TRENDING TAGS :
रश्मि लोक अपार्टमेंट RWA के अध्यक्ष बने अमृतांशु मिश्रा, सर्वसम्मति से हुआ पदाधिकारियों का चयन
Lucknow News: लखनऊ के रश्मि लोक अपार्टमेंट आरडब्ल्यूए की बैठक में अमृतांशु मिश्रा को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया। नई कार्यकारिणी ने सुरक्षा, स्वच्छता, पारदर्शिता और बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
Lucknow News: रश्मि लोक अपार्टमेंट, रश्मि खंड, शारदा नगर योजना, रायबरेली रोड स्थित रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) के नव-निर्वाचित सदस्यों की बैठक लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के निर्देशों के अनुपालन में आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से अमृतांशु मिश्रा को आरडब्ल्यूए का अध्यक्ष चुना गया। इसके साथ ही अन्य पदाधिकारियों का भी आपसी सहमति से चयन किया गया।
बैठक में जितेन्द्र सिंह को उपाध्यक्ष, श्रीमती सुनीता देवी को सचिव तथा सचिन मिश्रा को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। सभी पदाधिकारियों के चयन पर उपस्थित सदस्यों ने उन्हें बधाई देते हुए बेहतर कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष अमृतांशु मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि उनकी प्राथमिकता अपार्टमेंट परिसर में पारदर्शी और सहभागी कार्यप्रणाली स्थापित करना होगी। उन्होंने कहा कि सुरक्षा, स्वच्छता, नियमित रखरखाव और निवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी सदस्यों के साथ मिलकर कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आरडब्ल्यूए का उद्देश्य केवल प्रशासनिक कार्यों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि परिसर में सौहार्दपूर्ण वातावरण, आपसी सहयोग और सामुदायिक विकास को भी बढ़ावा दिया जाएगा। निवासियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी संवाद व्यवस्था विकसित की जाएगी।
बैठक में मौजूद सदस्यों ने विश्वास जताया कि नई कार्यकारिणी के नेतृत्व में रश्मि लोक अपार्टमेंट का समग्र विकास होगा और निवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। नई टीम ने सभी निवासियों से सहयोग की अपील करते हुए परिसर को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने का संकल्प भी दोहराया।


