TRENDING TAGS :
तिरंगे की शान में कदमताल… लखनऊ की सड़कों पर गूंजा भारत माता की जय
Lucknow: स्वतंत्रता दिवस से पहले लखनऊ में नगर निगम मुख्यालय से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। मेयर सुषमा खर्कवाल के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों और कर्मचारियों ने देशभक्ति के नारे लगाए।
Lucknow News
Lucknow: स्वतंत्रता दिवस से पहले बुधवार को राजधानी लखनऊ राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगी नजर आई। नगर निगम मुख्यालय से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा लेकर निकले जनप्रतिनिधियों, नगर निगम अधिकारियों और कर्मचारियों ने पूरे रास्ते देशभक्ति के नारों से माहौल को जोश से भर दिया। यात्रा के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम और हिंदुस्तान जिंदाबाद के जयघोष गूंजते रहे।
तिरंगा यात्रा का नेतृत्व मेयर सुषमा खर्कवाल ने किया। उनके साथ नगर आयुक्त गौरव कुमार, पार्षद और नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी भी तिरंगा हाथ में लेकर कदम से कदम मिलाते नजर आए। नगर निगम मुख्यालय से शुरू हुई यात्रा जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा तक पहुंची।
हर घर पर लहराए तिरंगा, हर दिल में जगे देशप्रेम
यात्रा का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चलाए जा रहे हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाना रहा। रास्ते में लोगों ने भी यात्रा का उत्साह बढ़ाया। तिरंगे के साथ आगे बढ़ते लोगों के बीच राष्ट्रभक्ति का जज्बा साफ दिखाई दिया।
मेयर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा’ महज कोई सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान, गौरव और जिम्मेदारी की भावना को प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने और अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
2022 में शुरू हुआ सफर, अब बन चुका जनअभियान
मेयर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2022 में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत की थी। इसके बाद लगातार चौथे वर्ष देशभर में लोग उत्साह के साथ अभियान का हिस्सा बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आम नागरिकों ने भी अभियान को व्यापक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
युवाओं से सोशल मीडिया पर भी देशभक्ति का संदेश देने की अपील
मेयर ने युवाओं से अभियान को और व्यापक बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि हाथ में तिरंगा लेकर चलने से केवल उत्साह ही नहीं बढ़ता, बल्कि देश के प्रति जिम्मेदारी का एहसास भी होता है। युवाओं से तिरंगा यात्रा की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करने और शहर में होने वाली तिरंगा यात्राओं में बढ़-चढ़कर शामिल होने का आह्वान किया गया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र का पर्व धर्म, जाति और राजनीतिक सीमाओं से ऊपर होता है और इसे सभी को मिलकर उत्साह के साथ मनाना चाहिए।


