TRENDING TAGS :
शारदीय नवरात्रि का शुभारंभ: लखनऊ में सजे माता के दरबार, मंदिरों में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
Navratri Special: शारदीय नवरात्रि का शुभारंभ लखनऊ में भक्ति और उल्लास के साथ हुआ। मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी, पंडालों में देवी मां की झांकी सजी।
Navratri Special
Navratri Special: सनातन और हिंदू धर्म के पवित्र पर्व शारदीय नवरात्रि का शुभारंभ सोमवार से हो गया है। लखनऊ समेत पूरे देश में मां शक्ति के आगमन के साथ मंदिरों और घरों में भक्ति का माहौल छा गया है। आमतौर पर नवरात्रि नौ दिनों का होता है, लेकिन इस बार यह पर्व 10 दिनों तक चलेगा, क्योंकि 25 और 26 सितंबर दोनों दिन चतुर्थी तिथि पड़ रही है। ऐसे में 1 अक्टूबर तक मां दुर्गा के जयकारे गूंजते रहेंगे।
राजधानी लखनऊ की संध्या रोशनी से जगमगाई नजर आई। शास्त्री नगर स्थित श्री दुर्गा मंदिर से लेकर चौक की कालीबाड़ी तक आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिरों में भक्ति भाव से भरे श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। गोमतीनगर, इंद्रनगर चौक, अलीगंज, जानकीपुरम जैसे इलाकों में पंडाल सज चुके हैं और भव्य मूर्तियों के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। लखनऊ का प्रसिद्ध मनकामेश्वर और हनुमान सेतु मंदिर में भी खूब सजावट की गई।
बीकेटी क्षेत्र में स्थित मां चंद्रिका देवी मंदिर में विशेष तैयारियां की गई हैं। मंदिर समिति के महामंत्री अनुराग तिवारी ने बताया कि नवरात्रि के दौरान पूरे दिन भंडारा चलेगा। भक्तों के लिए विप दर्शन की सुविधा नहीं होगी और सभी को पंक्ति में लगकर ही दर्शन करना होगा। उधर, सीतापुर रोड स्थित मां चंद्रिका देवी मंदिर तक 11 किलोमीटर के क्षेत्र में पुलिस सुरक्षा तैनात कर दी गई है ताकि भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बड़ी काली मंदिर में विशेष आयोजन
चौक स्थित बड़ी काली जी मंदिर में इस बार विशेष आयोजन किया जा रहा है। सोमवार को मां का विशेष श्रृंगार मखानों से किया जाएगा। मंदिर समिति ने जानकारी दी है कि नवरात्रि के नौ दिनों में मां के विभिन्न स्वरूपों का श्रृंगार किया जाएगा। मंदिर के कपाट सुबह 4 बजे खुल जाएंगे। खास बात यह है कि इस बार महिला श्रद्धालुओं को "16 श्रृंगार" का प्रसाद दिया जाएगा। इसके साथ ही छप्पन भोग की परंपरा भी शुरू की जा रही है, जिसमें हर दिन अलग-अलग घरों से भोग अर्पित किया जाएगा और शाम 3 बजे से भजन संध्या आयोजित की जाएगी।
माता रानी के जयकारों के साथ वातावरण भक्तिमय
लखनऊ के प्रसिद्ध भूतनाथ मंदिर में भी नवरात्रि के पहले दिन श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। बड़ी संख्या में भक्तों ने मां दुर्गा के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं गोमतीनगर के विजयीपुर स्थित श्री हनुमंत वाटिका मंदिर में भी पहले दिन से ही भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। माता रानी के जयकारों के साथ वातावरण भक्तिमय हो गया।


