Lucknow News: ऋचा सिंह की पुस्तक ‘लोकमाता अहिल्याबाई होलकर’ का लोकार्पण

Lucknow News: संस्कृति संवाद 2026 में पुस्तक का विमोचन हुआ। इसमें अहिल्याबाई होलकर के सुशासन, न्यायप्रियता, समाजकल्याण और धार्मिक स्थलों के संरक्षण में योगदान का वर्णन है।

Newstrack Network
Published on: 22 Nov 2026 4:56 PM IST
Richa Singhs book Lokmata Ahilyabai Holkar launched
X

ऋचा सिंह की पुस्तक ‘लोकमाता अहिल्याबाई होलकर’ का लोकार्पण (Photo- Newstrack)

Lucknow News: लखनऊ में 21 नवंबर को साहित्य संस्कृति फाउंडेशन, नई दिल्ली और अंतरराष्ट्रीय बौद्ध अध्ययन संस्थान, लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय संगोष्ठी ‘संस्कृति संवाद 2026’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में लेखिका ऋचा सिंह की पुस्तक ‘लोकमाता अहिल्याबाई होलकर’ का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में साहित्य, संस्कृति और शिक्षा जगत से जुड़े कई विद्वान, साहित्यकार और प्रबुद्धजन मौजूद रहे।

अहिल्याबाई होलकर के जीवन और व्यक्तित्व का किया वर्णन

पुस्तक के लोकार्पण के दौरान लेखिका ऋचा सिंह ने अपनी कृति के बारे में जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि पुस्तक में लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर के प्रेरणादायी जीवन, व्यक्तित्व और कृतित्व को विस्तार से प्रस्तुत किया गया है। इसमें उनके प्रारंभिक जीवन, विवाह, परिवार और माहेश्वरी महल से जुड़े विभिन्न प्रसंगों को शामिल किया गया है। इसके साथ ही उनके विशिष्ट गुणों, विचारधारा, न्यायप्रियता और लोककल्याण के प्रति उनकी सोच का भी वर्णन किया गया है।


सुशासन और धार्मिक स्थलों के संरक्षण में योगदान पर प्रकाश

ऋचा सिंह ने बताया कि पुस्तक में अहिल्याबाई होलकर के सुशासन, समाजकल्याण और लोकहितकारी कार्यों के साथ ही होलकर शासन की गौरवशाली परंपरा को भी रेखांकित किया गया है। इसमें गया के विष्णुपद मंदिर के पुनरुद्धार और वाराणसी के अहिल्याबाई घाट सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के संरक्षण में उनके योगदान को प्रमुखता से जगह दी गई है।

इन कार्यों के माध्यम से पुस्तक में उनकी दूरदर्शिता और सांस्कृतिक चेतना को सामने लाने का प्रयास किया गया है। लेखिका के अनुसार, यह कृति अहिल्याबाई होलकर को एक न्यायप्रिय शासिका और युगांतरकारी व्यक्तित्व के रूप में प्रस्तुत करती है। साथ ही उनके जीवन और कार्यों को आधुनिक समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बताया गया है।


संगोष्ठी में कई विद्वान और साहित्यकार रहे मौजूद

इस अवसर पर पूज्य संत प्रदीप भैया जी महाराज, मध्य प्रदेश के पूर्व प्रशासनिक अधिकारी मनोज श्रीवास्तव, दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर चंदन चौबे और लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रोफेसर सौरभ मालवीय सहित अनेक विद्वान, साहित्यकार एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। राष्ट्रीय संगोष्ठी के दौरान पुस्तक का लोकार्पण कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story