TRENDING TAGS :
बाल-बाल टला बड़ा संकट! लखनऊ से कोलकाता जा रहे इंडिगो फ्लाइट में आई खराबी, केशव मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत यात्री फंसे रहे
Lucknow News: दोनों नेता लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा (अमौसी एयरपोर्ट) से कोलकाता जा रही इंडिगो की फ्लाइट में सवार थे।
Lucknow News (photo: social media)
Lucknow News: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को एक बार फिर विमान में तकनीकी खराबी के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। इस बार उनके साथ प्रदेश के दूसरे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी मौजूद थे। दोनों नेता लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा (अमौसी एयरपोर्ट) से कोलकाता जा रही इंडिगो की फ्लाइट में सवार थे। उड़ान से पहले विमान में तकनीकी खराबी आ जाने के कारण यात्रियों को करीब 1 घंटे तक विमान के अंदर ही इंतजार करना पड़ा।
इंडिगो की फ्लाइट 6E-505 में आयी समस्या
जानकारी के अनुसार, यह मामला इंडिगो की फ्लाइट 6E-505 का है। उड़ान की तैयारी के दौरान विमान में तकनीकी दिक्कतें सामने आई, जिसके बाद सुरक्षा को गंभीरता से लेते हुए विमान को रनवे पर ही रोक दिया गया। इस दौरान विमान में मौजूद यात्रियों के बीच कुछ वक़्त के लिए अफरा-तफरी का माहौल भी देखने को मिला।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
विमान में प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्रियों की मौजूदगी की वजह से एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां भी तत्काल अलर्ट हो गईं। इस घटना की जानकारी मिलते ही इंडिगो की इंजीनियरिंग टीम मौके पर पहुंची और विमान की गहन जांच शुरू की। करीब एक घंटे तक चली जांच के बाद इंजीनियरों ने विमान को उड़ान के लिए सुरक्षित घोषित कर दिया।
फ्लाइट में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक मौजूद थे
तकनीकी क्लीयरेंस की जानकारी मिलने के बाद सुबह करीब 7 बजकर 40 मिनट पर विमान ने लखनऊ से कोलकाता के लिए उड़ान भरी। इसके बाद यात्रियों और विमान में मौजूद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। बताया जा रहा है कि डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक किसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कोलकाता जा रहे थे। हालांकि, तकनीकी समस्या के कारण उनकी यात्रा थोड़ी देर के लिए प्रभावित हो गई।
पहले भी बड़ी दुर्घटना से बाल-बाल बचे थे केशव मौर्य
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले भी केशव प्रसाद मौर्य एक बड़ी दुर्घटना से बाल-बाल बच गए थे। दरअसल, शनिवार को जब वे हेलीकॉप्टर से कौशांबी जा रहे थे, तब उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद हेलीकॉप्टर के केबिन में अचानक धुआं भरने लगा। स्थिति को देखते हुए पायलट ने तत्काल अमौसी एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करवाई।
बता बड़े, पायलट की सतर्कता के कारणों से हेलीकॉप्टर को सुरक्षित उतार लिया गया और इस घटना में केशव प्रसाद मौर्य पूरी तरह सुरक्षित रहे। फिलहाल हेलीकॉप्टर में आई तकनीकी खराबी की जांच जारी है।


