डेढ़ एक्सप्रेस-वे से 10 तक, 7 शहरों में मेट्रो... योगी ने बताया 2017 के बाद कितना बदल गया यूपी!

UP Connectivity Development: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2017 के बाद यूपी में एक्सप्रेस-वे, एयरपोर्ट और मेट्रो कनेक्टिविटी में बढ़ोतरी का जिक्र किया। जानें सड़क, रेल और हवाई सेवाओं को लेकर उन्होंने क्या कहा।

Newstrack Network
Published on: 29 Oct 2026 12:18 PM IST
Yogi Adityanat
X

Yogi Adityanath 

UP Connectivity Development: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए प्रदेशवासियों को वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में सड़क, रेल, मेट्रो और एयर कनेक्टिविटी में हुई बढ़ोतरी से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि स्पीड, स्केल और कनेक्टिविटी के मंत्र ने उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदल दी है।

2017 से पहले दयनीय थी स्थिति

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिखा कि सड़क, रेल और हवाई संपर्क केवल दूरियां नहीं घटाते, बल्कि ये सुविधा, समय की बचत और समृद्धि की नई संभावनाएं भी लेकर आते हैं। हालांकि, वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में विकास की इन जीवन रेखाओं की स्थिति अत्यंत दयनीय थी।

‘प्रदेश की उड़ान’ नई ऊंचाइयों पर

मुख्यमंत्री ने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने स्पीड, स्केल और कनेक्टिविटी के मंत्र से प्रदेश की तस्वीर बदली है। भाजपा की डबल इंजन सरकार बनने से पहले देश के सबसे अधिक आबादी वाले प्रदेश में मात्र डेढ़ एक्सप्रेस-वे थे। आज प्रदेश में 10 एक्सप्रेस-वे संचालित हैं।

उन्होंने कहा कि पहले हवाई सेवाएं चुनिंदा शहरों तक सीमित थीं, लेकिन आज 12 घरेलू और 5 अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों से प्रदेश की उड़ान नई ऊंचाइयों पर है। इसी तरह, पहले प्रदेश के किसी भी शहर में मेट्रो नहीं चलती थी, जबकि आज 7 शहरों में मेट्रो जनजीवन को नई गति दे रही है।

नागरिकों के जीवन को बदल रही विकास की गति

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि इस परिवर्तन से किसानों की उपज को बड़ा बाजार और उद्यमिता को नए अवसर मिल रहे हैं। युवाओं के लिए शिक्षा और रोजगार तक पहुंच आसान हो रही है। कामकाजी लोगों का समय बच रहा है और पर्यटन का विस्तार भी हो रहा है। इससे स्थानीय परिवारों की आजीविका को नई मजबूती मिल रही है।

उन्होंने कहा कि विकास की यह गति आज गांव से कस्बे और कस्बे से शहर तक नागरिकों के जीवन को बदल रही है। हर क्षेत्र को अवसर, हर उद्यम को सामर्थ्य और हर परिवार के जीवन में बढ़ती खुशहाली ‘नए भारत’ के ‘नए उत्तर प्रदेश’ की नई पहचान है।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story