Lucknow News: यूपी टी-20 बनेगा युवा क्रिकेटरों की उड़ान का मंच, सीएम योगी बोले- प्रतिभाओं को मिलेंगे अधिक अवसर

Lucknow News: सीएम योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में यूपी टी-20 लीग के विशेष सीजन का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि छह टीमें प्रदेश के युवा क्रिकेटरों को बड़ा मंच दे रही हैं और खेलों से टीम भावना व स्वस्थ प्रतिस्पर्धा विकसित होती है।

Newstrack Network
Published on: 14 Aug 2026 11:30 PM IST (Updated on: 14 Aug 2026 11:30 PM IST)
Lucknow News
X

Lucknow News (Image Credit-Newstrack)

लखनऊ, 14 अगस्त। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 25 करोड़ की आबादी वाले उत्तर प्रदेश में क्रिकेट की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है। यूपी टी-20 लीग प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाले युवा क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच उपलब्ध करा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी टी-20 के विशेष सीजन में प्रदेश की छह टीमें हिस्सा ले रही हैं, यह देखकर उन्हें खुशी हो रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ स्थित अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में यूपी टी-20 लीग के विशेष सीजन का शुभारंभ किया। उद्घाटन मुकाबले में काशी रुद्रा और मेरठ की टीमें आमने-सामने रहीं।

काशी से मेरठ तक क्रिकेट के जरिए जुड़ा यूपी

मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी टी-20 में काशी रुद्रा, मेरठ, लखनऊ, गोरखपुर, कानपुर और नोएडा की टीमें हिस्सा ले रही हैं। इन टीमों के जरिए पूर्वांचल से लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक के खिलाड़ियों को एक मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी माहौल मिलता है। इसके साथ ही कोच, मेंटर, सपोर्ट स्टाफ और स्टेडियम से जुड़े लोगों को भी अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलता है। बेहतर प्रशिक्षण और मार्गदर्शन से युवा क्रिकेटरों की प्रतिभा को और निखारा जा सकता है।

यूपी के युवाओं के सपनों को उड़ान देगा लीग

सीएम योगी ने कहा कि यूपी टी-20 सिर्फ एक क्रिकेट प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि प्रदेश के युवाओं के सपनों को उड़ान देने वाला मंच है। अलग-अलग जिलों और क्षेत्रों से आने वाले खिलाड़ियों को बड़े स्तर पर प्रदर्शन करने का मौका मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश में क्रिकेट का आधार मजबूत होगा और भविष्य में उत्तर प्रदेश से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार होने की संभावनाएं बढ़ेंगी। प्रदेश सरकार खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं में खेलों के प्रति आकर्षण बढ़ता है और उन्हें अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगाने की प्रेरणा मिलती है।

‘फिट युवा ही बनाएंगे फिट इंडिया का मजबूत आधार’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘फिट इंडिया’ विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि फिट युवा ही देश के स्वस्थ और मजबूत भविष्य की नींव तैयार करेंगे।

उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं हैं। खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित करते हैं। यूपी टी-20 जैसे आयोजन युवाओं को खेलों से जोड़ने के साथ उन्हें बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा साबित करने का अवसर देते हैं।

बीसीसीआई उपाध्यक्ष के सामने रखी थी क्रिकेट के अवसर बढ़ाने की बात

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें वह समय याद है, जब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों के आयोजन के दौरान उन्होंने बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला के सामने उत्तर प्रदेश में क्रिकेट के अवसर बढ़ाने की बात रखी थी।

उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की छह टीमें यूपी टी-20 के विशेष सीजन में हिस्सा ले रही हैं। यह बदलाव देखकर उन्हें खुशी हो रही है।

आजादी की पूर्व संध्या पर विशेष आयोजन

मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के 80वें दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित यूपी टी-20 का यह आयोजन विशेष महत्व रखता है। उन्होंने प्रदेश के युवाओं और क्रिकेट प्रेमियों से लीग से जुड़ने और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की।

उन्होंने यूपी टी-20 से जुड़े सभी खिलाड़ियों, टीमों, कोच, सहयोगी स्टाफ और क्रिकेट प्रेमियों को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव, विधान परिषद सदस्य डॉ. महेंद्र सिंह, बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना, युवा क्रिकेटर अभिषेक शर्मा, यूपी टी-20 की विभिन्न टीमों के कप्तान तथा प्रसिद्ध गायक एवं संगीतकार शंकर महादेवन मौजूद रहे।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story