TRENDING TAGS :
शिक्षामित्रों की बल्ले-बल्ले! मानदेय ₹10 हजार से बढ़कर ₹18 हजार, 460 करोड़ जारी
UP Shikshamitra Honorarium: यूपी में शिक्षामित्रों का मानदेय ₹10 हजार से बढ़ाकर ₹18 हजार प्रतिमाह किया गया है। सितंबर-अक्टूबर के भुगतान के लिए ₹460.23 करोड़ जारी किए गए हैं।
Shikshamitra Honorarium
UP Shikshamitra Honorarium: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने समग्र शिक्षा के अंतर्गत कार्यरत शिक्षामित्रों के मानदेय में बढ़ोतरी करते हुए उन्हें आर्थिक संबल प्रदान किया है। मानदेय की राशि 10 हजार रुपये से बढ़ाकर 18 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने के बाद अब शैक्षिक सत्र 2026-27 में कार्यरत 1,27,841 शिक्षामित्रों के सितंबर और अक्टूबर माह के मानदेय भुगतान के लिए 460.23 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की गई है। दोनों महीनों के भुगतान के लिए जनपदवार धनराशि निर्धारित की गई है।
सितंबर माह के मानदेय के लिए 230.11 करोड़ रुपये और अक्टूबर माह के लिए भी 230.11 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। इस तरह दोनों महीनों के लिए कुल 460.23 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। संबंधित जनपदों को निर्धारित आवंटन के अनुसार शिक्षामित्रों के मानदेय भुगतान की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
करीब 1.28 लाख शिक्षामित्रों को मिलेगा लाभ
शैक्षिक सत्र 2026-27 में समग्र शिक्षा के अंतर्गत कार्यरत 1,27,841 शिक्षामित्र इस बढ़ी हुई दर पर मानदेय के दायरे में आएंगे। प्रदेश के करीब 1.28 लाख शिक्षामित्रों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। जनपदवार आवंटन के माध्यम से सितंबर और अक्टूबर के मानदेय के भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
मानदेय में 80 प्रतिशत की वृद्धि
योगी सरकार ने समग्र शिक्षा के अंतर्गत शिक्षामित्रों के मानदेय में 8 हजार रुपये प्रतिमाह की वृद्धि की है। इसके बाद मानदेय 10 हजार रुपये से बढ़कर 18 हजार रुपये प्रतिमाह हो गया है। यानी मानदेय में 80 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। बढ़ी हुई दर से भुगतान होने से शिक्षामित्रों को अतिरिक्त आर्थिक संबल मिलने की बात कही गई है।
बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने कहा कि सरकार ने शिक्षामित्रों के मानदेय में उल्लेखनीय वृद्धि कर उनके आर्थिक हितों को मजबूती दी है। सितंबर और अक्टूबर के लिए 460.23 करोड़ रुपये जारी होना शिक्षामित्रों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है।
वहीं, स्कूल शिक्षा की महानिदेशक मोनिका रानी ने कहा कि मानदेय में वृद्धि से शिक्षामित्रों को अतिरिक्त आर्थिक संबल मिलेगा। इससे वे अधिक उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ विद्यालयों में अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए विद्यार्थियों की सीखने की प्रक्रिया को सशक्त बनाने में योगदान दे सकेंगे।


