TRENDING TAGS :
Lucknow News: लखनऊ में घर-घर गूंजे 'जय माता दी' के जयकारे: श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ कन्या पूजन
Lucknow News: लखनऊ में महाअष्टमी और महानवमी पर घर-घर कन्या पूजन हुआ। श्रद्धालुओं ने हलवा-पूरी का भोग लगाकर कन्याओं के चरण पूजे और उपहार भेंट कर आशीर्वाद लिया।
Lucknow Kanya Pujan (Image Credit-Ashutosh Tripathi)
Lucknow News: लखनऊ में नवरात्र के पावन पर्व पर महाअष्टमी और महानवमी के मौके पर घर-घर में कन्या पूजन की अनूठी छटा देखने को मिली। सुबह तड़के से ही शहर की गलियों और बहुमंजिला सोसायटियों में नन्हीं कन्याओं के स्वागत के लिए श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। श्रद्धालुओं ने नौ दुर्गा के स्वरूप में कन्याओं को आदरपूर्वक अपने घर बुलाकर उनका पूजन किया और आशीर्वाद लिया।
भोर से ही शुरू हुईं तैयारियां, हलवा-पूरी की महक से महके घर
शहर के गोमती नगर, इंदिरानगर, अलीगंज, राजाजीपुरम, चौक, आशियाना और जानकीपुरम समेत तमाम इलाकों में सुबह से ही चहल-पहल रही। परिवारों ने व्रत के समापन के साथ मां भगवती को अर्पित करने के लिए पारंपरिक भोग—काले चने, सूजी का हलवा, पूरी और खीर तैयार की। इसके बाद मोहल्ले और आसपास की 2 से 10 वर्ष तक की कन्याओं को आदरपूर्वक आमंत्रित किया गया।
चरण पखारकर लगाया रोली-तिलक, भेंट किए उपहार
श्रद्धालुओं ने सबसे पहले थाल में जल लेकर देवी रूपी कन्याओं के चरण पखारे। इसके बाद उन्हें स्वच्छ आसन पर बिठाकर माथे पर रोली-चंदन और अक्षत का टीका लगाया तथा हाथों में कलावा बांधा। विधि-विधान से आरती उतारने के बाद कन्याओं को प्रेमपूर्वक प्रसाद परोसा गया। पूजन परंपरा के अनुसार नौ कन्याओं के साथ एक छोटे बालक को 'बटुक भैरव' के रूप में बिठाकर उनकी भी पूजा की गई। भोजन के उपरांत श्रद्धालुओं ने कन्याओं को लाल चुनरी, फल, स्टेशनरी किट, टिफिन बॉक्स, खिलौने और नकद दक्षिणा देकर उनके चरण स्पर्श किए।
अपार्टमेंट्स से लेकर पुरानी बस्तियों तक दिखी रौनक
गोमती नगर विस्तार और वृंदावन योजना की बहुमंजिला सोसायटियों में लोगों ने सामूहिक रूप से भी कन्या पूजन के प्रबंध किए, जहां क्लब हाउस और परिसरों में एक साथ कई परिवारों ने बालिकाओं का सत्कार किया। वहीं पुराने लखनऊ के चौक, यहियागंज और अमीनाबाद की पारंपरिक गलियों में कन्याओं को अपने घर बुलाने के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया। दिन चढ़ने के साथ रंग-बिरंगे कपड़ों में सजी, हाथों में उपहार और दक्षिणा लिए बालिकाओं की टोलियां शहर की हर सड़क और गली में उत्सव का उल्लास बिखेरती नजर आईं


