TRENDING TAGS :
लखनऊ में EV बाइक शॉप में भीषण आग, देखते ही देखते दो दुकानें भी चपेट में, मौके पर 10 दमकल गाड़ियां
लखनऊ के गोला बाजार में सरला एंड संस ईवी बाइक शॉप में भीषण आग लग गई, जिससे आसपास की दो दुकानें भी चपेट में आ गईं।
Lucknow Fire News: लखनऊ के गोला बाजार में स्थित एक ईवी बाइक शॉप में भीषण आग लग गई। यह घटना सदर कैंट थाना क्षेत्र की सरला एंड संस ईवी बाइक शॉप में हुई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते उसने विकराल रूप ले लिया और आसपास की दो दुकानें भी इसकी चपेट में आ गईं। आग की लपटें उठती देख इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने आग बुझाने के साथ राहत और बचाव का काम शुरू कर दिया। शुरुआती आशंका है कि बाइक की बैटरी में शॉर्ट सर्किट होने की वजह से आग लगी होगी। हालांकि, आग लगने की असली वजह की पुष्टि नहीं हुई है। आग से आसपास की दुकानों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है और दमकलकर्मी आग पर काबू पाने में जुटे रहे।
कर्मचारियों ने भागकर बचाई जान
शोरूम में आग लगते ही वहां मौजूद कर्मचारी चीखते-चिल्लाते हुए बाहर की ओर भागे। उन्होंने बाहर से ही आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें लगातार तेज होती गईं। इस दौरान शोरूम के ठीक बगल में स्थित ओम प्रकाश की बर्तन की दुकान भी आग की चपेट में आ गई। आग फैलती देख ओम प्रकाश और उनकी दुकान में मौजूद ग्राहकों ने बाहर भागकर अपनी जान बचाई।
आसपास की दुकानें कराई गईं खाली
आग की सूचना मिलने पर कैंट पुलिस और हजरतगंज के फायर स्टेशन ऑफिसर (FSO) माम चंद बडगूजर दमकल की तीन गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने तुरंत आग बुझाने का काम शुरू किया, लेकिन आग की लपटें और तेज होती गईं। हालात को देखते हुए FSO ने आसपास के फायर स्टेशनों से पांच और दमकल गाड़ियां बुला लीं।
एहतियात के तौर पर कैंट पुलिस ने आसपास की दूसरी दुकानों को भी खाली करा दिया। घटनास्थल पर बैरिकेडिंग की गई और करीब एक किलोमीटर के दायरे में लोगों की आवाजाही रोक दी गई, ताकि आग बुझाने के काम में कोई परेशानी न हो।
धुएं के बीच दमकलकर्मियों ने संभाला मोर्चा
आग बुझाने के दौरान भारी धुएं के कारण दमकलकर्मियों को सांस लेने में भी दिक्कत होने लगी। इसी बीच मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) अंकुश मित्तल भी घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने दमकल टीम के साथ मिलकर मोर्चा संभाला। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
CFO अंकुश मित्तल के मुताबिक, शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट सामने आई है। दमकल टीम ने कड़ी मेहनत करके आग को आसपास की अन्य दुकानों तक फैलने से रोक दिया। इस हादसे में किसी की जान जाने की सूचना नहीं है। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए आगे भी जांच की जाएगी।
इस घटना के कारण कुछ समय के लिए इलाके में यातायात भी प्रभावित हुआ। आग बुझने के बाद स्थिति को सामान्य करने की कोशिश की गई।


