TRENDING TAGS :
अवैध डेयरियों पर नगर निगम का शिकंजा, 32 पशु पकड़े; नालियां चोक कर जलभराव बढ़ाने वालों पर कार्रवाई
Lucknow: लखनऊ नगर निगम ने अवैध डेयरियों और सार्वजनिक स्थानों पर घूम रहे पशुओं के खिलाफ अभियान चलाकर 32 पशुओं को पकड़ा। जलभराव, गंदगी और मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम पर जोर।
Lucknow Municipal Corporation
Lucknow: शहर में अवैध रूप से संचालित डेयरियों और सार्वजनिक स्थानों पर घूमने वाले पशुओं के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार को जोन-6 में नगर निगम की टीम ने विशेष अभियान चलाकर 32 पशुओं को पकड़कर ठाकुरगंज कांजी हाउस में निरुद्ध कराया। पकड़े गए पशुओं में 16 गाय और 16 भैंस शामिल हैं।
नगर निगम के पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा के निर्देश पर प्रवर्तन दल और कैटिल कैचिंग दस्ते ने संयुक्त रूप से यह अभियान चलाया। टीम ने बालागंज, कैंपबेल रोड, ठाकुरगंज और हरदोई रोड समेत आसपास के इलाकों में कार्रवाई की। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर घूम रहे पशुओं के साथ-साथ अवैध रूप से संचालित दूध डेयरियों को भी निशाने पर लिया गया।
नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक, क्षेत्र में संचालित कुछ डेयरियों से निकलने वाला गोबर और अन्य अपशिष्ट नालियों में डाला जा रहा था। इसके चलते नालियां चोक होने से बरसात के दौरान जलभराव की समस्या बढ़ने की आशंका थी। वहीं, नालियों में गंदगी और जमा पानी के कारण मच्छरों के पनपने का खतरा भी बढ़ रहा था।
अधिकारियों का कहना है कि जलभराव और गंदगी से डेंगू, मलेरिया समेत अन्य मच्छरजनित बीमारियों के प्रसार की आशंका रहती है। ऐसे में जनस्वास्थ्य और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए अवैध डेयरियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।
डॉ. अभिनव वर्मा ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से डेयरी संचालित करने, नालियों को बाधित करने अथवा पशुओं को खुले में छोड़ने से आम लोगों को परेशानी होती है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर में अवैध डेयरियों के खिलाफ नगर निगम का अभियान आगे भी जारी रहेगा।


