TRENDING TAGS :
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर मौत का मंजर, ट्रक से भिड़ी कार के उड़े परखच्चे; 3 खिलाड़ियों ने गंवाई जान
Sultanpur Road Accident: सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कार ट्रक में जा घुसी। इस हादसे में तीन टेनिस बॉल क्रिकेट खिलाड़ियों की मौत हुई, जबकि तीन गंभीर घायल हैं।
Tennis Ball Cricket Players Accident
Sultanpur Road Accident: यूपी के सुल्तानपुर में बुधवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अर्टिगा कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। हादसे में कार सवार तीन टेनिस बॉल क्रिकेट खिलाड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी खिलाड़ी लखनऊ में मैच खेलने के बाद देवरिया लौट रहे थे।
हादसा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 97.500 के पास हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई। आसपास से गुजर रहे वाहन चालकों और राहगीरों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। इसके बाद मौके पर राहत और बचाव का काम शुरू किया गया।
सूचना मिलते ही यूपीडा के सुरक्षाकर्मी और स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश शुरू की गई और घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया। हालांकि, तब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल तीन खिलाड़ियों को कुमारगंज स्थित सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया।
तीनों घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया
घायलों की पहचान देवरिया जिले के लार थाना क्षेत्र के लखौरा निवासी आनंद यादव (23), पुत्र नंदजी यादव, तैयर बुजुर्ग निवासी राजू (22), पुत्र बृदुल यादव और पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के जमुनी निवासी जयंतो शर्मा (30), पुत्र जनार्दन शर्मा के रूप में हुई है।
तीनों की हालत गंभीर होने के कारण संयुक्त चिकित्सालय के डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज दर्शननगर रेफर कर दिया।
घायल जयंतो शर्मा ने बताया कि वे सभी टेनिस बॉल क्रिकेट खिलाड़ी हैं और लखनऊ में मैच खेलने के बाद देवरिया लौट रहे थे। उनके मुताबिक, यात्रा के दौरान सभी लोग सो रहे थे, इसलिए उन्हें हादसा कैसे हुआ, इसकी जानकारी नहीं हो सकी।
जयंतो ने बताया कि कार में उनके अलावा नित्या प्रजापति (22), इरफान अंसारी (20) और अनिकेत (24) भी सवार थे। ये तीनों भी देवरिया के रहने वाले हैं।
पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से निकल गया। पुलिस उसकी तलाश भी कर रही है।
तीन गांवों में पसरा मातम
हादसे में देवरिया के तीन टेनिस बॉल क्रिकेट खिलाड़ियों की मौत की खबर मिलते ही जिले के तीन गांवों में मातम छा गया। खिलाड़ियों के घर पर ग्रामीणों के साथ बड़ी संख्या में युवा और क्रिकेटर भी पहुंच गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद तीनों मृतकों के परिजन सुल्तानपुर के लिए रवाना हो गए।
हादसे में जान गंवाने वाले दो खिलाड़ी देवरिया के मईल थाना क्षेत्र के रहने वाले थे, जबकि एक खिलाड़ी लार थाना क्षेत्र के चुरिया गांव का निवासी था।
मईल थाना क्षेत्र के बगहा गांव निवासी नित्या प्रजापति पुत्र मनोज प्रजापति, बलिया दक्षिण गांव निवासी इरफान अंसारी उर्फ राज पुत्र इश्तियाक अहमद और लार थाना क्षेत्र के चुरिया गांव निवासी अनिकेत सिंह टेनिस बॉल क्रिकेट के जाने-माने खिलाड़ी थे। तीनों अलग-अलग जगह होने वाले क्रिकेट टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए अक्सर जाते थे।
सीतामढ़ी से लखनऊ पहुंचे थे खिलाड़ी
जानकारी के मुताबिक, सोमवार को तीनों बिहार के सीतामढ़ी में क्रिकेट खेलने गए थे। वहां से इरफान अंसारी की अर्टिगा कार से तीनों मंगलवार को लखनऊ पहुंचे थे। लखनऊ में उन्होंने बीकेजी क्रिकेट टूर्नामेंट में हिस्सा लिया।
टूर्नामेंट खेलने के बाद तीनों रात में ही अर्टिगा कार से देवरिया के लिए वापस निकले थे। इसी दौरान पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सुल्तानपुर के पास उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। इस दुर्घटना में तीनों की मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद कुछ अन्य खिलाड़ी घायल हो गए।
हादसे की खबर मिलते ही तीनों परिवारों में कोहराम मच गया। नित्या प्रजापति के पिता मनोज प्रजापति समेत अन्य परिजन सुल्तानपुर के लिए रवाना हो गए। घटना की जानकारी फैलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और तीनों के घरों पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। इनमें काफी संख्या में युवा क्रिकेटर भी शामिल थे, जो हादसे पर शोक जता रहे थे।
नित्या की दो साल पहले हुई थी शादी
हादसे में जान गंवाने वाले नित्या प्रजापति की शादी दो साल पहले ही हुई थी। उनकी पत्नी कृति गर्भवती हैं। नित्या की मां बिंदु और भाई निखिल का रो-रोकर बुरा हाल है। उनके पिता मनोज प्रजापति क्षेत्र में हलवाई का काम करते हैं।
वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले इरफान अंसारी के पिता दुबई में रहते हैं। उनका भाई एक शोरूम में नौकरी करता है।


