TRENDING TAGS :
Lucknow News: लखनऊ में सांसद खेल महाकुंभ का आगाज़, राजनाथ सिंह ने खिलाड़ियों को किया प्रोत्साहित
Lucknow News : लखनऊ में सांसद खेल महाकुंभ का भव्य शुभारंभ, राजनाथ सिंह बोले– खेलों से बनेगा मजबूत और चैंपियन भारत
Rajnath Singh Inaugurates MP Sports Mahakumbh at KD Singh Babu Stadium Lucknow
Lucknow News : राजधानी के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित सांसद खेल महाकुंभ का भव्य उद्घाटन सोमवार को देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने किया। इस मौके पर हजारों की संख्या में छात्र-छात्राएं और खिलाड़ी स्टेडियम पहुंचे और पूरे आयोजन में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रक्षामंत्री ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि आज यहां खिलाड़ियों ने शानदार परफॉर्म किया है, इसके लिए वे बधाई के पात्र हैं। उन्होंने बताया कि सांसद खेल महाकुंभ की शुरुआत पिछले वर्ष की गई थी और इस साल इसका और बेहतर संस्करण सामने आया है। उन्होंने भरोसा जताया कि यह सिलसिला आगे भी लगातार जारी रहेगा।
खेल लोगों की ज़िंदगी का अहम हिस्सा
रक्षामंत्री ने खेलों के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी देश की जीडीपी में स्पोर्ट्स का बड़ा योगदान होता है। उन्होंने अपने ऑस्ट्रेलिया दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि वहां खेल लोगों की जिंदगी का अहम हिस्सा है, जबकि भारत में अब तक खेलों को वह महत्व नहीं मिल पाया था, जिसका वह हकदार था। हालांकि पिछले 12 वर्षों में खेल के क्षेत्र में व्यापक बदलाव देखने को मिले हैं और अब भारत क्रिकेट-हॉकी तक सीमित न रहकर अन्य खेलों में भी अपनी पहचान बना रहा है।
11 वर्षों में शुरू हुआ खेलों का नया युग
उन्होंने लखनऊ की खेल परंपरा को याद करते हुए कहा कि वर्ष 1948 में यहां बड़े खेल आयोजन हुए थे और यह शहर हमेशा से खेल गतिविधियों का केंद्र रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में देश में खेलों का नया युग शुरू हुआ है और सरकार खिलाड़ियों को बेहतर मंच देने के लिए लगातार काम कर रही है। पहले जहां खेलों पर सीमित बजट खर्च होता था, वहीं अब हजारों करोड़ रुपये खेल इंफ्रास्ट्रक्चर पर लगाए जा रहे हैं, जिससे गांवों तक खेल सुविधाएं पहुंच रही हैं।
खोले गए 1000 खेलों इंडिया सेंटर
रक्षामंत्री ने कहा कि उनकी इच्छा है कि लखनऊ में विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं विकसित हों। उन्होंने बताया कि देशभर में 1000 से अधिक खेलो इंडिया सेंटर खोले जा चुके हैं और बेटियों के लिए खेलो इंडिया विमेंस लीग का आयोजन भी किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे खेलों में आगे बढ़ें और देश को चैंपियन बनाने में योगदान दें।
इस मौके पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने रक्षामंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लखनऊ में इतने बड़े खेल महाकुंभ का आयोजन गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में खेलों को बढ़ावा मिल रहा है और खेल कोटे से लगातार नौकरियों में भर्ती भी हो रही है। सांसद खेल महाकुंभ में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें लखनऊ संसदीय क्षेत्र के बेटा-बेटियां बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। आयोजन ने शहर में खेलों के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया है।


