TRENDING TAGS :
राज्यसभा की 8 सीटों पर BJP का पैनल तैयार? 8 सीटों के लिए भेजे 3-3 नाम, राजवीर से स्मृति ईरानी तक इन नामों की चर्चा
UP Rajya Sabha Election 2026: यूपी बीजेपी ने राज्यसभा की 8 सीटों के लिए 3-3 नामों का पैनल केंद्रीय नेतृत्व को भेजा है। जानें किन नेताओं के नाम चर्चा में हैं।
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर बीजेपी में उम्मीदवारों के नामों पर मंथन तेज हो गया है। चर्चा है कि यूपी बीजेपी ने राज्यसभा की 8 सीटों के लिए तीन-तीन नामों का पैनल केंद्रीय नेतृत्व को भेजा है। इस तरह करीब 24 से ज्यादा नामों पर पार्टी के भीतर विचार चल रहा है। अंतिम फैसला बीजेपी का केंद्रीय नेतृत्व करेगा।
चर्चा में जिन नामों को पैनल में शामिल बताया जा रहा है, उनमें:
1. राजवीर सिंह राजू भैया
2. बीएल वर्मा
3. कुमार विश्वास
4. हरीश द्विवेदी
5. सुब्रत पाठक
6. त्र्यंबक त्रिपाठी
7. दुर्विजय शाक्य
8. सुरेश राणा
9. गीता शाक्य
10. रेखा वर्मा
11. प्रियंका रावत
12. कौशल किशोर
13. स्मृति ईरानी
14. कामेश्वर सिंह
15. दिलीप पटेल
16. अनिल अग्रवाल
17. राजेंद्र अग्रवाल
18. ममतेश शाक्
19. रमापति राम त्रिपाठी
20. संजीव बालियान
21. सत्यपाल सिंह
22. हरदीप सिंह पुरी
23. बृजलाल
24. रामशंकर कठेरिया
शामिल बताए जा रहे हैं।
हालांकि इन नामों में से किसी को बीजेपी का आधिकारिक उम्मीदवार नहीं माना जा सकता। तीन-तीन नामों के पैनल में से अंतिम चयन केंद्रीय नेतृत्व करेगा।
37 वोट से जीती जाएगी एक राज्यसभा सीट
उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए 16 अक्टूबर 2026 को मतदान होना है। मौजूदा विधानसभा के गणित के आधार पर एक उम्मीदवार को जीत के लिए 37 वोट चाहिए। चुनाव आयोग ने 29 सितंबर को अधिसूचना जारी करने और 6 अक्टूबर तक नामांकन की तारीख तय की है।
बीजेपी के पास विधानसभा में 256 विधायक हैं। इसके सहयोगी दलों को मिलाकर NDA के पास इससे अधिक संख्या है। यही गणित बीजेपी को 8 सीटों पर उम्मीदवार उतारने की स्थिति में रखता है। हालांकि आठवीं सीट के लिए अतिरिक्त वोटों का प्रबंधन महत्वपूर्ण होगा।
अगर 37 वोट को एक सीट का आधार माना जाए तो 8 सीटों के लिए 296 वोट की जरूरत होगी। इसलिए बीजेपी के सामने अपने सहयोगियों और उपलब्ध अतिरिक्त वोटों के साथ गणित बैठाने की चुनौती होगी।
इन बीजेपी सांसदों का कार्यकाल खत्म हो रहा
राज्यसभा चुनाव में बीजेपी के लिए एक और महत्वपूर्ण पहलू यह है कि यूपी से उसके 8 मौजूदा राज्यसभा सदस्यों की सीटें इस चुनाव चक्र में खाली हो रही हैं। इनमें:
हरदीप सिंह पुरी
अरुण सिंह
बीएल वर्मा
बृजलाल
नीरज शेखर
सीमा द्विवेदी
गीता शाक्य
डॉ. दिनेश शर्मा
शामिल हैं। इन सभी सीटों का कार्यकाल 25 नवंबर 2026 को समाप्त होना था। हालांकि डॉ. दिनेश शर्मा की सीट 11 सितंबर को उनके इस्तीफे के बाद पहले ही रिक्त हो चुकी है, क्योंकि उन्हें अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है।
इस लिहाज से बीजेपी के सामने सिर्फ नए चेहरों को राज्यसभा भेजने का सवाल नहीं है, बल्कि मौजूदा आठ सीटों पर दोबारा किसे मौका दिया जाए और किन नए चेहरों को संसद के उच्च सदन में भेजा जाए, इस पर भी फैसला होना है।
24 से ज्यादा नाम, 8 सीट और केंद्रीय नेतृत्व का फैसला
बीजेपी के पैनल में पूर्व सांसदों, संगठन से जुड़े नेताओं, पूर्व मंत्रियों और मौजूदा राजनीतिक चेहरों के नामों की चर्चा है। इनमें हर क्षेत्र और अलग-अलग सामाजिक समीकरणों को प्रतिनिधित्व देने की कोशिश दिखाई देती है।
अब निगाहें बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व पर हैं कि यूपी से भेजे गए इन नामों में से किन चेहरों को हरी झंडी मिलती है। 8 सीटों के लिए 24 से ज्यादा नामों की चर्चा ने यह साफ कर दिया है कि उम्मीदवार चयन को लेकर बीजेपी में मंथन कई स्तरों पर चल रहा है।
उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों पर चुनाव के बाद सदन में दलों का मौजूदा समीकरण भी बदल सकता है। चुनाव आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक मतदान 16 अक्टूबर को होगा और उसी दिन शाम 5 बजे मतगणना शुरू होगी।



