Rakhi Trends 2026: रक्षाबंधन से पहले लखनऊ के बाजार गुलजार, स्पिनिंग ब्रेसलेट से स्टर्लिंग सिल्वर राखी तक बढ़ी मांग

Rakhi Trends 2026: रक्षाबंधन 2026 से पहले लखनऊ के बाजारों में 360° स्पिनिंग ब्रेसलेट, म्यूजिकल और स्टर्लिंग सिल्वर राखियों का क्रेज है। जानें नए ट्रेंड और शुभ समय।

Newstrack Network
Published on: 21 Aug 2026 6:06 PM IST (Updated on: 21 Aug 2026 6:07 PM IST)
Rakhi Trends 2026
X

Rakhi Trends 2026 (Image Credit-Social Media)

लखनऊ: रक्षाबंधन पर्व के नजदीक आते ही राजधानी के बाजारों में भारी रौनक और खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। इस वर्ष पारंपरिक रेशमी धागों और कोलकाता के चंदन वाली राखियों की तुलना में युवाओं और बच्चों के लिए आधुनिक, स्मार्ट और फैशनेबल राखियां पहली पसंद बनी हुई हैं।

बाजार में छाए नए ट्रेंड्स और राखियों के प्रकार

1. 360° स्पिनिंग ब्रेसलेट और जेन-ज़ी (Gen-Z) स्टाइल

रोटेटिंग सेंटर: लगभग ₹500 की रेंज में उपलब्ध इन राखियों के बीच लगा फूल या तितली वाला हिस्सा 360 डिग्री घूमता है, जो डायमंड ज्वेलरी जैसा प्रीमियम लुक देता है।

मेटैलिक चेन व रिंग लॉक: अमेरिकन डायमंड (AD) वाली इन राखियों में धागे की जगह लग्जरी मेटैलिक चेन और मजबूत रिंग लॉक दिया गया है।

बीड्स ब्रेसलेट: मोटे गुंथे हुए धागों और बीच में एडी पेंडेंट वाली बीड्स राखियां युवाओं के बीच ब्रेसलेट के रूप में काफी ट्रेंड कर रही हैं।

म्यूजिकल और किड्स मैजिक जोन

बच्चों के लिए सिर्फ धुन बजाने वाली नहीं, बल्कि बटन दबाते ही 'मेरा भाई तू मेरी जान है' और 'फूलों का तारों का' जैसे हिंदी गाने सुनाने वाली म्यूजिकल राखियां बाजार में छाई हुई हैं।

डोरेमोन, बैटमैन और स्पाइडर-मैन डायल वाली राखियों में लाइट और म्यूजिक की सुविधा है।

मोटू-पतलू रबर वॉच राखी के साथ मिलने वाला मिनी छाता असल में एक पेन है, जबकि छोटा भीम डायल के साथ डोरेमोन की रिंग फ्री मिल रही है।

भैया-भाभी के लिए रॉयल सेट्स

राजस्थानी लोटस लूंबा सेट: कमल की नक्काशी और चमचमाते नगों से सजी लटकन वाली लूंबा और भाई के लिए मैचिंग राखी की भारी मांग है।

डिवाइन टच: भाभी के लूंबा में बांसुरी बजाते श्रीकृष्ण और भाई की राखी पर 'ॐ नमो नारायण' व शिवलिंग की नक्काशी वाले पेंडेंट शामिल हैं।

सराफा बाजार में 92.5 स्टर्लिंग सिल्वर और गोल्ड फॉयल वर्क

चौक सराफा एसोसिएशन के महामंत्री विनोद माहेश्वरी के अनुसार, 92.5 स्टर्लिंग सिल्वर में श्रीकृष्ण, त्रिशूल-रुद्राक्ष, ॐ, जय श्री राम और इविल आई डिजाइन उपलब्ध हैं।

शहर में पहली बार स्टर्लिंग सिल्वर पर गोल्ड फॉयल वर्क वाली राखियां आई हैं, जिनमें 'शुभ-श्री', 'स्वस्तिक' और नजर सुरक्षा डिजाइन प्रीमियम बॉक्स पैकेजिंग में मिल रहे हैं।

भूतनाथ बाजार में अतिक्रमण से व्यापारी आक्रोशित

त्योहारों के सीजन में प्रमुख व्यापारिक केंद्र भूतनाथ बाजार में पटरी दुकानदारों के कब्जे और अवैध दुकानों के कारण भारी अव्यवस्था फैल गई है।

व्यापारी नेता देवेंद्र गुप्ता ने आरोप लगाया कि नियमों को ताक पर रखकर मुख्य सड़क, गलियों और पार्किंग स्पेस में अवैध दुकानें लगवाई गई हैं, जबकि अनुमति सिर्फ मंदिर के सामने तय स्थान पर थी।

व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम जोन-7 के अधिकारियों से मिलकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

अपर नगर आयुक्त अभिनय रंजन ने कहा कि अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी गई है और न हटने पर सख्त जब्ती अभियान चलाया जाएगा।

रक्षाबंधन: न भद्रा का साया, न सूतक का प्रभाव

ज्योतिषाचार्य एस.एस. नागपाल और यूपी संस्कृत संस्थान के पूर्व कर्मकांडी प्रशिक्षक पं. अनिल कुमार पांडे के अनुसार, इस वर्ष रक्षाबंधन का पर्व पूरी तरह विघ्न-मुक्त रहेगा।

चंद्र ग्रहण का असर नहीं: 28 अगस्त को सुबह 8:04 बजे से 11:22 बजे तक चंद्र ग्रहण रहेगा। चूंकि यह ग्रहण भारत में दिन के समय रहेगा और यहां दिखाई नहीं देगा (मुख्य रूप से यूरोप व अफ्रीका में दिखेगा), इसलिए इसका कोई धार्मिक प्रभाव या सूतक काल मान्य नहीं होगा।

भद्रा की समाप्ति: पूर्णिमा तिथि 27 अगस्त को सुबह 9:08 बजे भद्रा के साथ शुरू होगी, लेकिन भद्रा उसी रात 9:32 बजे समाप्त हो जाएगी।

राखी बांधने का शुभ समय: 28 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन भद्रा का कोई साया नहीं रहेगा। यद्यपि पूर्णिमा तिथि सुबह 9:19 बजे तक ही रहेगी (जो कि सर्वोत्तम मुहूर्त है), उदयातिथि की मान्यता के कारण पूरे दिन निर्विघ्न रूप से रक्षाबंधन मनाया जा सकेगा।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story