राज्यसभा चुनाव 2026: सपा उतारेगी तीसरा प्रत्याशी, रविदास मेहरोत्रा ने किया नामांकन का दावा

UP Rajya Sabha Election 2026: रविदास मेहरोत्रा के मुताबिक, तीसरे प्रत्याशी के नामांकन पत्र पर प्रस्तावक के तौर पर हस्ताक्षर करने के लिए उन्हें बुलाया गया है।

Rajan Kashyap
Published on: 5 Oct 2026 2:22 PM IST
UP Rajya Sabha Election 2026
X

UP Rajya Sabha Election 2026

UP Rajya Sabha Election 2026: उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने तीसरे प्रत्याशी को मैदान में उतारने का फैसला कर लिया है। सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा ने दावा किया है कि पार्टी का तीसरा प्रत्याशी कल सुबह 11 बजे नामांकन दाखिल करेगा।

रविदास मेहरोत्रा के मुताबिक, तीसरे प्रत्याशी के नामांकन पत्र पर प्रस्तावक के तौर पर हस्ताक्षर करने के लिए उन्हें बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि आज ही तीसरे प्रत्याशी के नामांकन की प्रक्रिया के लिए प्रस्तावकों से हस्ताक्षर कराए जा रहे हैं और कल 11 बजे नामांकन दाखिल किया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि वह सपा के तीसरे राज्यसभा प्रत्याशी के नामांकन में प्रस्तावक के तौर पर शामिल होंगे।

गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी पहले ही प्रो. रामगोपाल यादव और धनराज परिमल नथवानी को राज्यसभा उम्मीदवार घोषित कर चुकी है और दोनों नामांकन दाखिल कर चुके हैं।

तीसरे उम्मीदवार को लेकर पिछले कई दिनों से सस्पेंस बना हुआ था। सपा की ओर से तीसरा उम्मीदवार उतारने की बात पहले भी पार्टी नेताओं की ओर से कही गई थी। सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने भी इसकी पुष्टि की थी कि पार्टी उत्तर प्रदेश से राज्यसभा चुनाव में तीसरा उम्मीदवार उतारेगी।

अब रविदास मेहरोत्रा के ताजा दावे के बाद यह साफ हो गया है कि सपा तीसरी सीट के लिए भी चुनाव मैदान में उतरने जा रही है। हालांकि तीसरे प्रत्याशी के नाम की औपचारिक घोषणा अभी पार्टी की ओर से बाकी है।

कल सुबह 11 बजे होगा नामांकन

रविदास मेहरोत्रा के बयान के मुताबिक, तीसरे प्रत्याशी का नामांकन कल सुबह 11 बजे होगा। नामांकन के दौरान सपा के वरिष्ठ नेताओं और विधायकों के मौजूद रहने की संभावना है।

तीसरे प्रत्याशी के मैदान में आने के बाद उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के चुनाव में मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। सपा के पास अपने दम पर दो सीटों के लिए पर्याप्त संख्या बल माना जा रहा है, जबकि तीसरी सीट के लिए उसे अतिरिक्त समर्थन की जरूरत होगी।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि अखिलेश यादव तीसरी सीट के लिए किस चेहरे पर दांव लगाते हैं और उस उम्मीदवार के समर्थन में सपा कितने विधायकों को जुटा पाती है।

Rajan Kashyap
ABOUT THE AUTHOR

Rajan Kashyap

Reporter - LucknowRajan.kashyap47@gmail.com
Next Story