3 करोड़ किसानों के खाते में एक लाख करोड़, 86 लाख का कर्ज माफ; योगी ने गिनाईं योजनाएं

UP Farmers Schemes: यूपी में किसानों के लिए पीएम किसान सम्मान निधि, कर्ज माफी और फसल क्षतिपूर्ति से जुड़े आंकड़े सामने आए हैं। जानें मुख्यमंत्री योगी ने क्या बताया।

Newstrack Network
Published on: 9 Oct 2026 2:09 PM IST (Updated on: 9 Oct 2026 2:11 PM IST)
PM Kisan Samman Nidhi
X

UP Farmers Schemes 

UP Farmers Schemes: जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से नई पहचान मिलेगी। योगी कैबिनेट ने शुक्रवार को एयरपोर्ट का नाम ‘नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट नोएडा जेवर’ रखने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकभवन के मीडिया सेंटर में दोनों उपमुख्यमंत्रियों और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगियों की मौजूदगी में पत्रकार वार्ता कर इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से उत्तर प्रदेश देश के सबसे बड़े विमानन केंद्र के रूप में विकसित होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार प्रमुख के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्ष की अविराम सेवा यात्रा के अभिनंदन में मंत्रिपरिषद ने विशेष प्रस्ताव पारित किया है। सात अक्टूबर को इस यात्रा के 25 वर्ष पूरे हुए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उत्तर प्रदेश से सांसद के रूप में देश का नेतृत्व कर रहे हैं। वर्ष 2014 में काशी आने पर उन्होंने कहा था कि उन्हें मां गंगा ने बुलाया है। काशी से शुरू हुआ यह आत्मीय संबंध प्रदेश के विकास का आधार बना है।

पहले असुरक्षा, अब निवेश की पहचान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश प्रशासनिक शिथिलता, असुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझ रहा था। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश में पारदर्शी और तकनीक आधारित शासन व्यवस्था अपनाई गई। इससे कानून व्यवस्था मजबूत हुई और निवेश के लिए अनुकूल वातावरण बना। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के समन्वय से उत्तर प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।


60 हजार करोड़ रुपये से बने 42 राष्ट्रीय राजमार्ग

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में करीब 60 हजार करोड़ रुपये की लागत से 2,483 किलोमीटर लंबे 42 राष्ट्रीय राजमार्ग बनाए गए हैं। दिल्ली-सहारनपुर-देहरादून, दिल्ली-मेरठ और कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे पूरे हो चुके हैं। वहीं, 30 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत से दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत ट्रेन का संचालन शुरू हुआ है।

उन्होंने बताया कि लखनऊ, कानपुर, आगरा, मेरठ, गाजियाबाद और नोएडा-ग्रेटर नोएडा में मेट्रो नेटवर्क का विस्तार किया गया है।

ब्रह्मोस यूनिट और पीएम मित्रा पार्क से औद्योगिक विकास

मुख्यमंत्री के मुताबिक, दादरी में पूर्वी और पश्चिमी मालवाहक रेल गलियारों का जंक्शन बना है। इन गलियारों का 1,050 किलोमीटर से अधिक हिस्सा उत्तर प्रदेश से होकर गुजरता है। वाराणसी में देश का पहला मल्टीमॉडल इनलैंड पोर्ट टर्मिनल और 100 एकड़ का फ्रेट विलेज विकसित हुआ है।

इसके अलावा लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल असेंबली यूनिट, रक्षा औद्योगिक गलियारा और एक हजार एकड़ में पीएम मित्रा टेक्सटाइल पार्क औद्योगिक विकास को गति दे रहे हैं।


तीन करोड़ किसानों के खातों में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक

मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत उत्तर प्रदेश में तीन करोड़ से अधिक किसानों के खातों में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि भेजी गई है। प्रदेश के 86 लाख लघु एवं सीमांत किसानों का कर्ज माफ किया गया। किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से 13.42 लाख करोड़ रुपये से अधिक का फसली ऋण वितरित हुआ है। इसके लिए 5.50 करोड़ किसान क्रेडिट कार्ड का उल्लेख किया गया।

उन्होंने बताया कि 79.51 लाख किसानों को फसल क्षतिपूर्ति दी गई, जबकि गन्ना किसानों को 3.30 लाख करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया गया है।

