लखनऊ में ओवैसी-चंद्रशेखर की महारैली, रमाबाई मैदान में उमड़े समर्थक; 2027 चुनाव से पहले शक्ति प्रदर्शन

लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की महारैली। 2027 यूपी विधानसभा चुनाव से पहले सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान, सपा-कांग्रेस के PDA समीकरण को मिलेगी चुनौती?

Alakha Singh
Published on: 26 Nov 2026 1:04 PM IST (Updated on: 26 Nov 2026 1:07 PM IST)
लखनऊ में ओवैसी-चंद्रशेखर की महारैली, रमाबाई मैदान में उमड़े समर्थक; 2027 चुनाव से पहले शक्ति प्रदर्शन
X

Lucknow Owaisi Chandrashekhar Rally: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले दलित-मुस्लिम राजनीतिक समीकरण साधने की कोशिश तेज हो गई है। संविधान दिवस के मौके पर गुरुवार को लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की संयुक्त महारैली आयोजित की जा रही है। दोनों नेताओं के समर्थक पोस्टर और झंडे लेकर मैदान में पहुंच रहे हैं। दूर-दराज के जिलों से भी कार्यकर्ताओं के आने का सिलसिला जारी है। सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के बैनर तले आयोजित इस रैली का नाम 'बहुजन स्वराज संकल्प महारैली' रखा गया है। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद तथा एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी इस मंच से अपनी राजनीतिक ताकत दिखाएंगे। कार्यक्रम सुबह 11 बजे से शुरू होना निर्धारित है, जबकि दोनों नेताओं के दोपहर करीब एक बजे संबोधन की जानकारी दी गई है।


2027 चुनाव से पहले नए राजनीतिक मोर्चे की पहली बड़ी परीक्षा

दरअसल, चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी ने 12 नवंबर को लखनऊ में सामाजिक परिवर्तन मोर्चे के गठन का ऐलान किया था। दोनों दलों ने उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ने की घोषणा की है। गठबंधन की ओर से चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा भी घोषित किया गया है। मोर्चे की नजर प्रदेश के दलित और मुस्लिम मतदाताओं पर है। राज्य में अनुसूचित जाति की आबादी करीब 21 फीसदी और मुस्लिम आबादी लगभग 19 फीसदी बताई जाती है। दोनों समुदायों को मिलाकर करीब 40 फीसदी का सामाजिक आधार बनता है। यही वजह है कि इस गठबंधन की सियासी गतिविधियों पर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस समेत दूसरे राजनीतिक दलों की भी नजर है।


रैली में पांच लाख लोगों के जुटने का दावा, बड़े ऐलान के भी संकेत

रैली को लेकर दोनों दलों के नेताओं ने बड़े स्तर पर तैयारियां की हैं। आयोजकों ने इसमें पांच लाख से अधिक लोगों के पहुंचने की उम्मीद जताई है। एआईएमआईएम के राष्ट्रीय प्रवक्ता शादाब चौहान ने रैली के मंच से कुछ बड़े राजनीतिक ऐलान होने के भी संकेत दिए हैं। ऐसे में सभी की निगाहें दोनों नेताओं के संबोधन और गठबंधन की आगामी रणनीति पर टिकी हैं।

इससे पहले ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद सहारनपुर में संयुक्त रूप से अपनी राजनीतिक रणनीति का संकेत दे चुके हैं। दोनों नेताओं ने बीजेपी को सत्ता से हटाने और सामाजिक परिवर्तन मोर्चे को मजबूत करने की बात कही थी। ओवैसी ने लखनऊ में जीत के बाद दिल्ली तक राजनीतिक लड़ाई ले जाने का भी संदेश दिया था।

सपा-कांग्रेस के PDA समीकरण को मिलेगी चुनौती?

