गोमती के बढ़ते जलस्तर से लखनऊ में जलभराव, इकाना-प्लासियो के पास राहत अभियान तेज

Lucknow Flood: लखनऊ में गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से कई इलाकों में जलभराव हुआ है। राहत अभियान के बीच एलडीए ने 26 पंपिंग सेट लगाए और प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई।

Newstrack Network
Published on: 9 Oct 2026 12:04 PM IST (Updated on: 9 Oct 2026 12:07 PM IST)
Gomti River Water Level
X

 Lucknow Flood Situation

Lucknow Flood: राजधानी में बाढ़ प्रभावित नागरिकों को राहत और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। योगी सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन, नगर निगम, एलडीए, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पुलिस प्रशासन की टीमें लगातार राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हैं। इसी क्रम में महापौर सुषमा खर्कवाल ने नगर आयुक्त गौरव कुमार के साथ विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर राहत कार्यों का जायजा लिया।

महापौर ने जोन-3 के लोहरामऊ, फैजुल्लागंज, दाऊद नगर और मिल्लत नगर सहित कई इलाकों का निरीक्षण किया। वहीं, जोन-6 के हयात नगर, सेहठा गांव और गुल्मी खेड़ा में नाव के जरिए पहुंचकर प्रभावित नागरिकों से बातचीत की और उनकी समस्याओं व जरूरतों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने लोगों को भोजन के पैकेट, पेयजल और आवश्यक दवाएं वितरित कीं। साथ ही अधिकारियों को राहत सामग्री की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रभावित इलाकों में बांटे गए 1450 से अधिक भोजन पैकेट

नगर निगम प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित बस्तियों में जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाया जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, दाऊद नगर, मामा कॉलोनी और लोहरामऊ में करीब 800 भोजन के पैकेट वितरित किए गए। इसके अतिरिक्त विभिन्न प्रभावित बस्तियों और गलियों में दिन के दोनों पहरों में 1450 से अधिक भोजन के पैकेट बांटे गए।

पहले पहर में गृह निर्माण संस्था क्षेत्र में करीब 250 पैकेट, दौलत खेड़ा और मुन्नू खेड़ा में 180, हयात नगर और लक्ष्मी हॉस्पिटल वाली गली में 150, तांड खेड़ा में 185, बरावन कला और एमसी सक्सेना के पीछे वाली गली में करीब 50 तथा हयात नगर के अन्य हिस्सों में 80 भोजन के पैकेट वितरित किए गए। वहीं, दूसरे पहर में करीब 650 पैकेट बांटे गए। मांग और जरूरत के अनुसार प्रभावित क्षेत्रों में दिन में दो समय भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।

महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित नागरिकों को स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण और पौष्टिक भोजन नियमित रूप से उपलब्ध कराया जाए।

हेल्थ कैंप और कंट्रोल रूम का भी किया निरीक्षण

महापौर ने प्रभावित क्षेत्र में स्थापित हेल्थ कैंप का निरीक्षण कर दवाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने डॉक्टरों और स्वास्थ्य टीम से फीडबैक लेते हुए बाढ़ प्रभावित लोगों को समय पर उपचार और दवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। किसी भी स्वास्थ्य संबंधी समस्या पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा।

इसके अलावा, उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए स्थापित कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर अधिकारियों से नागरिकों की ओर से प्राप्त सूचनाओं और राहत कार्यों की स्थिति की जानकारी ली।

इकाना और प्लासियो मॉल के आसपास जलनिकासी के लिए 26 पंपिंग सेट

दूसरी ओर, गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से इकाना स्टेडियम, प्लासियो मॉल और आसपास के क्षेत्रों में हुए जलभराव से निपटने के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने राहत अभियान तेज कर दिया है। जिस स्थान से गोमती का पानी योजना क्षेत्र में प्रवेश कर रहा था, वहां बोल्डर और मिट्टी डालकर मजबूत अस्थायी अवरोध बनाया गया है।

जलनिकासी के लिए 26 पंपिंग सेट लगाए गए हैं। एलडीए के अनुसार, गुरुवार शाम पांच बजे तक जलभराव की स्थिति में काफी सुधार दर्ज किया गया।

तीन शिफ्ट में 24 घंटे निगरानी, दो स्थल बंद

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार और सचिव सुशील प्रताप सिंह ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके बाद अलग-अलग पॉकेट में मैनपावर में डेढ़ गुना वृद्धि की गई।

निगरानी और किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए एलडीए के अधिकारी, अभियंता और कर्मचारी तीन शिफ्ट में 24 घंटे ड्यूटी कर रहे हैं। सुरक्षा के मद्देनजर सीजी सिटी अर्बन वेटलैंड और नौसेना शौर्य वाटिका को अग्रिम आदेशों तक आगंतुकों के लिए बंद कर दिया गया है।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story