, ISS पर होगा टेस्ट
Lucknow Students Space Experiments: लखनऊ के CMS गोल्फ सिटी कैंपस के कक्षा 6 से 12 तक के छात्रों के चयनित वैज्ञानिक प्रयोग 2027 में इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पर आजमाए जा सकते हैं। विज्ञान मेले में वायुसेना प्रमुख आशुतोष दीक्षित और अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला ने छात्रों का उत्साह बढ़ाया।
Lucknow Students Space Experiments: अब लखनऊ के स्कूली छात्र सिर्फ किताबों में अंतरिक्ष और विज्ञान के प्रयोग नहीं पढ़ेंगे, बल्कि उनके बनाए प्रयोग अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन (ISS) तक पहुंच सकते हैं। CMS गोल्फ सिटी कैंपस में आयोजित विज्ञान मेले में छात्रों को यह बड़ी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित और अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला पहुंचे। यहां कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के वैज्ञानिक प्रयोगों को 2027 में अंतरिक्ष में भेजने की तैयारी के बारे में बताया गया। इस दौरान दोनों अतिथियों ने छात्रों की विज्ञान प्रदर्शनी देखी और उन्हें बड़े सपने देखने, लगातार मेहनत करने तथा मजबूत चरित्र बनाने का संदेश दिया।
2027 में ISS पर आजमाए जा सकते हैं छात्रों के प्रयोग
विज्ञान मेले में बताया गया कि CMS के विद्यार्थियों के वैज्ञानिक प्रयोगों को अंतरिक्ष तक पहुंचाने की योजना पर काम किया जा रहा है। इसके लिए वॉयेजर मिक्सस्टिक्स माइक्रोग्रैविटी स्टूडेंट रिसर्च प्रोग्राम शुरू किया गया है।
इस कार्यक्रम के तहत अर्थाइजन और इजराइल के राकिया मिशन के सहयोग से कक्षा 6 से 12 तक के छात्र अपने वैज्ञानिक प्रयोग तैयार करेंगे। इनमें से चयनित प्रयोगों को 2027 में इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) पर आजमाने की तैयारी है। इस पहल के जरिए स्कूली विद्यार्थियों को माइक्रोग्रैविटी यानी सूक्ष्म गुरुत्वाकर्षण की स्थिति में वैज्ञानिक शोध करने का अवसर मिल सकता है।
कार्यक्रम के दौरान वायुसेना प्रमुख आशुतोष दीक्षित और अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला ने छात्रों की ओर से तैयार किए गए वैज्ञानिक मॉडल और प्रयोगों का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों की जिज्ञासा और रचनात्मकता की सराहना की।
'सिर्फ CV नहीं, अपना चरित्र भी मजबूत बनाएं'
वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं को बड़े सपने देखने चाहिए और बिना किसी डर के सवाल पूछने चाहिए। उन्होंने मेहनत और ईमानदारी को सफलता का आधार बताते हुए विद्यार्थियों से कभी हार न मानने की अपील की।
उन्होंने कहा कि युवा केवल अपना CV बनाने पर ध्यान न दें, बल्कि अपने चरित्र को भी मजबूत बनाएं। सफलता मिलने के बाद भी विनम्र बने रहना जरूरी है। उनके मुताबिक, 2047 का भारत युवाओं की सोच, उनके फैसलों और मेहनत से आकार लेगा। इसलिए उन्हें नई तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और अंतरिक्ष की खोज जैसे क्षेत्रों में योगदान देने का लक्ष्य रखना चाहिए।
अंतरिक्ष से नहीं दिखती देशों की सीमाएं
अंतरिक्ष से जुड़े अपने अनुभव का जिक्र करते हुए आशुतोष दीक्षित ने कहा कि जब अंतरिक्ष से पृथ्वी को देखा जाता है तो देशों की सीमाएं नजर नहीं आतीं। पूरी धरती एक खूबसूरत ग्रह के रूप में दिखाई देती है, जो हम सभी का साझा घर है।
उन्होंने छात्रों को 'जय जगत' की भावना अपनाने का संदेश दिया। साथ ही कहा कि युवाओं को अपने ज्ञान और क्षमताओं का इस्तेमाल समाज और देश की सेवा के लिए करना चाहिए।
एयर चीफ के रूप में नहीं, स्कूल के पूर्व छात्र बनकर पहुंचे
कार्यक्रम के दौरान आशुतोष दीक्षित ने CMS से जुड़ी अपनी पुरानी यादें भी साझा कीं। उन्होंने खुद को स्कूल का पूर्व छात्र बताते हुए कहा कि वह यहां एयर चीफ के रूप में नहीं, बल्कि अपने पुराने स्कूल के विद्यार्थी और बच्चों के साथी के तौर पर आए हैं।
उन्होंने स्कूल के शुरुआती दिनों को याद करते हुए जगदीश और भारती मैम का जिक्र किया। बताया कि जब वह सातवीं-आठवीं कक्षा में पढ़ते थे, तब भारती मैम उन्हें निस्वार्थ सेवा और दूसरों के लिए जीने की भावना के बारे में बताती थीं। इन सीखों ने उन्हें वर्दी पहनकर देश की सेवा करने के लिए प्रेरित किया।
1971 के ज्ञान मेले को याद कर क्या बोले?
आशुतोष दीक्षित ने CMS के 1971 में आयोजित ज्ञान मेले का पुराना वीडियो देखने का अनुभव भी साझा किया। उन्होंने कहा कि पांच दशक पहले भी स्कूल के छात्र अपने नए विचारों, जिज्ञासा और रचनात्मकता को प्रदर्शित करते थे।
उन्होंने बताया कि 1971 के बाद से दुनिया और तकनीक में काफी बदलाव आया है। कभी ऐसे कंप्यूटर हुआ करते थे जिन्हें रखने के लिए पूरे कमरे की जरूरत पड़ती थी, लेकिन आज वही तकनीक लोगों की जेब में मौजूद है। उन्होंने इस बदलाव का उदाहरण देते हुए छात्रों को भविष्य की तकनीक और नए आविष्कारों के लिए तैयार रहने का संदेश दिया।


