TRENDING TAGS :
सिलेंडरों के धमाकों से दहला विकास नगर, टेढ़ी पुलिया के पास झोपड़ पट्टी स्वाहा, 30 बच्चे लापता, मौके पर कोहराम
Lucknow News: लखनऊ के टेढ़ी पुलिया इलाके में झुग्गियों में भीषण आग, कई गैस सिलेंडर ब्लास्ट से मची दहशत। फायर ब्रिगेड मौके पर, राहत-बचाव कार्य जारी।
Lucknow News: लखनऊ के सेक्टर 14 विकासनगर इलाके में टेढ़ी पुलिया इलाके के पास स्थित झुग्गी-झोपड़ियों में बुधवार को भीषण आग लग गई। लगभग 30 बच्चे लापता बताये जा रहे हैं। आग लगते ही कोहराम मच गया जो जहां था जान बचाने के लिए भागा। आग इतनी भयावह थी कि कुछ ही घंटों में पूरा इलाका राख के ढेर में बदल गया।
घटना के समय अधिकांश घरों के आदमी काम पर गए हुए थे। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और एक के बाद एक कई गैस सिलेंडरों में जोरदार धमाके होने लगे। करीब 8 किलोमीटर दूर से ही आग का घना गुबार दिखाई दे रहा था, जिससे हालात की भयावहता साफ झलक रही थी। स्थानीय लोग और जिनके घरों में आग लगी, अपने बच्चों को लापता देखकर और ग्रहस्थी राख में बदल जाने पर उग्र हो गए। पुलिस प्रशासन को एक तरफ आग बुझाने और दूसरी ओर पीड़ितों को नियंत्रित करने की दोहरी चुनौती से जूझना पड़ रहा है। सूत्रों के मुताबिक चार बच्चों के जलने की खबर है, हालांकि किसी की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सिलेंडर ब्लास्ट की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा और आसपास के लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। कई परिवारों ने किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर भागकर सुरक्षित स्थानों पर शरण ली। हालांकि, शुरुआती जानकारी में किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन कई झोपड़ियां पूरी तरह जलकर राख हो गई हैं।
सिलेंडर ब्लास्ट ने बढ़ाई तबाही
आग लगने के बाद सबसे बड़ा खतरा गैस सिलेंडरों के लगातार फटने से पैदा हुआ। एक के बाद एक हो रहे धमाकों ने आग को और भड़काने का काम किया, जिससे हालात और भी गंभीर हो गए। दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार, झुग्गियों में रखे घरेलू गैस सिलेंडर आग की चपेट में आने से ब्लास्ट हो रहे थे, जिससे आग पर काबू पाना चुनौतीपूर्ण हो गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आग लगने की वजह शुरुआती तौर पर गैस रिसाव मानी जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने का काम शुरू कर दिया गया। दमकल कर्मी कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं। आसपास के इलाकों को खाली करा लिया गया है ताकि किसी तरह की जनहानि को रोका जा सके। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे मौके से दूर रहें और राहत कार्य में बाधा न डालें।
वहीं, एंबुलेंस और राहत टीमों को भी अलर्ट पर रखा गया है। फिलहाल आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं और प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि प्रभावित परिवारों के सामने अब अपने आशियाने को दोबारा खड़ा करने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।
मौके पर पीड़िता का खुला आरोप
लखनऊ में भीषण आग पर CM योगी सख्त
लखनऊ में रिंग रोड के पास झोपड़ियों में लगी भीषण आग की घटना का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तुरंत संज्ञान लिया है। उन्होंने अधिकारियों को मौके पर राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए हैं। सीएम ने स्पष्ट कहा है कि प्रभावित लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए और हर संभव मदद मुहैया कराई जाए, वहीं प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर लगातार राहत कार्य में जुटी हुई हैं। डिप्टी सीएम मौके पर भी गए, उन्होंने निर्देश दिए हैं कि राहत बचाव कार्य के साथ लोगों के रहने और खाने की व्यवस्था तेजी के साथ कराई जाए, हर संभव मदद उनकी कराई जाए।
डिप्टी सीएम बृजेश पाठक
आज लखनऊ के विकास नगर में आग लगने की अत्यंत दु:खद एवं हृदयविदारक सूचना प्राप्त होने पर तत्काल घटनास्थल पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण करते हुए प्रशासनिक व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को घायल हुए लोगों को त्वरित बेहतर इलाज उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं,साथ ही घटना की उच्च स्तरीय जांच एवं जिलाधिकारी, पुलिस कमिश्नर, मुख्य विकास अधिकारी, नगर आयुक्त, एनडीआरफ एवं अन्य अधिकारियों को पीड़ित परिवारों को रहने एवं भोजन आदि की व्यवस्था तथा हर संभव सहायता करने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं।
पीड़ित परिवारों की पीड़ा, हमारी पीड़ा है,इस मुश्किल घड़ी में प्रदेश सरकार हर परिस्थिति में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।
Akhilesh Yadav ने लखनऊ के टेढ़ी पुलिया आग हादसे पर जताई चिंता
लखनऊ के टेढ़ी पुलिया इलाके में झुग्गी-झोपड़ियों में लगी भीषण आग को लेकर Akhilesh Yadav ने गहरी चिंता जताई है। उन्होंने ट्वीट कर सरकार से अपील की कि पीड़ितों के लिए तुरंत भोजन और पानी की व्यवस्था की जाए, साथ ही घायलों को तत्काल इलाज उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जिन लोगों के घर जलकर राख हो गए हैं, उनके लिए रहने की वैकल्पिक व्यवस्था जल्द से जल्द की जानी चाहिए। इसके साथ ही इस पूरे अग्निकांड की हर पहलू से गहराई से जांच होनी चाहिए और जो लोग लापता हैं, उनके बारे में हर आशंका को दूर किया जाए। अखिलेश यादव ने सभी से अपील की कि पीड़ितों तक हर संभव मदद पहुंचाई जाए, ताकि इस मुश्किल घड़ी में प्रभावित परिवारों को सहारा मिल सके।
विशाख जी अय्यर डीएम लखनऊ का बयान
विकास नगर क्षेत्र में काफी बड़ी आग की घटना हुई थी। जिसकी सूचना प्राप्त हुई थी इस पर इमरजेंसी रिस्पांस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। आग को कंट्रोल कर लिया गया है। शहर के बीच का एरिया है आज को कंट्रोल कर लिया गया है ताकि आग रियासी इलाकों में ना फैले, आग की घटना में कई लोगों की झुकी झोपड़ियां उनका सामान जल गया है। इन लोगों को हम रैन बसीरों और कल्याण मंडप में शिफ्ट कर रहे हैं, वहीं पर रहने और खाने की व्यवस्था की जा रही है। मौके पर नगर निगम रेवेन्यू फायर ब्रिगेड सीएमओ की टीम है, जो लोग यहां पर रह रहे थे उनको रेन बसेरा कल्याण मंडप में भेजा जा रहा है। जो लोग आग से झुलस गए थे उनका इलाज किया जा रहा है।


