Lucknow: पेट्रोल में एथनॉल मिलावट के विरोध में सपा कार्यकर्ताओं का हजरतगंज में प्रदर्शन

Lucknow News: लखनऊ के हजरतगंज चौराहे पर पेट्रोल में एथनॉल मिलाने के विरोध में सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर इको गार्डन भेजा।

Ashutosh Tripathi
Published on: 8 Aug 2026 12:53 PM IST
Samajwadi Party
X

Samajwadi Party

Lucknow News: पेट्रोल में एथनॉल की मिलावट के विरोध में शनिवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने राजधानी लखनऊ के हजरतगंज चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पेट्रोल में एथनॉल मिलाये जाने को लेकर सवाल उठाए।

सपा कार्यकर्ताओं का आरोप था कि पेट्रोल में एथनॉल की मिलावट बढ़ने से आम वाहन चालकों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। उनका कहना था कि सरकार को इस मुद्दे पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए और जनता को यह बताया जाना चाहिए कि एथनॉल मिश्रित पेट्रोल से वाहन चालकों को वास्तविक रूप से क्या लाभ मिल रहा है।


प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारे लगाए और कहा कि महंगाई के दौर में पहले से ही आम आदमी पेट्रोल-डीजल की कीमतों से परेशान है। ऐसे में ईंधन की गुणवत्ता और वाहनों के माइलेज को लेकर भी उपभोक्ताओं के बीच चिंता बनी हुई है। कार्यकर्ताओं ने सरकार से एथनॉल मिश्रण की नीति की समीक्षा करने की मांग की।


प्रदर्शन के दौरान हजरतगंज चौराहे पर कुछ समय के लिए माहौल गरमा गया। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने और प्रदर्शन समाप्त करने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर मौके पर डटे रहे। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे सपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

पुलिस सभी हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं को बसों के जरिए इको गार्डन लेकर रवाना हुई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी जारी रखी। सपा नेताओं ने कहा कि पेट्रोल में एथनॉल मिश्रण सहित जनहित से जुड़े मुद्दों पर पार्टी लगातार आवाज उठाती रहेगी। उनका कहना था कि सरकार को नीतियां बनाते समय आम उपभोक्ताओं और वाहन चालकों के हितों को प्राथमिकता देनी चाहिए।

Ashutosh Tripathi
ABOUT THE AUTHOR

Ashutosh Tripathi

Chief Photojournalist Mail ID - tripathiashutosh88@gmail.comtripathiashutosh88@gmail.com

आशुतोष त्रिपाठी जन्म 17 अप्रैल 1988 एक भारतीय फोटोग्राफर और फोटो जर्नलिस्ट हैं। पत्रकारिता जीवन की शुरुआत बतौर रिपोर्टर वॉइस ऑफ़ मूवमेंट में हुई, इसके बाद 2013 में नव भारत टाइम्स में एक युवा फोटो जर्नलिस्ट के रूप में कार्यरत थे। आशुतोष त्रिपाठी ने 2007 में एमिटी विश्वविद्यालय से मास्टर इन जर्नलिस्म एंड मास कम्युनिकेशन का कोर्स किया। 2010 में वौइस् ऑफ मूवमेंट अखबार में बतौर रिपोर्टर तीन साल काम किया। इसके बाद 2013 में नव भारत टाइम्स में एक युवा फोटो जर्नलिस्ट के रूप में कार्यरत थे। 2014 में एक फोटोग्राफर बने और एक साल बाद दैनिक भास्कर उत्तर प्रदेश में सीनियर फोटोजर्नलिस्ट के रूप में कार्यरत रहे। 2016 से लगातार newstrack.com में चीफ फोटोजर्नलिस्ट के पद पर कार्यरत हैं। 2015 में एक इनके द्वारा की गयी एक बुजुर्ग टाइपिस्ट की स्टोरी ने पूरी दुनिया ख्याति प्राप्त की। 2016 में इन्हें पत्रकारिता जगत में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए नारद पुरुस्कार से सम्मानित किया गया था । 2017 में फोटोग्राफी क्लब ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित इंटरनेशनल फोटोग्राफी कम्पटीशन में इन्होंने दूसरा स्थान हासिल किया । 2019 में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित कुंभ फोटोग्राफी प्रतियोगिता में इन्होंने तृतीय पुरुस्कार मिला था ।।

Next Story