TRENDING TAGS :
Lucknow: सनातन धर्म के अपमान पर फूंका मौलाना जर्जिस और पप्पू यादव का पुतला
Lucknow: राष्ट्रीय हिंदू रक्षा परिषद के कार्यकर्ताओं ने हिंदू देवी-देवताओं के कथित अपमान के विरोध में प्रदर्शन किया और प्रतीकात्मक पुतला दहन किया। संगठन ने दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
Lucknow News
Lucknow: राष्ट्रीय हिंदू रक्षा परिषद के कार्यकर्ताओं ने सनातन धर्म और हिंदू देवी-देवताओं के कथित अपमान के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मौलाना जर्जिस और सांसद पप्पू यादव का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया तथा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि भगवान शिव, भगवान ब्रह्मा, भगवान श्रीकृष्ण तथा प्रभु श्रीराम के सम्मान से जुड़े मुद्दों पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों से करोड़ों सनातन धर्मावलंबियों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। इसी को लेकर कार्यकर्ताओं ने विरोध दर्ज कराते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
राष्ट्रीय हिंदू रक्षा परिषद के राष्ट्रीय महासचिव मुकेश सनातनी ने कहा कि सनातन धर्म, देवी-देवताओं और धार्मिक प्रतीकों का अपमान किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में सरकार को कठोर रुख अपनाते हुए दोषियों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
प्रदर्शन के बाद संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा। ज्ञापन में सांसद पप्पू यादव, सांसद अवधेश प्रसाद और मौलाना जर्जिस के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही हजरतगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराने की भी मांग उठाई गई।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।


