Lucknow Crime News: महिला दरोगा का रेप, पति ने दिया जहर, और 4 दिन तक तमाशा देखती रही लखनऊ पुलिस

Lucknow Crime News: लखनऊ में एक खौफनाक मामला सामने आया है जहां एक महिला दरोगा ने अपने ससुर पर गनपॉइंट पर रेप करने और पति पर जहर देकर मारने की कोशिश का आरोप लगाया है। 4 दिन बाद पारा थाने में FIR दर्ज हुई है।

Shivam Shrivastava
Published on: 29 May 2026 8:26 PM IST (Updated on: 29 May 2026 8:30 PM IST)
Lucknow Crime News:  महिला दरोगा का रेप, पति ने दिया जहर, और 4 दिन तक तमाशा देखती रही लखनऊ पुलिस
X

Lucknow Crime News: लखनऊ से एक बेहद सनसनीखेज और रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां न्याय दिलाने वाली खाकी ही अपने घर में खौफनाक दरिंदगी का शिकार हो गई। प्रयागराज में तैनात एक महिला दरोगा ने अपने ससुर पर हथियार के बल पर रेप करने और पति पर जहर देकर जान से मारने की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगाया है। हैरानी की बात यह है कि पुलिस महकमे का हिस्सा होने के बावजूद इस पीड़िता को एफआईआर दर्ज कराने के लिए लखनऊ के पारा थाने में चार दिन तक धक्के खाने पड़े। मामले के तूल पकड़ने और उच्चाधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद आखिरकार पुलिस ने पति, ससुर, सास और ननद के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

यह पूरा विवाद अंतरजातीय विवाह और महिला दरोगा की नौकरी छुड़वाने की जिद से जुड़ा है। मूल रूप से लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता वर्तमान में प्रयागराज जिले में सब-इंस्पेक्टर के पद पर तैनात है। उसकी शादी बीते 14 फरवरी 2025 को शुभम सिंह नाम के युवक से हुई थी। पीड़िता का कहना है कि यह इंटर-कास्ट मैरिज थी, जिसके कारण शादी के तुरंत बाद से ही ससुराल वाले उसे जातिसूचक गालियां देने लगे। उसे हर दिन मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था ताकि वह तंग आकर अपनी पुलिस की नौकरी छोड़ दे।

लाइसेंसी हथियार के दम पर ससुर ने किया दुष्कर्म

दहेज और नौकरी छोड़ने की प्रताड़ना धीरे-धीरे खौफनाक अपराध में बदल गई। महिला दरोगा ने अपनी तहरीर में बताया है कि विरोध करने पर उसके ससुर ने घर में रखे लाइसेंसी हथियार के दम पर उसे जान से मारने की धमकी दी और फिर उसके साथ जबरन दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। जब इस घिनौनी करतूत की शिकायत पीड़िता ने अपने पति से की, तो उसने पत्नी का साथ देने के बजाय उसी पर चिल्लाना शुरू कर दिया और मुंह बंद रखने की धमकी दी।

पति ने खिलाया जहर, पिता का फोड़ा सिर

ससुराल वालों की हैवानियत यहीं नहीं रुकी। पीड़िता के अनुसार, 19 जनवरी 2026 को पति ने उसकी मर्जी के खिलाफ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। जब उसने कड़ा विरोध किया तो पति और ससुराल वालों ने मिलकर उसे चूहे मारने वाला जहर खिला दिया और तड़पने के लिए कमरे में बंद कर दिया। किसी तरह उसने अपने पिता को फोन पर सूचना दी। पिता ने मौके पर पहुंचकर उसे गंभीर हालत में सिविल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां बमुश्किल उसकी जान बच सकी। जब पीड़िता के पिता बातचीत से मामले को सुलझाने बेटी की ससुराल पहुंचे, तो दबंग पति ने उन पर भी हमला कर दिया। पति ने लोहे की रॉड से ससुर का सिर फोड़ दिया और रिवॉल्वर निकाल ली।

छत से कूदकर बचाई जान, पुलिस पर लापरवाही का आरोप

पीड़िता का आरोप है कि दबंगई की इंतहा तब हो गई जब हाल ही में 25 मई की सुबह उसके पति ने उस पर सीधे रिवॉल्वर से फायरिंग कर दी। गोली के वार से वह बाल-बाल बची और जान बचाने के लिए छत के रास्ते कूदकर वहां से भाग निकली। इस खौफनाक वारदात के बाद महिला दरोगा पिछले चार दिनों से लगातार पारा थाने के चक्कर काट रही थी, लेकिन रसूखदार ससुराल वालों की मिलीभगत के चलते स्थानीय पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी रही।

मामले में डीसीपी का बयान

जब यह मामला मीडिया और पुलिस के आला अधिकारियों तक पहुंचा, तब जाकर स्थानीय पुलिस हरकत में आई। इस पूरे मामले पर लखनऊ पश्चिम के डीसीपी कमलेश दीक्षित ने बताया कि पारा थाने में महिला दरोगा की तरफ से शिकायती तहरीर प्राप्त हुई है। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पति, ससुर, सास और ननद के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस की टीमें साक्ष्य जुटाने में लगी हुई हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Shivam Shrivastava

Shivam Shrivastava

Senior Content Writer Mail ID - shivam09231@gmail.com

Shivam Shrivastava is Senior Content Writer

Next Story