TRENDING TAGS :
Lucknow: नीट रिएग्जाम को लेकर लखनऊ में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, पुलिस अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक
Lucknow: नीट री-एग्जाम को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए लखनऊ पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। संयुक्त पुलिस आयुक्त बबलू कुमार ने अधिकारियों के साथ बैठक कर परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा की समीक्षा की।
Lucknow News
Lucknow: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा नीट की 21 जून को प्रस्तावित रिएग्जाम को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए लखनऊ पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं। इसी क्रम में शनिवार को ज्वाइंट सीपी बबलू कुमार ने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक में परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन तथा अभ्यर्थियों को सुगम वातावरण उपलब्ध कराने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। संयुक्त पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया जाए और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अनियमितता को रोकने के लिए सतर्कता बरती जाए।
पुलिस प्रशासन की ओर से परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा घेरा भी मजबूत किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा केंद्रों के 50 मीटर के दायरे में अनधिकृत व्यक्तियों और वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। केवल परीक्षार्थियों, केंद्र कर्मियों और अधिकृत अधिकारियों को ही निर्धारित क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। इसके अलावा परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। परीक्षा केंद्रों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विशेष निगरानी व्यवस्था भी की गई है।
संयुक्त पुलिस आयुक्त बबलू कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। साथ ही अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका भी विशेष ध्यान रखा जाए। पुलिस प्रशासन का कहना है कि सभी सुरक्षा उपायों का उद्देश्य परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है, ताकि अभ्यर्थी बिना किसी तनाव के परीक्षा दे सकें।