इस गठबंधन की सबसे बड़ी राजनीतिक परीक्षा दलित और मुस्लिम मतदाताओं को एक साझा मंच पर लाने की होगी। समाजवादी पार्टी पहले से ही PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के नारे के साथ चुनावी मैदान तैयार कर रही है। वहीं कांग्रेस भी दलित और अल्पसंख्यक मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश में है।

ऐसे में ओवैसी और चंद्रशेखर की साझेदारी विपक्षी राजनीति में नए समीकरण पैदा कर सकती है। खासकर उन विधानसभा सीटों पर इसका असर देखने को मिल सकता है, जहां दलित और मुस्लिम मतदाता चुनावी नतीजों को प्रभावित करने की स्थिति में हैं। हालांकि, इस सामाजिक आधार को वास्तविक वोटों में बदलना मोर्चे के सामने बड़ी चुनौती होगी।

संविधान दिवस पर लखनऊ में राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हैं। समाजवादी पार्टी अपना चुनावी घोषणापत्र जारी कर रही है, जबकि कांग्रेस संविधान रक्षा सम्मेलन और मार्च आयोजित कर रही है। बीजेपी भी संविधान गौरव दिवस के तहत कार्यक्रम कर रही है। ऐसे में एक ही दिन संविधान, बाबा साहेब आंबेडकर और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर अलग-अलग राजनीतिक दलों की ताकत आजमाइश हो रही है।

रैली के चलते लखनऊ में ट्रैफिक डायवर्जन, इन रास्तों से निकलें

रमाबाई अंबेडकर मैदान में महारैली को देखते हुए लखनऊ के आशियाना इलाके में सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक यातायात डायवर्जन लागू किया गया है। पुलिस ने लोगों से वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की है। एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, स्कूली वाहनों और शव वाहनों को आवश्यकतानुसार निकलने की अनुमति रहेगी।

प्रमुख बदलाव इस प्रकार हैं:

- बिजली पासी किला चौराहा: बिजनौर की ओर से रमाबाई मैदान आने वाले भारी वाहन और बसें स्मृति उपवन, आशियाना चौराहा या रुचि खंड होकर जाएंगी।

- बिजनौर तिराहा: बिजनौर अंडरपास की ओर आने वाले वाहन और बसें औरंगाबाद ब्रिज होकर बिजली पासी किला चौराहे की ओर जाएंगी।

- ओमेक्स तिराहा: रमाबाई अंबेडकर अंडरपास सर्विस लेन की ओर जाने वाले वाहन बिजनौर अंडरपास और न्यू गरौरा से निकलेंगे।

- शहीद पथ, ट्रांसपोर्ट नगर: वाहन रमाबाई अंडरपास के वीआईपी रैंप के बजाय सेक्टर-8 रैंप या उतरेठिया रेलवे क्रॉसिंग का इस्तेमाल करेंगे।

- औरंगाबाद अंडरपास: वाहन रैन बसेरा तिराहा और अंबेडकर विश्वविद्यालय अंडरपास के बजाय बिजनौर अंडरपास होकर जाएंगे।

- बंगला बाजार: वाहन जेल रोड से बिजली पासी किला चौराहे की ओर न जाकर तेलीबाग, पिकेडली और सरफोर्टगंज होकर निकलेंगे।

- साउथ सिटी: अंबेडकर विश्वविद्यालय अंडरपास की ओर जाने वाले वाहन तेलीबाग और उतरेठिया का रास्ता अपनाएंगे।

अब सबकी नजरें इस बात पर हैं कि ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की यह साझेदारी 2027 के विधानसभा चुनाव में कितना बड़ा राजनीतिक विकल्प बन पाती है और क्या यह सपा-कांग्रेस के वोट बैंक में सेंध लगाने में सफल होगी।

Alakha Singh
ABOUT THE AUTHOR

Alakha Singh

alakhsingh2025@hotmail.com

Alakha Singh is a Senior journalist with having more than one decade of experience in digital media. Alakha Singh has covered Loksabha Elections 2014 and 2019 closely with the several state assembly elections. He has expertise in SEO oriented content writing on various topics and issues. At HT Digital Alakha Singh has been recognised as one of the top performer of the team for many years continuously. At Livehindustan Alakha has worked on National, States and Utility beats (Career Beat in last 4 years mainly), Earlier he worked with HT Digital for more than 8 years and 2.5 years with Amar Ujala web. In initial days of his career Alakha Singh also worked as a reporter (stringer) with NBT Gurgaon. He pursued P.G. Diploma in Journalism from South Campus, University of Delhi in 2013 and MAMC from Kurukshetra University in 2014. He Belongs to District Banda of Uttar Pradesh.

Next Story