Lucknow News: उधारी मांगना पड़ा भारी! लखनऊ में हिस्ट्रीशीटर ने नगर निगम सुपरवाइजर की थार पर बरसाई गोलियां, CCTV आया सामने

Lucknow News : उधारी मांगने पर हिस्ट्रीशीटर ने नगर निगम सुपरवाइजर पर चलाई गोली, थार कार को बनाया निशाना, पूरी घटना CCTV में कैद हुई

Hemendra Tripathi
Published on: 10 Oct 2025 3:48 PM IST (Updated on: 10 Oct 2025 3:49 PM IST)
Lucknow News: उधारी मांगना पड़ा भारी! लखनऊ में हिस्ट्रीशीटर ने नगर निगम सुपरवाइजर की थार पर बरसाई गोलियां, CCTV आया सामने
X

Lucknow Firing News

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पुलिस की ओर से दिखाई जा रही सख्ती के बावजूद स्थानीय दबंगों व हिस्ट्रीशीटरों में पुलिस या कानून व्यवस्था का कोई खास खौफ देखने को नहीं मिल रहा है। लिहाजा आए दिन खुलेआम सड़कों पर दबंगों द्वारा आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने से जुड़े अनेकों मामले सामने आ रहे हैं। अब इसी से जुड़ा एक नया मामला लखनऊ के इंदिरा नगर इलाके से सामने आया, जहां उधारी मांगना नगर निगम के सुपरवाइजर को भारी पड़ गया।

फरमान अली नामक नगर निगम के कर्मचारी पर हिस्ट्रीशीटर अदिल सिद्दीकी और उसके साथियों ने गोलियां चला दीं। गोली फरमान की थार गाड़ी में जा लगी, जबकि वह किसी तरह जान बचाकर घर में घुस गया। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई और पीड़ित ने इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पुलिस ने अदिल सिद्दीकी, युवराज सिंह, बाबू यादव, मुस्सु, शिवम सिंह समेत दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है।

उधारी विवाद बना गोलीकांड की वजह, सुबह सुबह सुनाई दी गोलियों की गूंज

आपको बता दें कि ये पूरी घटना लखनऊ के इंदिरानगर थाना क्षेत्र के तकरोही इलाके की है। नगर निगम में सुपरवाइजर के पद पर तैनात फरमान अली निवासी दीन दयालपुरम तकरोही ने बताया कि उन्होंने स्थानीय युवक बाबू यादव को 25 हजार रुपये उधार दिए थे। लंबे समय तक रकम न लौटाने पर जब उन्होंने पैसे मांगे तो बाबू और हिस्ट्रीशीटर आदिल सिद्दीकी ने उन्हें धमकी दी। शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे फरमान अपने दोस्त के साथ चाय पीकर लौट रहे थे, तभी बाइक सवार बदमाशों ने उनका पीछा किया और घर के पास पहुंचते ही फायरिंग कर दी। गोली फरमान की थार में जा लगी, जबकि फरमान भागकर किसी तरह घर में छिप गया।

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

फायरिंग की यह वारदात न केवल फरमान के लिए बल्कि पूरे इलाके के लिए दहशत का सबब बन गई। घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई, जिसमें बाइक सवार तीन युवक गाड़ी रोककर पिस्टल निकालते और फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं। गोलियों की आवाज से इलाके में भगदड़ मच गई। स्थानीय लोगों ने एक आरोपी शिवम सिंह को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। वहीं, फरमान ने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर न्याय की मांग की।

पुलिस जांच में जुटी, हिस्ट्रीशीटर पर शिकंजा कसने की तैयारी

इंस्पेक्टर इंदिरानगर सुनील तिवारी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर हिस्ट्रीशीटर अदिल सिद्दीकी, युवराज सिंह, बाबू यादव, मुस्सु, शिवम सिंह और दो अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपियों की लोकेशन ट्रैक कर रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। वहीं, फरमान अली और उनके परिवार में अब भी दहशत का माहौल है। घटना ने इंदिरानगर इलाके में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

1 / 4
Your Score0/ 4
Shalini Rai

Shalini Rai

Mail ID - raishalini910@gmail.com

Next Story