TRENDING TAGS :
Lucknow: राम मंदिर चंदा मामले पर अखिलेश के बयान के विरोध में सनातन रक्षा संगठन का पैदल मार्च
Lucknow: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के राम मंदिर चंदा मामले पर दिए गए बयान के विरोध में सनातन रक्षा संगठन ने राजधानी में पैदल मार्च निकाला।
Sanatan Raksha Sangathan
Lucknow: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा राम मंदिर चंदा मामले को लेकर दिए गए बयान के विरोध में बुधवार को सनातन रक्षा संगठन के कार्यकर्ताओं ने राजधानी में पैदल मार्च निकाला। संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता हाथों में भगवा ध्वज एवं तख्तियां लेकर सड़कों पर उतरे और अखिलेश यादव के बयान को सनातन आस्था एवं करोड़ों राम भक्तों का अपमान बताया।
पैदल मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कहा कि श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन देश की आस्था और सम्मान का प्रतीक है। ऐसे में बिना किसी ठोस प्रमाण के चंदा चोरी जैसे आरोप लगाना न केवल धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है, बल्कि समाज में भ्रम फैलाने का भी प्रयास है।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि राजनीतिक लाभ के लिए धार्मिक विषयों पर इस तरह के बयान देना उचित नहीं है। उन्होंने मांग की कि सार्वजनिक जीवन से जुड़े नेताओं को अपने बयानों में संयम बरतना चाहिए और आस्था से जुड़े मुद्दों का राजनीतिकरण नहीं करना चाहिए।
मार्च के समापन पर संगठन के प्रतिनिधियों ने प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति एवं राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए अखिलेश यादव के बयान पर उचित कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में भी इस प्रकार की टिप्पणियां की जाती रहीं तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध जारी रखेगा।


