Lucknow News: ₹4,850 करोड़ की सड़क परियोजनाओं की सौगात, राजनाथ-गडकरी-योगी ने किया लोकार्पण

Lucknow News: रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ-कानपुर 6-लेन एक्सप्रेसवे, लखनऊ-हरदोई 4-लेन एक्सप्रेसवे का लोकार्पण और इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे पर 4-लेन फ्लाईओवर का शिलान्यास किया।

Newstrack Network
Published on: 13 July 2026 10:11 PM IST
Lucknow Kanpur Expressway
X

Lucknow Kanpur Expressway (Image Credit-Newstrack)

लखनऊ। उत्तर प्रदेश को सोमवार को सड़क अवसंरचना के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ₹4,850 करोड़ से अधिक लागत की तीन महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 63 किलोमीटर लंबे लखनऊ-कानपुर 6-लेन एक्सप्रेसवे, लखनऊ-हरदोई 4-लेन एक्सप्रेसवे का लोकार्पण तथा लखनऊ के इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे पर 4-लेन फ्लाईओवर का शिलान्यास शामिल है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे केवल दो शहरों को जोड़ने वाली सड़क नहीं, बल्कि लखनऊ, कानपुर और उन्नाव को विकास की नई कड़ी में जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे बनने से लोगों को कम समय में सुरक्षित और आरामदायक यात्रा की सुविधा मिलेगी, वहीं व्यापार, उद्योग और रोजगार को भी नई गति मिलेगी।

उन्होंने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की सराहना करते हुए कहा कि देशभर में आधुनिक सड़क नेटवर्क विकसित करने में उनका योगदान उल्लेखनीय है। साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में तेजी से विकसित हो रहे बुनियादी ढांचे की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि राज्य विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

रक्षा उद्योग को मिलेगा बड़ा लाभ

राजनाथ सिंह ने कहा कि लखनऊ और कानपुर दोनों ही उत्तर प्रदेश डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के प्रमुख नोड हैं। लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल का इंटीग्रेशन सेंटर और डीआरडीओ की प्रयोगशालाएं स्थित हैं, जबकि कानपुर लंबे समय से रक्षा उत्पादन का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। ऐसे में बेहतर सड़क संपर्क से रक्षा उद्योगों की लॉजिस्टिक्स, सप्लाई चेन और औद्योगिक गतिविधियों को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि जहां अच्छी सड़क कनेक्टिविटी होती है, वहां उद्योग, निवेश और रोजगार स्वतः बढ़ते हैं। इस एक्सप्रेसवे का लाभ केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आसपास के कस्बों और गांवों तक भी विकास पहुंचेगा।

लखनऊ-हरदोई फोरलेन से आसान होगा सफर

कार्यक्रम में राष्ट्रीय राजमार्ग-731 पर लगभग 541 करोड़ रुपये की लागत से विकसित लखनऊ-हरदोई 4-लेन सड़क परियोजना का भी लोकार्पण किया गया। यह मार्ग लखनऊ रिंग रोड को हरदोई से जोड़ता है और इसके शुरू होने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। राजनाथ सिंह ने कहा कि यह मार्ग आगे गाजीपुर से पलिया तक एक महत्वपूर्ण कॉरिडोर के रूप में विकसित होगा, जिससे किसानों, व्यापारियों और उद्यमियों को बड़ा लाभ मिलेगा।

इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे पर बनेगा फ्लाईओवर

लखनऊ में लंबे समय से जाम की समस्या से जूझ रहे इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे पर चार लेन फ्लाईओवर का शिलान्यास भी किया गया। यह फ्लाईओवर सीतापुर हाईवे और अयोध्या हाईवे को जोड़ने के साथ जानकीपुरम, जानकीपुरम एक्सटेंशन और आसपास के इलाकों के लाखों लोगों को राहत देगा। इसके बनने से क्षेत्र में ट्रैफिक जाम की समस्या काफी हद तक समाप्त होने की उम्मीद है।

नई सड़क परियोजनाओं से बढ़ेगा विकास

राजनाथ सिंह ने बताया कि गोसाईंगंज-मोहनलालगंज-बनी-हरौनी मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य भी शुरू हो चुका है। यह सड़क पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, आगरा एक्सप्रेसवे और लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे सहित कई राष्ट्रीय राजमार्गों को जोड़ने का काम करेगी।

उन्होंने कहा कि लखनऊ में फ्लाईओवर, अंडरपास, मेट्रो विस्तार और रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण जैसे कार्यों से शहर का बुनियादी ढांचा लगातार मजबूत हो रहा है। हाल ही में चारबाग से वसंतकुंज तक मेट्रो के दूसरे चरण को भी मंजूरी मिल चुकी है।

'मेगापोलिस' बनने की ओर बढ़ रहा लखनऊ

रक्षा मंत्री ने कहा कि बेहतर एक्सप्रेसवे, चौड़ी सड़कें, रिंग रोड, मेट्रो और आधुनिक परिवहन व्यवस्था लखनऊ और उसके आसपास के क्षेत्रों को एक बड़े आर्थिक केंद्र के रूप में विकसित करेंगी। इससे उद्योग, व्यापार, पर्यटन और रोजगार को नई गति मिलेगी तथा उत्तर प्रदेश देश की सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा।

उन्होंने परियोजनाओं के निर्माण में योगदान देने वाले इंजीनियरों, डिजाइनरों, ठेकेदारों और श्रमिकों का आभार व्यक्त करते हुए लोगों से अपील की कि वे सड़कों और सार्वजनिक परिसंपत्तियों का संरक्षण करें तथा यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित और स्वच्छ परिवहन व्यवस्था में सहयोग दें।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story