TRENDING TAGS :
सोना क्यों हो रहा सस्ता? लखनऊ में PM मोदी ने खोला सीक्रेट प्लान, बोलें- बस अब एक साल और, फिर...
पीएम नरेंद्र मोदी ने लखनऊ के कौशल दीक्षांत समारोह में देशवासियों से एक और साल तक सोना नहीं खरीदने की अपील की।
PM Modi Lucknow: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखनऊ में आयोजित कौशल दीक्षांत समारोह के मंच से एक बार फिर सोने की खरीदारी का मुद्दा उठाया। उन्होंने देशवासियों को एक साल पहले की अपनी अपील याद दिलाई और कहा कि उन्होंने लोगों से आग्रह किया था कि अगर बहुत जरूरी न हो तो एक साल तक सोना न खरीदें।
पीएम ने कहा कि लोगों ने उनकी बात मानी और सोने की खरीदारी कम की, जिससे देश का पैसा बचा। अब सोना के दाम भी कम होने लगा। उन्होंने कहा कि आज लोग उनसे मिलकर बताते हैं कि मोदी जी, आपने कहा था और हमने आपकी सलाह मानी, तो हमारे पैसे बच गए। पीएम ने एक बार फिर लोगों से अपील की कि अगले एक साल तक भी सोना खरीदने से बचें।
IIT और ITI के छात्रों को एक जैसा सम्मान
पीएम मोदी ने समारोह में देशभर से आए युवाओं का स्वागत करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश से सांसद होने के नाते उनके लिए यह गर्व और सौभाग्य की बात है कि उन्हें युवाओं के बीच आने का मौका मिला। उन्होंने बताया कि वह सुबह बंगाल में IIT के छात्रों के बीच थे और अब उसी उत्साह के साथ ITI के विद्यार्थियों के बीच पहुंचे हैं। पीएम ने कहा कि IIT हो या ITI, दोनों जगह पढ़ने वाले युवा देश की असली संपत्ति, क्षमता और भविष्य हैं। उन्होंने साफ कहा कि ITI में पढ़ने वाले बच्चों को भी उतना ही सम्मान मिलना चाहिए, जितना IIT के छात्रों को मिलता है। उन्होंने कहा कि देश का प्रधानमंत्री ITI के बच्चों को सर्टिफिकेट देने आया है और यह दिखाता है कि उनके हुनर की कितनी अहमियत है।
'भारत में कौशल को हमेशा सम्मान मिला'
प्रधानमंत्री ने कहा कि ITI में युवाओं ने जो हुनर सीखा है, वही विकसित भारत की बड़ी ताकत बनेगा। उन्होंने लखनऊ की चिकनकारी का जिक्र करते हुए कहा कि भारत की पुरानी सामाजिक व्यवस्था कौशल के इर्द-गिर्द बनी थी और देश में हुनर को हमेशा सम्मान दिया जाता रहा है। पीएम ने आरोप लगाया कि जब आक्रांता भारत आए तो उन्होंने सबसे पहले यहां के कौशल पर चोट की। उनके मुताबिक, हुनरमंद लोगों को सजा दी गई और बाद में अंग्रेजों ने भी भारत की कौशल व्यवस्था को कमजोर करके अपने यहां उद्योग और मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा दिया।
'जिसके पास स्किल है, उसका रोजगार कोई नहीं छीन सकता'
AI की वजह से नौकरियां जाने की चर्चा के बीच पीएम मोदी ने कहा कि जिसके पास हुनर है, उसका रोजगार कोई नहीं छीन सकता। उन्होंने बताया कि नई शिक्षा नीति यानी NEP में भी कौशल विकास पर खास जोर दिया गया है। पीएम ने कहा कि जब युवा कोई हुनर सीखते हैं तो वे देश का काम आसान बनाते हैं। आज भारत में बने मोबाइल फोन दुनिया के अलग-अलग देशों में पहुंच रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि 2014 के बाद उनकी सरकार ने देश में 5,000 नए ITI बनाए हैं। पीएम के मुताबिक, आने वाले समय में ITI देश के विकास की एक नई कहानी लिखेंगे।
'दुनिया को यूनिवर्सिटी नहीं, ITI से निकले हुनरमंद युवा चाहिए'
पीएम मोदी ने कहा कि आज दुनिया भारत के हुनरमंद लोगों की मांग कर रही है। उन्होंने सऊदी अरब की रॉयल फैमिली का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां भारतीय कौशल की तारीफ होती है। पीएम ने कहा कि आने वाले समय में कागजी सर्टिफिकेट लेकर कोट-पैंट पहनकर घूमने वालों के मुकाबले हुनरमंद लोगों की ज्यादा कद्र होगी। उनके मुताबिक, दुनिया को सिर्फ यूनिवर्सिटी से डिग्री लेकर निकलने वाले युवा नहीं, बल्कि ITI से प्रशिक्षण लेकर निकले कुशल कामगार भी चाहिए।
यूपी में कानून-व्यवस्था को लेकर सपा पर निशाना
कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पहले क्या हालात थे, इसे लोगों को नहीं भूलना चाहिए। पीएम ने कहा कि यूपी के लोग जानते हैं कि सूरज ढलने के बाद बेटियों का घर से बाहर निकलना पहले कितना मुश्किल होता था। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के लोगों के बीच सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है।
2027 में ग्रेटर नोएडा में होगी वर्ल्ड स्किल एशिया प्रतियोगिता
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया की स्किल कैपिटल बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसी कड़ी में साल 2027 में भारत वर्ल्ड स्किल एशिया प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा। यह आयोजन उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में होगा। पश्चिम एशिया में युद्ध के दौरान गैस सप्लाई बाधित होने की आशंकाओं का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा कि उस समय कुछ लोग सरकार पर सवाल उठाने लगे थे, लेकिन देश में कोई बड़ी परेशानी नहीं हुई। उन्होंने यह भी कहा कि बीते 12-13 साल में भारत में 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं।
यूपी में 17 लाख से ज्यादा युवाओं को ट्रेनिंग: सीएम योगी
समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और उत्तर प्रदेश देश का सबसे युवा प्रदेश है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में युवाओं को कौशल विकास के लिए एक प्लेटफॉर्म मिला है। अब तक 17 लाख से ज्यादा युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है, जबकि 7 लाख से ज्यादा युवाओं का कैंपस प्लेसमेंट हुआ है। सीएम योगी ने कहा कि किसी भी उद्योग को चलाने के लिए प्रशिक्षित और कुशल युवाओं की जरूरत होती है। उन्होंने बताया कि साल 2026 में उत्तर प्रदेश में 50 हजार से ज्यादा स्किल्ड युवाओं को नौकरी मिली है। इनमें 3 हजार से ज्यादा दिव्यांग युवा भी शामिल हैं। सीएम ने कहा कि कुशल युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं।


