TRENDING TAGS :
Samajwadi Party Protest: महंगाई के खिलाफ सपा का बैलगाड़ी प्रदर्शन, जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव
Samajwadi Party Protest: लखनऊ में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई और गैस सिलेंडर के दामों के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन किया। बैलगाड़ी पर सवार होकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे।
Samajwadi Party
Samajwadi Party Protest: बढ़ती महंगाई, गैस सिलेंडर के दामों और आम जनता से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को राजधानी लखनऊ में अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। कैसरबाग स्थित समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता बैलगाड़ी के साथ प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और वहां घेराव कर अपनी नाराजगी जताई।
प्रदर्शन का नेतृत्व सपा के स्थानीय पदाधिकारियों ने किया। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और पार्टी के झंडे लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लगातार बढ़ रही महंगाई ने आम लोगों का जीवन मुश्किल बना दिया है। रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल और दैनिक उपयोग की वस्तुओं के बढ़ते दामों से गरीब और मध्यम वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहा है।
सपा नेताओं ने कहा कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह विफल रही है। जनता को राहत देने के बजाय लगातार आर्थिक बोझ बढ़ाया जा रहा है। इसी के विरोध में बैलगाड़ी के माध्यम से प्रदर्शन कर सरकार को यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि बढ़ती महंगाई के कारण आम आदमी का जीवन पीछे की ओर जा रहा है।
जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचने के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में महंगाई पर नियंत्रण, गैस सिलेंडर की कीमतों में कमी और आम जनता को राहत देने की मांग की गई।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जनता से जुड़े मुद्दों का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


