'यूपी जीत गए तो हमें कोई नहीं रोक पाएगा', संविधान दिवस पर इमरान मसूद ने भरी हुंकार

Congress Samvidhan Raksha March: संविधान दिवस पर लखनऊ में मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में कांग्रेस ने संविधान रक्षा मार्च निकाला। इमरान मसूद ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले उत्तर प्रदेश जीतेंगे, फिर पूरे देश में पार्टी को आगे बढ़ाएंगे।

Rajan Kashyap
Published on: 26 Nov 2026 2:16 PM IST
Congress Samvidhan Raksha March
X

Congress Samvidhan Raksha March

Congress Samvidhan Raksha March: संविधान दिवस के मौके पर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कांग्रेस ने संविधान रक्षा मार्च निकालकर केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ अपना सियासी रुख साफ कर दिया। कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय से राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में यह मार्च निकाला गया। हालांकि, प्रशासन की ओर से मार्च को अनुमति नहीं दिए जाने की बात सामने आई, लेकिन इसके बावजूद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मार्च निकाला।

संविधान दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए कांग्रेस ने संविधान, लोकतंत्र और नागरिक अधिकारों की रक्षा का मुद्दा उठाया। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संविधान की रक्षा का संकल्प लेते हुए मार्च में हिस्सा लिया। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा सरकार संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का काम कर रही है। इसी मुद्दे को लेकर पार्टी ने केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की।


इमरान मसूद ने मोदी सरकार पर बोला हमला

संविधान रक्षा मार्च के दौरान कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने मोदी सरकार के चूल्हे हिलाने का काम किया है। उनके इस बयान को केंद्र सरकार के खिलाफ कांग्रेस के आक्रामक राजनीतिक रुख से जोड़कर देखा जा रहा है।

इमरान मसूद ने उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की जीत को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा, 'एक बार उत्तर प्रदेश जीत गए तो ये हमें रोक नहीं पाएंगे।' राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नेतृत्व का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश को मुक्त कराना है और फिर पूरे देश को मुक्त कराएंगे।


2027 विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस का सियासी संदेश

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। ऐसे समय में संविधान दिवस पर कांग्रेस का यह मार्च राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। पार्टी इस कार्यक्रम के जरिए संविधान की रक्षा, लोकतंत्र और नागरिक अधिकारों के मुद्दे को उठाकर भाजपा सरकार के खिलाफ अपने अभियान को धार देने की कोशिश कर रही है।

मार्च के दौरान इमरान मसूद के बयानों से भी कांग्रेस की आगामी चुनावी रणनीति का संकेत मिला। पार्टी उत्तर प्रदेश में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने और 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को चुनौती देने के लिए आक्रामक रुख अपनाने का संदेश दे रही है। संविधान रक्षा मार्च के जरिए कांग्रेस ने साफ किया कि आने वाले समय में संविधान और लोकतंत्र का मुद्दा उसकी राजनीतिक लड़ाई के केंद्र में रहेगा।

Rajan Kashyap
ABOUT THE AUTHOR

Rajan Kashyap

Reporter - LucknowRajan.kashyap47@gmail.com
Next Story