TRENDING TAGS :
Lucknow News: नीट पेपर लीक मामले में कांग्रेस का हमला, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
Lucknow News: नीट पेपर लीक मामले में यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप लगाते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तत्काल इस्तीफे की मांग की है।
Lucknow News: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने नीट परीक्षा में लगातार सामने आ रही गड़बड़ियों और पेपर लीक की घटनाओं को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्ष 2018, 2021, 2022, 2024 और 2026 में नीट परीक्षा विवादों और पेपर लीक की घटनाओं से प्रभावित रही है। ऐसे में देश के करोड़ों युवाओं और छात्रों के भविष्य के साथ लगातार खिलवाड़ हो रहा है।
अजय राय ने कहा कि इतनी बड़ी घटनाओं के बावजूद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा नहीं दिया है। कांग्रेस पार्टी उनकी तत्काल बर्खास्तगी और इस्तीफे की मांग करती है। उन्होंने कहा कि 3 मई 2026 को आयोजित नीट परीक्षा, जिसमें 22 लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल हुए थे, उसमें बड़े पैमाने पर प्रश्नपत्र लीक होने की खबरें सोशल मीडिया के माध्यम से पूरे देश में सामने आई थीं। बढ़ते दबाव के बाद केंद्र सरकार को परीक्षा रद्द करनी पड़ी और पुनः परीक्षा कराने का फैसला लेना पड़ा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं के साथ-साथ उत्तर प्रदेश की विभिन्न भर्ती परीक्षाएं भी पेपर लीक का शिकार हुई हैं। उन्होंने लेखपाल भर्ती, यूपीएसआई, पुलिस सिपाही भर्ती, आरओ-एआरओ, एसएससी जीडी और सहायक प्रोफेसर भर्ती परीक्षाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में भर्ती प्रक्रियाओं की विश्वसनीयता लगातार कमजोर हुई है।
अजय राय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने नीट पेपर लीक के मुद्दे को सड़क से सदन तक उठाया, जिसके बाद सरकार को दोबारा परीक्षा कराने का निर्णय लेना पड़ा। उन्होंने दावा किया कि जांच में कुछ छात्रों ने लीक प्रश्नपत्र के लिए 25 हजार रुपये से लेकर 40 लाख रुपये तक भुगतान करने की बात स्वीकार की है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में 23 राष्ट्रीय परीक्षाओं के पेपर लीक हुए हैं और देशभर में 90 से अधिक पेपर लीक की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन दोषियों को सजा मिलने के मामले बेहद कम हैं। कांग्रेस ने परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


