लखनऊ में इंस्टाग्राम पर दोस्ती, फिर मिलने पहुंचा घर, 18 लाख रुपए किए पार

लखनऊ के विकासनगर में इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर युवक ने महिला को कथित तौर पर नशीला कोल्ड ड्रिंक पिलाकर 18 लाख रुपये उड़ा दिए। कोर्ट के आदेश पर दो आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज।

Alakha Singh
Published on: 13 Nov 2026 10:16 PM IST (Updated on: 13 Nov 2026 10:17 PM IST)
लखनऊ में इंस्टाग्राम पर दोस्ती, फिर मिलने पहुंचा घर, 18 लाख रुपए किए पार
X

Lucknow Crime News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती का खौफनाक अंजाम सामने आया है। सोशल मीडिया पर पहले महिला से नजदीकियां बढ़ाईं, फिर शादी का दबाव बनाने लगा और मौका मिलते ही घर में रखे 18 लाख रुपये लेकर फरार हो गया। आरोप है कि मध्य प्रदेश से आए युवक ने अपने साथी के साथ मिलकर महिला को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया और वारदात को अंजाम दिया। होश आने पर महिला ने घर में रखी रकम गायब देखी तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई।

लखनऊ के विकासनगर इलाके में हुई इस घटना में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता का आरोप है कि रकम वापस मांगने पर आरोपी ने उसे गाली-गलौज करते हुए धमकाया भी।

मौसी के बेटे से बातचीत सुनकर बनाई रकम पर नजर

मूल रूप से झारखंड के कोडरमा की रहने वाली 29 वर्षीय लक्ष्मी मोदी विकासनगर के सेक्टर-C सबौली में रहती हैं। पीड़िता के मुताबिक, उनकी इंस्टाग्राम पर मध्य प्रदेश के सागर निवासी सौरभ यादव से दोस्ती हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच फोन पर बातचीत बढ़ने लगी और सौरभ का उनके घर भी आना-जाना शुरू हो गया।

पीड़िता का आरोप है कि एक दिन जब उनकी मौसी का बेटा दीपक घर आया था, तब उसने अपनी बहन की शादी के लिए 18 लाख रुपये सुरक्षित रखने के लिए लक्ष्मी को दिए थे। इस दौरान सौरभ ने मोबाइल पर दोनों की बातचीत सुन ली थी। आरोप है कि इसके बाद से ही उसकी नजर घर में रखी नकदी पर थी।

शादीशुदा होने के बावजूद बनाने लगा शादी का दबाव

लक्ष्मी के मुताबिक, सौरभ उन पर शादी करने का दबाव बनाने लगा था। उन्होंने उसे साफ बताया था कि वह पहले से शादीशुदा हैं और उनके दो छोटे बच्चे भी हैं। इसके बावजूद सौरभ का उनके घर आना-जाना जारी रहा।

तीन घंटे घर में रहा आरोपी, फिर नशीला पदार्थ पिलाकर फरार

पीड़िता की शिकायत के अनुसार, 27 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 12 बजे सौरभ अपने साथी श्यामनाम देव के साथ उनके घर पहुंचा। दोनों आरोपी करीब तीन घंटे तक घर में मौजूद रहे।

इसी दौरान सौरभ ने कथित तौर पर कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर लक्ष्मी को पिला दिया। इसके बाद महिला बेसुध हो गई। आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर सौरभ और उसका साथी घर में रखे 18 लाख रुपये लेकर फरार हो गए।

कुछ समय बाद जब लक्ष्मी को होश आया तो उन्होंने घर में रखा बक्सा खुला पाया। उसमें रखी 18 लाख रुपये की नकदी गायब थी। यह देखकर उनके होश उड़ गए।

रुपये मांगने पर गाली-गलौज और धमकी का आरोप

पीड़िता ने सौरभ को फोन कर रकम वापस मांगी तो शुरुआत में वह आश्वासन देकर मामले को टालता रहा। इसके बाद लक्ष्मी ने सौरभ के चाचा गब्बर से संपर्क किया। आरोप है कि वहां से उन्हें जानकारी मिली कि रुपये शिवानी यादव के पास रखे हुए हैं।

हालांकि, जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो सौरभ ने कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी और उन्हें धमकाया। पीड़िता का कहना है कि उन्होंने स्थानीय थाने से लेकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों तक शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया।

कोर्ट के आदेश पर दो आरोपियों के खिलाफ FIR

मामले में न्यायालय के आदेश के बाद विकासनगर पुलिस ने सौरभ यादव और श्यामनाम देव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। विकासनगर थाना प्रभारी आलोक सिंह के मुताबिक, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती को लेकर फिर उठे सवाल

यह मामला सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती और निजी जानकारियां साझा करने के जोखिम को भी उजागर करता है। साइबर अपराधों में कई बार अपराधी पहले भरोसा जीतते हैं और फिर इसी भरोसे का इस्तेमाल आर्थिक नुकसान पहुंचाने के लिए करते हैं।

विशेषज्ञों की सलाह है कि सोशल मीडिया पर बने नए परिचितों के साथ घर की नकदी, संपत्ति, बैंकिंग जानकारी और पारिवारिक परिस्थितियों जैसी संवेदनशील जानकारियां साझा करने से बचना चाहिए। किसी भी संदिग्ध घटना की स्थिति में तत्काल पुलिस और साइबर हेल्पलाइन 1930 से संपर्क करना चाहिए।

Alakha Singh
ABOUT THE AUTHOR

Alakha Singh

alakhsingh2025@hotmail.com

Alakha Singh is a Senior journalist with having more than one decade of experience in digital media. Alakha Singh has covered Loksabha Elections 2014 and 2019 closely with the several state assembly elections. He has expertise in SEO oriented content writing on various topics and issues. At HT Digital Alakha Singh has been recognised as one of the top performer of the team for many years continuously. At Livehindustan Alakha has worked on National, States and Utility beats (Career Beat in last 4 years mainly), Earlier he worked with HT Digital for more than 8 years and 2.5 years with Amar Ujala web. In initial days of his career Alakha Singh also worked as a reporter (stringer) with NBT Gurgaon. He pursued P.G. Diploma in Journalism from South Campus, University of Delhi in 2013 and MAMC from Kurukshetra University in 2014. He Belongs to District Banda of Uttar Pradesh.

Next Story