12 साल के छात्र को अलग ले जाकर पीटा? हेड टीचर पर गंभीर आरोप, टूटा बच्चे का दांत; FIR दर्ज

लखनऊ के निजी स्कूल में 12 वर्षीय छात्र की पिटाई का मामला सामने आया है। हेड टीचर पर मुक्के मारने से बच्चे का दांत टूटने का आरोप है। FIR दर्ज।

Ashutosh Tripathi
Published on: 25 Aug 2026 4:42 PM IST (Updated on: 25 Aug 2026 4:56 PM IST)
12 साल के छात्र को अलग ले जाकर पीटा? हेड टीचर पर गंभीर आरोप, टूटा बच्चे का दांत; FIR दर्ज
X

Lucknow School News: लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र स्थित एक निजी स्कूल में कक्षा छह के छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल के हेड टीचर ने छात्र को स्कूल परिसर में एकांत स्थान पर ले जाकर उसके चेहरे पर कई मुक्के मारे। मारपीट में छात्र का एक दांत टूट गया और उसके मुंह में गंभीर चोट आई। घटना के बाद परिजनों की शिकायत पर पीजीआई पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

छुट्टी के बाद छात्र को अलग ले जाने का आरोप

मामला सेंवई गांव स्थित वृंदावन पब्लिक स्कूल का बताया जा रहा है। मोहनलालगंज नगर पंचायत अध्यक्ष राजेश कुमार का 12 वर्षीय बेटा शशांक राय यहां कक्षा छह में पढ़ता है और पढ़ाई के कारण अपने फूफा के घर सेंवई गांव में रहता है।

परिजनों की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, सोमवार को स्कूल में शशांक का कुछ अन्य छात्रों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि स्कूल की छुट्टी के बाद हेड टीचर शिव मंगल छात्र को परिसर के ऐसे हिस्से में ले गए, जहां सीसीटीवी कैमरे की निगरानी नहीं थी।




चेहरे पर कई मुक्के मारने का आरोप

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वहां शिक्षक ने छात्र के साथ मारपीट शुरू कर दी। छात्र के चेहरे पर चार-पांच मुक्के मारे गए। मारपीट के दौरान उसके मुंह में गंभीर चोट आई और एक दांत टूट गया। इसके बाद छात्र किसी तरह घर पहुंचा।

घर पहुंचने पर बच्चे के मुंह से खून निकलता देखकर परिजन घबरा गए। छात्र ने परिजनों को पूरी घटना बताई। आरोप है कि शिक्षक ने उसे घटना के बारे में किसी को बताने पर दोबारा मारने की धमकी भी दी थी।

शिकायत के बाद हरकत में आई पुलिस

बच्चे के साथ हुई घटना की जानकारी मिलने के बाद उसके पिता राजेश कुमार ने पीजीआई थाने में शिकायत दी। पुलिस ने छात्र का चिकित्सकीय परीक्षण कराया और तहरीर के आधार पर हेड टीचर शिव मंगल के खिलाफ बीएनएस की धारा 117(2) और 351(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।

पुलिस के मुताबिक मामले की जांच उपनिरीक्षक को सौंपी गई है। पुलिस स्कूल में हुई घटना से जुड़े तथ्यों, छात्र के मेडिकल परीक्षण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। आरोपी शिक्षक पर लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी।

Ashutosh Tripathi
ABOUT THE AUTHOR

Ashutosh Tripathi

Chief Photojournalist Mail ID - tripathiashutosh88@gmail.comtripathiashutosh88@gmail.com

आशुतोष त्रिपाठी जन्म 17 अप्रैल 1988 एक भारतीय फोटोग्राफर और फोटो जर्नलिस्ट हैं। पत्रकारिता जीवन की शुरुआत बतौर रिपोर्टर वॉइस ऑफ़ मूवमेंट में हुई, इसके बाद 2013 में नव भारत टाइम्स में एक युवा फोटो जर्नलिस्ट के रूप में कार्यरत थे। आशुतोष त्रिपाठी ने 2007 में एमिटी विश्वविद्यालय से मास्टर इन जर्नलिस्म एंड मास कम्युनिकेशन का कोर्स किया। 2010 में वौइस् ऑफ मूवमेंट अखबार में बतौर रिपोर्टर तीन साल काम किया। इसके बाद 2013 में नव भारत टाइम्स में एक युवा फोटो जर्नलिस्ट के रूप में कार्यरत थे। 2014 में एक फोटोग्राफर बने और एक साल बाद दैनिक भास्कर उत्तर प्रदेश में सीनियर फोटोजर्नलिस्ट के रूप में कार्यरत रहे। 2016 से लगातार newstrack.com में चीफ फोटोजर्नलिस्ट के पद पर कार्यरत हैं। 2015 में एक इनके द्वारा की गयी एक बुजुर्ग टाइपिस्ट की स्टोरी ने पूरी दुनिया ख्याति प्राप्त की। 2016 में इन्हें पत्रकारिता जगत में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए नारद पुरुस्कार से सम्मानित किया गया था । 2017 में फोटोग्राफी क्लब ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित इंटरनेशनल फोटोग्राफी कम्पटीशन में इन्होंने दूसरा स्थान हासिल किया । 2019 में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित कुंभ फोटोग्राफी प्रतियोगिता में इन्होंने तृतीय पुरुस्कार मिला था ।।

Next Story