लखनऊ की जेलों में कैदियों की सुरक्षा पर उठे सवाल, दो मौतों के बाद NHRC ने मांगा हिसाब

NHRC Notice: लखनऊ की जिला जेल और आदर्श कारागार में छह दिनों के भीतर दो कैदियों की आत्महत्या के मामलों पर NHRC ने स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने जेल महानिदेशक और जिलाधिकारी से दो सप्ताह में रिपोर्ट मांगी है। वहीं, 24 घंटे के भीतर सूचना नहीं देने पर अधिकारियों से जवाब तलब किया है।

Ashutosh Tripathi
Published on: 28 Nov 2026 11:32 AM IST
NHRC Notice
X

  NHRC Notice 

NHRC Notice: लखनऊ की जेलों में बंद कैदियों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। महज छह दिनों के अंतराल में शहर की दो अलग-अलग जेलों में कैदियों के आत्महत्या करने की घटनाएं सामने आईं। इन मामलों को राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने गंभीरता से लेते हुए स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने उत्तर प्रदेश के जेल महानिदेशक और लखनऊ के जिलाधिकारी को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। इतना ही नहीं, हिरासत में मौत की सूचना 24 घंटे के भीतर नहीं देने पर भी आयोग ने संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया है।

आयोग ने मीडिया रिपोर्ट्स के आधार पर 19 नवंबर को लखनऊ जिला कारागार और 25 नवंबर को आदर्श कारागार में हुई घटनाओं का संज्ञान लिया है। NHRC का कहना है कि यदि रिपोर्ट में सामने आए तथ्य सही हैं तो ये मामले बंदियों के मानवाधिकारों के उल्लंघन से जुड़े बेहद गंभीर प्रकरण हैं।

सुबह गिनती में मिला, 15 मिनट बाद बाथरूम में लटका मिला शव

इन दोनों घटनाओं में दूसरी घटना 25 नवंबर को लखनऊ के आदर्श कारागार में हुई थी। यहां बंद राजू उर्फ अब्बास उर्फ असलम ने कथित तौर पर बैरक के पीछे बने बाथरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उसने फटी हुई चादर से फंदा बनाया था।

राजू मूल रूप से बस्ती जिले के लालगंज क्षेत्र के बनकटी का रहने वाला था और नोएडा के सेक्टर-20 स्थित हरौला में रह रहा था। पत्नी की हत्या के मामले में गौतमबुद्ध नगर की अदालत ने उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। इसके बाद 29 अक्टूबर को उसे आदर्श कारागार में शिफ्ट किया गया था।

घटना वाले दिन सुबह करीब छह बजे नियमित गिनती के दौरान राजू अपनी बैरक में मौजूद था। लेकिन इसके लगभग 15 मिनट बाद जब दोबारा बंदियों की गिनती की गई तो वह अपनी जगह पर नहीं मिला। जेल प्रशासन ने उसकी तलाश शुरू की तो बैरक के पीछे बाथरूम में उसका शव पाइप से लटका हुआ मिला।

लापरवाही के आरोप में डिप्टी जेलर समेत दो कर्मचारी निलंबित

आदर्श कारागार में हुई इस घटना के बाद जेल प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठे थे। शुरुआती जांच में ड्यूटी के दौरान लापरवाही सामने आने पर अनलॉकिंग प्रभारी डिप्टी जेलर मदन गोपाल और बैरक प्रभारी जेल वार्डर राजेश कुमार को निलंबित कर दिया गया था। इसके अलावा एक अन्य जेल वार्डर अतीक अहमद के खिलाफ भी अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की गई थी।

इससे पहले 19 नवंबर को लखनऊ जिला कारागार में भी एक विचाराधीन बंदी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। लगातार दो जेलों में ऐसी घटनाएं होने के बाद बंदियों की सुरक्षा और जेलों के भीतर निगरानी व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।

24 घंटे में सूचना क्यों नहीं दी? NHRC ने मांगा जवाब

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने दोनों घटनाओं के साथ एक और गंभीर चूक पर सवाल उठाए हैं। आयोग के नियमों के मुताबिक, हिरासत में किसी व्यक्ति की मौत होने पर संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी 24 घंटे के भीतर NHRC को देनी होती है। लेकिन लखनऊ की जिला जेल और आदर्श कारागार में हुई दोनों घटनाओं की सूचना आयोग को निर्धारित समय में नहीं भेजी गई।

इस पर आयोग ने संबंधित अधिकारियों से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। अधिकारियों को बताना होगा कि हिरासत में मौत के मामलों की जानकारी समय पर क्यों नहीं दी गई।

इसके साथ ही जेल महानिदेशक और लखनऊ के जिलाधिकारी को दो सप्ताह के भीतर दोनों घटनाओं की विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। अब आयोग की कार्रवाई के बाद जेल प्रशासन की निगरानी व्यवस्था और अधिकारियों की जवाबदेही पर सबकी नजर है।

Ashutosh Tripathi
ABOUT THE AUTHOR

Ashutosh Tripathi

Chief Photojournalist Mail ID - tripathiashutosh88@gmail.comtripathiashutosh88@gmail.com

आशुतोष त्रिपाठी जन्म 17 अप्रैल 1988 एक भारतीय फोटोग्राफर और फोटो जर्नलिस्ट हैं। पत्रकारिता जीवन की शुरुआत बतौर रिपोर्टर वॉइस ऑफ़ मूवमेंट में हुई, इसके बाद 2013 में नव भारत टाइम्स में एक युवा फोटो जर्नलिस्ट के रूप में कार्यरत थे। आशुतोष त्रिपाठी ने 2007 में एमिटी विश्वविद्यालय से मास्टर इन जर्नलिस्म एंड मास कम्युनिकेशन का कोर्स किया। 2010 में वौइस् ऑफ मूवमेंट अखबार में बतौर रिपोर्टर तीन साल काम किया। इसके बाद 2013 में नव भारत टाइम्स में एक युवा फोटो जर्नलिस्ट के रूप में कार्यरत थे। 2014 में एक फोटोग्राफर बने और एक साल बाद दैनिक भास्कर उत्तर प्रदेश में सीनियर फोटोजर्नलिस्ट के रूप में कार्यरत रहे। 2016 से लगातार newstrack.com में चीफ फोटोजर्नलिस्ट के पद पर कार्यरत हैं। 2015 में एक इनके द्वारा की गयी एक बुजुर्ग टाइपिस्ट की स्टोरी ने पूरी दुनिया ख्याति प्राप्त की। 2016 में इन्हें पत्रकारिता जगत में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए नारद पुरुस्कार से सम्मानित किया गया था । 2017 में फोटोग्राफी क्लब ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित इंटरनेशनल फोटोग्राफी कम्पटीशन में इन्होंने दूसरा स्थान हासिल किया । 2019 में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित कुंभ फोटोग्राफी प्रतियोगिता में इन्होंने तृतीय पुरुस्कार मिला था ।।

Next Story