Lucknow में रक्षा मंत्री राजनाथ और CM योगी ने किया ‘नौसेना शौर्य वाटिका’ का लोकार्पण, INS गोमती बनेगा आकर्षण का केंद्र

Lucknow News: लगभग 19 करोड़ रुपये की लागत से 2 एकड़ से ज्यादा क्षेत्र में तैयार की गई यह वाटिका देशभक्ति और सैन्य गौरव का अनूठा प्रतीक बनेगी।

Priya Singh Bisen
Published on: 30 May 2026 1:52 PM IST (Updated on: 30 May 2026 2:02 PM IST)
Lucknow News
X

Lucknow News (PHOTO: Newstrack)

Lucknow News: लखनऊ को एक और गौरवशाली पहचान मिल गई है। आज 30 मई 2026 यानी शनिवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजधानी में विकसित ‘नौसेना शौर्य वाटिका’ का भव्य लोकार्पण किया।


भारतीय नौसेना के शौर्य, पराक्रम और आधुनिक तकनीकी क्षमता को समर्पित यह ओपन म्यूजियम सीजी सिटी में इकाना क्रिकेट स्टेडियम के गेट नंबर-5 के पास विकसित किया गया है। लगभग 19 करोड़ रुपये की लागत से 2 एकड़ से ज्यादा क्षेत्र में तैयार की गई यह वाटिका देशभक्ति और सैन्य गौरव का अनूठा प्रतीक बनेगी।


इस वाटिका का सबसे बड़ा आकर्षण भारतीय नौसेना का सेवानिवृत्त युद्धपोत INS गोमती है, जिसे विशेष रूप से यहां स्थापित किया गया है। साल 2022 में नौसेना सेवा से सेवानिवृत्त हुए इस युद्धपोत को अब आम नागरिक और पर्यटक बहुत निकट से देख सकेंगे।


इसके अलावा यहां प्रदर्शित किए गए युद्धपोतों के उपकरण और सैन्य हथियार पूरी तरह वास्तविक और मूल हैं, जो लोगों को भारतीय नौसेना की ताकत और तकनीकी दक्षता से परिचित कराएंगे।

सुरक्षा और विकास एक-दूसरे के पूरक: CM योगी


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लखनऊ अब देश की विरासत, संस्कृति, परंपरा और गौरव का केंद्र बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य के विकास के लिए मजबूत सुरक्षा व्यवस्था बेहद आवश्यक होती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि साल 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में पेशेवर माफिया विकास के रास्ते में बड़ी बाधा थे, लेकिन अब कानून व्यवस्था में व्यापक सुधार हुआ है और राज्य तेजी से प्रगति कर रहा है।


उन्होंने यह भी कहा कि देश की सुरक्षा को चुनौती देने वालों को उसी भाषा में जवाब देना आवश्यक है, जिसके लिए भारतीय सेनाएं लगातार कार्य कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने सेना से जुड़े विकास और स्मारक परियोजनाओं को पूरा सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।

UP की बदली तस्वीर: राजनाथ सिंह


रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश की पहचान “वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया” जैसी नकारात्मक छवि से जुड़ गई थी, लेकिन आज प्रदेश की तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने कानून व्यवस्था को मजबूत कर निवेशकों का भरोसा बढ़ाया है।


राजनाथ सिंह ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश “वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट” जैसी सकारात्मक पहल के लिए जाना जाता है। उन्होंने बताया कि नौसेना शौर्य वाटिका केवल एक पार्क नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का केंद्र है। उन्होंने रिकॉर्ड समय में इस परियोजना को पूरा करने के लिए राज्य सरकार की सराहना की।

उपमुख्यमंत्रियों ने भी रखे विचार

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि लखनऊ हमेशा से वीरता और बलिदान की धरती रहा है। वहीं उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सुझाव दिया कि प्रयागराज में आयोजित होने वाले कुंभ और महाकुंभ मेले के दौरान भारतीय नौसेना की विशेष प्रदर्शनी लगाई जानी चाहिए, ताकि देश-विदेश से आने वाले लोग नौसेना की शक्ति और उपलब्धियों को करीब से जान सकें।


बता दे, नौसेना शौर्य वाटिका के उद्घाटन के साथ ही लखनऊ को एक नया पर्यटन और प्रेरणा केंद्र मिला है, जो युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना जगाने के साथ-साथ भारतीय सशस्त्र बलों के योगदान से भी परिचित कराएगा।




Priya Singh Bisen

Priya Singh Bisen

Content Writer Mail ID - Priyasinghbisen96@gmail.com

Priya Singh Bisen is a Content Writer at Newstrack.com.

Next Story