TRENDING TAGS :
संवैधानिक व्यवस्था का केंद्र है संसद: डॉ दिनेश शर्मा
युवा संसद कार्यक्रम में डॉ दिनेश शर्मा बोले- संसद संवैधानिक व्यवस्था का केंद्र; मजबूत नेतृत्व से भारत शक्तिशाली, युवाओं से राष्ट्र प्रगति के पथ पर
Lucknow: राज्यसभा सांसद एवं यूपी के पूर्व उपमुख्यमंत्री यूपी डा दिनेश शर्मा ने कहा कि संसद संवैधानिक व्यवस्थाओं का केन्द्र है। सभी की निष्ठा देश के संविधान के प्रति होती है और संसद में देश के लिए नियम और कानून बनते हैं। संसद की तर्ज पर युवा संसद का आयोजन राष्ट्र के लिए अपने को तैयार करने का अवसर है। आज देश के समक्ष सबसे अहम विषय है कि राष्ट्र मजबूत रहे और आत्मनिर्भरता के लक्ष्य को हासिल करे।
डा शकुन्तला मिश्रा पुनर्वास विश्वविद्यालय में आयोजित "युवा संसद" को सम्बोधित करते हुए सांसद ने कहा कि देश अपने युवाओं के बल पर प्रगति कर रहा है। भारत दुनिया की सबसे अधिक युवा आबादी वाला देश है। देश की सरकार इस युवा आबादी को हुनरमंद बना रही है। एआई समिट का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रतिष्ठित स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी के प्रोफेसरों का मत है कि अमेरिका द्वारा एआई के क्षेत्र में की गई प्रगति में भारत इंजीनियरों प्रोफेसरों का 50 प्रतिशत से अधिक योगदान है। इस सम्मेलन में भारत के प्रदर्शन से दुनिया अचंभित रह गई है। भारत तेजी से बदल रहा है और तकनीक के विकास के साथ अपनी जरूरतें खुद ही पूरी कर रहा है।
डा शर्मा ने कहा कि आज भारत दुनिया के ताकतवर देशों में शामिल हो गया है जिसका कारण देश के पास एक दूरदर्शी और मजबूत नेतृत्व का होना है। देश को ऐसा नेतृत्व लम्बे समय के बाद मिला है। आज का भारत ना तो किसी से डरता है और ना ही किसी को डराता है। किसी पर आक्रमण भी नहीं करता है पर आक्रमण होने पर घर में घुसकर जवाब देता है।
डा शर्मा ने कहा कि देश में अब समान नागरिक संहिता की चर्चा हो रही है और उत्तराखण्ड में तो कानून भी बन गया है। अब नागरिकों के बीच में बराबरी सही मायने में स्थापित हो रही है। देश जब धर्मनिरपेक्ष है तो यहां पर धर्म सापेक्ष कानून नहीं हो सकता है। काश्मीर से धारा 370 को हटाने को लेकर तमाम लोगों की तमाम राय थी पर पीएम मोदी के मार्ग दर्शन में गृहमंत्री अमित शाह ने इसे एक झटके में समाप्त कर दिया। आज वहंा पर शान्ति स्थापित हो चुकी है तथा लाल चौक में तिरंगा शान से लहरा रहा है। अब्दुल कलाम और वीर हमीद के देश में बाबरी सोंच के लिए कोई जगह नहीं है। देश का विकास हर नागरिक के लिए समान रूप से हो रहा है। भारत आज सबसे तेजी से बढती अर्थव्यवस्था है।
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विपक्ष की सरकारों के समय में प्रदेश में माफियाराज होता था और दिन दहाडे वसूली हुआ करती थी। आज ये सब समाप्त हो गया है। प्रदेश में भी अब मजबूत इच्छाशक्ति वाली सरकार है । जिस प्रदेश में पहले कट्टे बनते थे ऐसे झूठे आरोप लोग लगाते थे पर आज मिसाइल बन रही है। सडके इतनी बेहतरीन हो गई है कि यात्रा में लगने वाला समय आधा हो गया है। प्रदेश में अब बिजली का आना नहीं बल्कि जाना खबर बनता है। सूबे में कानून का राज है।
उन्होंने कहा कि जिस भारत के लोग अमेरिका के सडे हुए गेंहू को खाने को मजबूर थे उसी भारत के युवाओं की प्रतिभा से अमेरिका के लोग डर रहे हैं। उन्हे प्रतिभाशाली भारतीयों के कारण अपनी नौकरी जाने का भय सताने लगा है। जी राम जी बिल का विरोध देश को विकास की पटरी से उतारने की साजिश है। ये बिल रोजगार के अवसर गांव में ही उपलब्ध कराने वाला है।
उन्होंने कहा कि देश का नेतृत्व जब मजबूत होता है तो हर समस्या का निदान संभव होता है। अमेरिका के टैरिफ का भारत ने जिस प्रकार से जीएसटी के सरलीकरण से जवाब दिया ये उसका उदाहरण है। पीएम मोदी और सीएम योगी देश की धरोहर हैं। युवा संसद से संदेश जाना चाहिए कि प्रत्येक छात्र देश के लिए समर्पित है। देश सबसे पहले हैं। कार्यक्रम में राष्ट्र धर्म के संपादक मनोज कांत जी कुलपति डॉ संजय सिंह वरिष्ठ प्रचारक मनोज जी डॉ पुष्पेंद्र मिश्रा रजिस्ट्रार रोहित सिंह जी तथा भारी संख्या में विद्यार्थी मौजूद थे


