UP MLC Result 2026: लखनऊ में सपा की कांति सिंह भारी अंतर से जीतीं, BJP धराशायी

UP MLC Election Result 2026: लखनऊ स्नातक सीट पर सपा की कांति सिंह की बड़ी जीत, वाराणसी में मतगणना पर बवाल और अखिलेश यादव की प्रशासन को चेतावनी। जानें यूपी विधान परिषद चुनाव के ताजा नतीजे।

Alakha Singh
Published on: 28 Oct 2026 11:40 PM IST
UP MLC  Result 2026: लखनऊ में सपा की कांति सिंह भारी अंतर से जीतीं, BJP धराशायी
X

Lucknow MLC Result: उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव की मतगणना में भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच सियासी टकराव के बाद लखनऊ स्नातक सीट से सपा की कान्ति सिंह ने भारी अंतर से जीत दर्ज की है। लखनऊ की स्नातक सीट पर सपा प्रत्याशी कांति सिंह ने 17,127 वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर भाजपा को पछाड़ा है। वहीं, वाराणसी में स्नातक सीट की मतगणना के दौरान हंगामे ने चुनावी माहौल को और गरमा दिया। सपा प्रत्याशी की बढ़त के बीच काउंटिंग रोके जाने पर भाजपा कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस घटनाक्रम पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए प्रशासन को चेतावनी दी है।

वाराणसी में सपा की बढ़त के बीच हंगामा, अखिलेश ने दी चेतावनी

वाराणसी स्नातक सीट पर सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा की बढ़त के बीच मतगणना केंद्र पर विवाद भड़क गया। सपा का आरोप है कि बढ़त के बावजूद काउंटिंग रोककर चुनावी प्रक्रिया में बाधा डाली जा रही है। दूसरी ओर, भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी मतगणना को लेकर आपत्तियां उठाईं। विवाद के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत की और मतगणना केंद्र पर प्रवेश के नियमों का पालन कराने की बात कही।

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “नाइंसाफी इतनी भी नहीं होनी चाहिए कि लोग नैतिकता की सीमाएं तोड़ने पर मजबूर हो जाएं।” उन्होंने दावा किया कि हजारों कार्यकर्ता मतगणना केंद्र की ओर बढ़ रहे हैं। अखिलेश ने री-काउंटिंग को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इससे कुछ हासिल नहीं होगा और पीडीए प्रहरी पूरी तरह सजग हैं।

11 सीटों पर मुकाबला, भाजपा और सपा के बीच कांटे की टक्कर

उत्तर प्रदेश विधान परिषद की पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की 11 सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था। मतगणना में भाजपा ने छह सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि सपा ने तीन सीटें अपने नाम कीं। बाकी सीटों पर मतगणना के दौरान मुकाबला जारी होने की खबरें आईं।

भाजपा ने मेरठ स्नातक, मेरठ शिक्षक, बरेली-मुरादाबाद शिक्षक, लखनऊ शिक्षक, आगरा स्नातक और गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सीटों पर जीत दर्ज की। सपा के खाते में इलाहाबाद-झांसी स्नातक, वाराणसी शिक्षक और आगरा शिक्षक सीटें आईं। इलाहाबाद-झांसी स्नातक सीट पर सपा के डॉ. मान सिंह यादव ने भाजपा के अशोक कुमार राठौर को 27,663 मतों से हराया।

गोरखपुर में भाजपा की जीत, निर्दलीय प्रत्याशी को 307 वोटों से हराया

गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के ध्रुव त्रिपाठी ने निर्दलीय प्रत्याशी राजीव यादव को बेहद करीबी मुकाबले में शिकस्त दी। शुरुआती रिपोर्टों में जीत का अंतर 307 वोट बताया गया, जबकि कुछ रिपोर्टों में 276 वोट का अंतर दर्ज हुआ। इस सीट पर कांटे की टक्कर ने मतगणना के दौरान सबका ध्यान खींचा।

Alakha Singh
ABOUT THE AUTHOR

Alakha Singh

alakhsingh2025@hotmail.com

Alakha Singh is a Senior journalist with having more than one decade of experience in digital media. Alakha Singh has covered Loksabha Elections 2014 and 2019 closely with the several state assembly elections. He has expertise in SEO oriented content writing on various topics and issues. At HT Digital Alakha Singh has been recognised as one of the top performer of the team for many years continuously. At Livehindustan Alakha has worked on National, States and Utility beats (Career Beat in last 4 years mainly), Earlier he worked with HT Digital for more than 8 years and 2.5 years with Amar Ujala web. In initial days of his career Alakha Singh also worked as a reporter (stringer) with NBT Gurgaon. He pursued P.G. Diploma in Journalism from South Campus, University of Delhi in 2013 and MAMC from Kurukshetra University in 2014. He Belongs to District Banda of Uttar Pradesh.

Next Story