TRENDING TAGS :
Lucknow में 'बिजली चोरी' पकड़ने गई टीम पर हमला, JE को बेल्चे से पीटा, खूंखार कुत्ते से कटवाने का किया प्रयास
Lucknow News: घटना के बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों में भयंकर रूप से आक्रोश फैल गया।
Lucknow electricity theft case
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बिजली चोरी की जांच करने पहुंची बिजली विभाग की टीम पर हमला किए जाने का बड़ा सनसनीखेज मामला सामने आया है। जानकीपुरम इलाके में एक प्रॉपर्टी डीलर के यहां छापेमारी करने गई टीम के साथ जमकर मारपीट की गई। मामले में आरोप है कि अवर अभियंता (JE) पर लात-घूंसों और लोहे के बेल्चे से जमकर हमला किया गया, वहीं पालतू कुत्ते से कटवाने की भी कोशिश की गयी। घटना के बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों में भयंकर रूप से आक्रोश फैल गया।
क्या है पूरा मामला ?
सामने आयी जानकारी के अनुसार, इंदिरानगर के सर्वोदय नगर निवासी अशोक कुमार वर्मा विद्युत विभाग में अवर अभियंता (JE रेड) के पद पर तैनात हैं। बीते बुधवार शाम 4 बजे के आसपास वह अपनी टीम के साथ जानकीपुरम थाना क्षेत्र के नहर रोड स्थित ‘वंशिका प्रॉपर्टी’ के मालिक अजय दीक्षित के यहां बिजली चोरी की शिकायत की जांच करने पहुंचे थे। टीम में जेई राधेश्याम यादव, संविदा लाइनमैन आयुष गौर, शिवम यादव और मनीष कुमार शर्मा भी शामिल थे।
जैसे ही बिजली विभाग की टीम ने प्रॉपर्टी डीलर अजय दीक्षित से बिजली मीटर दिखाने को कहा, वह पूरी तरह से भड़क गया। आरोप है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर टीम के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर मामला हिंसक हो गया और आरोपितों ने बिजली कर्मचारियों को लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया।
पीड़ित JE अशोक कुमार वर्मा के अनुसार, आरोपितों ने उनके सिर पर लोहे के बेल्चे से जमकर हमला किया, जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गए। इतना ही नहीं, टीम के मोबाइल फोन भी छीन लिए गए। आरोप है कि अपने घर के पालतू खूंखार कुत्तों को भी टीम पर छोड़ने का प्रयास भी किया गया, जिससे मौके पर बड़ी अफरा-तफरी मच गई।
बिजली विभाग के अधिकारियों का फूटा गुस्सा
घटना की जानकारी मिलते ही बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में भयंकर गुस्सा फुट पड़ा। अधिशाषी अभियंता पंकज गुप्ता, अजय कुमार, अरुण भारती और सहायक अभियंता संतोष विश्वकर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में बिजली कर्मचारी जानकीपुरम थाने पहुंच गए। कर्मचारियों ने आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने में बड़ा हंगामा खड़ा कर दिया।
गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
मामले को लेकर ACP अलीगंज शशि प्रकाश मिश्रा ने बताया कि पीड़ित JE की तहरीर के आधार पर मुख्य आरोपित अजय दीक्षित और उसके साथियों के खिलाफ सरकारी कार्य में रुकावट डालने, मारपीट, गाली-गलौज, मोबाइल फोन छीनने और जान से मारने की धमकी देने सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।
वहीं, इंस्पेक्टर जानकीपुरम विनोद कुमार तिवारी ने बताया कि पुलिस की टीमें आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबाव बना रहे हैं। पुलिस का कहना है कि बहुत जल्द सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल घायल JE का इलाज कराया जा रहा है और मामले की जांच चल रही है।