65 लाख परिवारों को आवास, 15 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 65 लाख से अधिक गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर मिले हैं। 3.67 करोड़ राशन कार्डधारक परिवारों के करीब 15 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है।

जल जीवन मिशन के तहत 2.46 करोड़ ग्रामीण परिवारों को नल कनेक्शन दिए गए हैं। प्रदेश में 3.37 करोड़ शौचालय और 59,183 सामुदायिक शौचालय बनाए गए हैं। उज्ज्वला योजना के तहत 1.86 करोड़ मुफ्त गैस कनेक्शन दिए गए। इसके अलावा राज्य सरकार होली और दीपावली पर मुफ्त गैस सिलेंडर उपलब्ध करा रही है।


आयुष्मान योजना से 18,798 करोड़ रुपये का मुफ्त इलाज

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में छह करोड़ से अधिक आयुष्मान कार्ड जारी किए गए हैं। इनके माध्यम से 9.90 करोड़ से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा मिली है। उन्होंने कहा कि 1.09 करोड़ गंभीर रोगियों को 18,798 करोड़ रुपये का मुफ्त उपचार मिला है। वहीं, आरोग्य मेलों में 14.67 करोड़ लोगों का उपचार किया गया। गोरखपुर और रायबरेली में एम्स संचालित हैं।

साढ़े नौ लाख सरकारी नौकरियां, 62 लाख युवाओं को स्मार्टफोन-टैबलेट

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में 9.50 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी गई हैं, जबकि निजी क्षेत्र में 65 लाख नियुक्तियां हुई हैं। इसके साथ ही 31.11 लाख युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया और 62 लाख से अधिक युवाओं को स्मार्टफोन तथा टैबलेट वितरित किए गए।

उन्होंने बताया कि मेरठ में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय, काशी में आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के माध्यम से खिलाड़ियों को नए अवसर मिले हैं।

एक करोड़ से अधिक महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ीं

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 10 लाख स्वयं सहायता समूहों से एक करोड़ से अधिक महिलाएं जुड़ी हैं। पीएम स्वनिधि योजना के तहत 15 लाख रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को सहायता दी गई है। वहीं, स्वामित्व योजना के माध्यम से 1.10 करोड़ ग्रामीण परिवारों को घरौनी मिली है।

उन्होंने कहा कि पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को 10 प्रतिशत आरक्षण भी प्रधानमंत्री के नेतृत्व में मिला है।

ओडीओपी को वैश्विक पहचान, कृषि उत्पादन में यूपी अग्रणी

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति को काशी की गुलाब मीनाकारी, जापान के प्रधानमंत्री को निजामाबाद की ब्लैक पॉटरी और फ्रांस के राष्ट्रपति को कन्नौज का इत्र भेंट किया। लखनऊ की जरदोजी को भी अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है।

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश खाद्यान्न, दूध, गन्ना, आम, आंवला और मिलेट उत्पादन में अग्रणी है। इन उत्पादों और पारंपरिक शिल्प को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने के प्रयास किए गए हैं।


राम मंदिर से विश्वनाथ धाम तक सांस्कृतिक पुनर्जागरण

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रयासों से अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हुई और काशी विश्वनाथ धाम का विस्तार किया गया। मां अन्नपूर्णा की प्रतिमा और पिपरहवा के बौद्ध अवशेष विदेश से वापस लाए गए।

उन्होंने बताया कि महाकुंभ में 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालु पहुंचे। काशी तमिल संगमम, बौद्ध सर्किट, संत रविदास जन्मस्थली, चौरी-चौरा शताब्दी समारोह और राष्ट्र प्रेरणा स्थल ने प्रदेश की विरासत को नई पहचान दी है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि महामना मदन मोहन मालवीय और चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न से सम्मानित किया गया।

विकसित भारत-2047 का संकल्प दोहराया

मुख्यमंत्री ने कहा कि मंत्रिपरिषद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्ष की सेवा यात्रा का अभिनंदन करते हुए विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित भारत-2047 के संकल्प को दोहराया है। सरकार इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेगी।

पत्रकार वार्ता में ये नेता रहे मौजूद

लोकभवन के मीडिया सेंटर में आयोजित पत्रकार वार्ता में दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक मौजूद रहे। इनके अलावा कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल, ओम प्रकाश राजभर, संजय निषाद और अनिल कुमार भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story