Lucknow News: 'बात नहीं मानी तो... Delivery Boy को कॉलर पकड़ कर पीटा'! जेल विभाग के अफसर पर मारपीट का आरोप, वीडियो हुआ वायरल

Lucknow News: आरोप है कि आर्डर किए गए माल को पहली मंजिल तक न पहुंचाने पर एक युवक ने आदित्य को कॉलर पकड़कर थप्पड़ों से पीटा, मोबाइल छीन लिया और गालियां देते हुए धक्का देकर भगा दिया।

Hemendra Tripathi
Published on: 6 Aug 2025 12:26 PM IST
Lucknow News: बात नहीं मानी तो... Delivery Boy को कॉलर पकड़ कर पीटा! जेल विभाग के अफसर पर मारपीट का आरोप, वीडियो हुआ वायरल
X

Lucknow News

Lucknow News: राजधानी लखनऊ में कड़ी धूप और बरसात के बीच ऑनलाइन ऑर्डर किया हुआ सामान कड़ी मेहनत से हमारे घर तक पहुंचने वाले डिलीवरी बॉय के साथ अब अभद्रता व मारपीट करने से जुड़े अनेकों मामले सामने आते हैं। अब इसी से जुड़ा एक नया मामला लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र से तेलीबाग की एक कॉलोनी से सामने आया, जहां एक निजी कंपनी के डिलीवरी बॉय आदित्य यादव के साथ हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

आरोप है कि आर्डर किए गए माल को पहली मंजिल तक न पहुंचाने पर एक युवक ने आदित्य को कॉलर पकड़कर थप्पड़ों से पीटा, मोबाइल छीन लिया और गालियां देते हुए धक्का देकर भगा दिया। पीड़ित आदित्य का आरोप है कि उसे जानबूझकर फंसाया गया और धमकाया गया। बताया जा रहा है कि मारपीट करने वाला युवक जेल विभाग का अधिकारी है, जो स्कॉर्पियो से मौके पर पहुंचा था। अब वायरल वीडियो के बाद पुलिस पर कार्रवाई का दबाव है, हालांकि पीड़ित ने अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी है।

पहली मंजिल तक माल न चढ़ाने पर भड़का गुस्सा

मिली जानकारी के अनुसार, सरोजनीनगर स्थित सैनिक नगर के रहने वाले डिलीवरी ब्वॉय आदित्य यादव बीते 2 जुलाई को तेलीबाग की रहने वाली कल्पना शाही के घर एक बंडल पहुंचाने गया था। बताया जाता है कि उसने बंडल नीचे जीने के पास रख दिया, जिस पर घर की महिला ने ऊपर ले जाने को कहा। आदित्य ने मना करते हुए आर्डर को ऊपर ले जाने के एवज में 200 रुपये अतिरिक्त चार्ज की बात कही। इस पर महिला ने फोन कर एक व्यक्ति को बुला लिया, जो कुछ ही देर में स्कार्पियो से पहुंचा।

स्कार्पियो सवार ने की बेरहमी से पिटाई, मोबाइल भी छीना

पीड़ित के अनुसार, जैसे ही वह व्यक्ति पहुंचा, उसने आदित्य का कॉलर पकड़ा और जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद थप्पड़ों की बौछार कर दी और उसका मोबाइल छीन लिया। जब आदित्य ने हाथ जोड़कर विनती की, तब जाकर मोबाइल लौटाया गया। मारपीट का पूरा वीडियो परिसर में खड़े किसी युवक में अपने फोन में कैद कर लिया और बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

वायरल वीडियो की जांच कर रही पुलिस, पीड़ित से नहीं मिली कोई तहरीर

इस घटना से जुड़ा वीडियो एक्स (Twitter) पर मंगलवार देर रात से वायरल होना शुरू हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद आला अधिकारियों ने PGI थाना प्रभारी को जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इंस्पेक्टर धीरेंद्र सिंह ने बताया कि अभी तक पीड़ित डिलीवरी ब्वॉय ने कोई लिखित शिकायत नहीं दी है, लेकिन वीडियो की जांच की जा रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मारपीट करने वाला शख्स जेल विभाग का अफसर बताया जा रहा है, जिसे लेकर पुलिस विभागीय सत्यापन कर रहा है।

कानूनी कार्रवाई की मांग, सुरक्षा पर सवाल

यह मामला सिर्फ डिलीवरी ब्वॉय पर हमले का नहीं, बल्कि उसकी गरिमा और सुरक्षा पर बड़ा सवाल भी है। अगर मारपीट करने वाला वास्तव में सरकारी अफसर है तो यह कानून की बड़ी अवमानना है। सोशल मीडिया पर लोग आरोपी की गिरफ्तारी और उसके खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग कर रहे हैं। अब देखना होगा कि पीड़ित तहरीर देता है या नहीं और पुलिस क्या सख्त कदम उठाती है।

1 / 6
Your Score0/ 6
Hemendra Tripathi
ABOUT THE AUTHOR

Hemendra Tripathi

Hemendra Tripathi is a former Reporter at Newstrack.com.

Next Story