TRENDING TAGS :
Lucknow News: नेशनल पीजी कॉलेज में विज्ञान ओरिएण्टेशन कार्यक्रम का आयोजन: संवाद सत्र में छात्रों ने अपनी जिज्ञासाओं का जाना समाधान
National PG College Program: नेशनल पीजी कॉलेज लखनऊ ने नवप्रवेशित बीएससी छात्रों के लिए एक विशेष विज्ञान ओरिएण्टेशन कार्यक्रम का आयोजन किया।
Lucknow News: Photo-Social Media
National PG College Program: नेशनल पीजी कॉलेज लखनऊ ने नवप्रवेशित बीएससी छात्रों के लिए एक विशेष विज्ञान ओरिएण्टेशन कार्यक्रम का आयोजन किया। जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और अनुसंधान के प्रति रुचि विकसित करना था। इस कार्यक्रम में कॉलेज के प्राचार्य, शिक्षकों और विभिन्न विभागों के विशेषज्ञों ने छात्रों को मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो. प्रबोध कुमार त्रिवेदी, निदेशक, सीएसआईआर-सीमैप, लखनऊ ने अपने संबोधन में विज्ञान के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच अपनाने और नवाचार में सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया। प्रो. त्रिवेदी ने यह भी बताया कि किस प्रकार विज्ञान के माध्यम से देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
प्राचार्य ने छात्रों को शैक्षणिक वातावरण से लाभ उठाने की सलाह दी
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कॉलेज के प्राचार्य प्रो. देवेंद्र कुमार सिंह ने सभी नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत किया। उन्होंने छात्रों को कॉलेज के शैक्षणिक और अनुसंधान वातावरण का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि विज्ञान ज्ञान का सैद्धांतिक पक्ष है और प्रौद्योगिकी व्यावहारिक जीवनोपयोगी पक्ष है। इसके साथ ही उन्होंने छात्रों से मोबाइल से दूरी बनाए रखने और ग्रुप डिस्कशन को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।
संवाद सत्र में छात्रों ने अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षकों ने छात्रों को उनके पाठ्यक्रम, प्रयोगशाला कार्य, शोध के अवसरों और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। इससे छात्रों को अपनी शैक्षिक यात्रा को सुसंगत और बेहतर तरीके से शुरू करने में मदद मिली। वहीं कार्यक्रम के अंत में एक संवाद सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने अपनी जिज्ञासाएँ साझा कीं और उत्साहपूर्वक अपने शैक्षणिक सफर की शुरुआत की। इस सत्र ने छात्रों को अपने सपनों और लक्ष्यों को स्पष्ट करने का अवसर प्रदान किया।
नव-प्रवेशित छात्रों को सम्मानित किया गया
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय ने नव आगंतुक छात्रों को उनके प्रवेश परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया। इसके साथ ही, महाविद्यालय के पूर्व छात्रों ने अपने अनुभवों को साझा किया और नवप्रवेशित विद्यार्थियों को प्रेरित किया।
महाविद्यालय के प्रमुख सदस्य और शिक्षकों की उपस्थिति
इस अवसर पर महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के प्रमुख, डॉ. अपर्णा सिंह, डॉ. भानु प्रताप, डॉ. शालिनी लाम्बा, डॉ. ज्ञानेन्द्र कुमार, डॉ. अविजीत चटर्जी, डॉ. विकास सिंह, प्रो. राकेश पाठक, प्रो. पीके सिंह, और प्रो. रामकृष्ण भी उपस्थित रहे। वहीं कार्यक्रम का संचालन वाणिज्य विभाग की प्राध्यापिका अनुराधा शर्मा ने किया।


