TRENDING TAGS :
UP News: 'मुंबई से अगवा, यूपी में छुपाया…', यूपी STF ने 3 अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर रियल एस्टेट कारोबारी को किया बरामद
UP News: मुंबई के ओशिवरा से अपहरण हुए रियल एस्टेट कारोबारी को यूपी एसटीएफ और मुंबई पुलिस की संयुक्त टीम ने बांदा से सकुशल बरामद किया। अपहरण की वजह 50 लाख की उधारी थी। एसटीएफ ने 3 अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार किया। आपको बता दें कि रियल स्टेट कारोबारी को दिल्ली, आगरा, कानपुर घुमा कर बांदा में छिपाया गया था।
UP STF Rescues Mumbai Real Estate Businessman from Banda
UP News: मुंबई में रहने वाले एक रियल एस्टेट कारोबारी को 50 लाख रुपए की उधारी का पैसा न चुकाना भारी पड़ गया। उधारी देने वाले व्यापारी ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर कारोबारी का अपहरण कर लिया और फिर उसे दिल्ली, आगरा, कानपुर से होते हुए यूपी के बॉदा जिले में छिपा दिया। यूपी एसटीएफ और मुंबई पुलिस ने मिलकर 16 जुलाई की रात बॉदा से कारोबारी को सकुशल छुड़ाया और तीन अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।
कारोबारी का मुंबई से किया अपहरण, फिर कई शहरों में घुमाया
रियल एस्टेट का काम करने वाले साजिद इलेक्ट्रिक वाला का अपहरण 12 जून 2025 को मुंबई के ओशिवरा थाना क्षेत्र से हुआ था। मामले में एफआईआर दर्ज कर मुंबई पुलिस ने जब जांच की, तो पता चला कि साजिद को दिल्ली, आगरा, कानपुर और फिर बॉदा तक घुमाया गया। अपहरणकर्ताओं ने उसे बुरी तरह प्रताड़ित भी किया और 50 लाख की फिरौती वसूलने के बाद भी और पैसे की मांग करने लगे।
यूपी एसटीएफ ने बॉदा से दबोचे तीन अपहरणकर्ता
यूपी एसटीएफ को 16 जुलाई की रात सूचना मिली कि कारोबारी को बॉदा में छिपाकर रखा गया है। इस पर एसटीएफ प्रयागराज और मुंबई पुलिस की संयुक्त टीम ने बबेरू रोड, कालू कुआं (कोतवाली नगर थाना क्षेत्र) से रात सवा 12 बजे छापा मारकर तीन अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार किया और साजिद को सकुशल छुड़ाया।
उधार ली हुई रकम न लौटाने के चलते रची अपहरण की साजिश
गिरफ्तार मुख्य आरोपी सरवर खान उर्फ इश्तियाक, बॉदा के हरदौली गांव का रहने वाला है और मुंबई के वडाला में कपड़ों का थोक व्यापारी है। उसने पूछताछ में बताया कि साजिद ने उससे 50 लाख रुपये उधार लिए थे, जो लौटाए नहीं। इसी से नाराज होकर सरवर ने अपने साथियों प्रतापगढ में रहने वाले महताब और महाराष्ट्र के रहने वाले राहुल रघुनाथ सावंत के साथ मिलकर साजिद का अपहरण कर लिया। इस केस में एक और आरोपी युनूस को पहले ही मुंबई पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।


