TRENDING TAGS :
इधर एनएचएम से बजट देने में लापरवाही उधर प्रसूताओं के थाली से खाना और फल गायब
Lucknow News: एनएचएम के जरिये बजट न मिलने से अब प्रसूता की डाइट पर इसका असर पड़ने लगा है। प्रसूता की थॉल से फल व सब्जी भी गायब हो गई है।
NHM (File Image)
Lucknow News: एनएचएम के जरिये बजट न मिलने से अब प्रसूता की डाइट पर इसका असर पड़ने लगा है। प्रसूता की थॉल से फल व सब्जी भी गायब हो गई है। प्रसूता को डाइट में दो वक्त का खाना मिल रहा है। नाश्ते में दूध व ब्रेड मिल रहा है। सब्जी-फल न मिलने पर तीमारदार आपत्ति जता रहे हैं। अफसरों का कहना है एनएचएम के जरिये खाने का बजट नहीं जारी हुआ है। ऐसे में वेंडर अपने हिसाब से प्रसूताओं को खाना दे रहे हैं।
18 सीएचसी पर निजी वेंडर
सीएमओ के अधीन 20 सीएचसी का संचालन हो रहा है। इसमें 18 सीएचसी पर निजी वेंडर के जरिये खाना बनाकर प्रसूता को मुहैया कराया जा रहा है। सीएमओ आफिस के जरिये चार माह पहले खाने का टेंडर कराया गया था। इसमें 135 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से दो वक्त का खाना-नाश्ता व फल देना था। एनएचएम की ओर से खाने का भुगतान नहीं किया गया है। ऐसे में वेंडर अपनी तरह से खाना प्रसूताओं को खिला रहे हैं। प्रसूताओं की थॉल में दाल-चावल व रोटी दी दोनों वक्त दिया जा रहा है। सब्जी एक वक्त थॉल में दी जा रही हैै। इसे लेकर तीमारदार आपत्ति जता रहे हैं। सीएमओ डॉ. एनबी सिंह का कहना है प्रसूताओं को पौष्टिक आहार व सब्जी एक दफा दिए जाने मामले में जवाब तलब किया जाएगा। जिन केंद्रों पर दिक्कत आ रही हैं उन्हें दूर किया जाएगा।
कर्मचारियों को नहीं मिला वेतन
किचन में कार्यरत कर्मचारियों को भी चार माह से वेतन नहीं मिला है। ऐसे में बिना वेतन काम करने के लिए कर्मचारी राजी नहीं है। कर्मचारियों का कहना है वेंडर जल्द ही भुगतान करने का दावा कर रहा है। कर्मचारियों का कहना है इस माह वेतन नहीं मिला तो वह नाैकरी छोड़ देंगे। इससे सीएचसी पर खाने बनाने का काम ठप हो जाएगा।


