TRENDING TAGS :
Lucknow News: यूपी में पर्यटन अवसंरचना का विस्तार: छोटे शहरों तक पहुंचेगा राही टूरिस्ट लॉज नेटवर्क
Lucknow News: योगी सरकार के विजन के तहत यूपी में पर्यटन अवसंरचना को मजबूती मिल रही है। छोटे शहरों और इको टूरिज्म स्थलों पर राही टूरिस्ट लॉज का निर्माण व नवीनीकरण किया जा रहा है।
Lucknow News(Photo-Social Media)
Lucknow News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप उत्तर प्रदेश में धार्मिक, सांस्कृतिक और इको टूरिज्म को नई गति मिल रही है। काशी, मथुरा, आगरा, अयोध्या और प्रयागराज जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की संख्या में निरंतर वृद्धि को देखते हुए योगी सरकार अब छोटे शहरों में भी पर्यटन अवसंरचना को मजबूत करने की दिशा में ठोस कदम उठा रही है।
इसी क्रम में उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) द्वारा प्रदेश के विभिन्न जनपदों में राही टूरिस्ट लॉज का निर्माण कराया जा रहा है। साथ ही पहले से मौजूद राही टूरिस्ट लॉजों का रेनोवेशन और सौंदर्यीकरण भी किया जा रहा है। इसका उद्देश्य पर्यटकों को बेहतर आवास, खानपान और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि धार्मिक, सांस्कृतिक और इको टूरिज्म स्थलों पर आने वाले सैलानियों को सहज अनुभव मिल सके।
प्रदेश में 11 नए राही टूरिस्ट लॉज और बंगले
पर्यटन विभाग द्वारा प्रदेश के विभिन्न जनपदों में 11 राही टूरिस्ट लॉजों और बंगलों का निर्माण पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत कराया जा रहा है। मथुरा के गोकुलगांव, आगरा के बटेश्वर, कासगंज के सोरों और सीतापुर में राही टूरिस्ट बंगले विकसित किए जाएंगे। इसके साथ ही प्राकृतिक पर्यटन स्थलों के समीप एटा के पटना पक्षी विहार, हरदोई की सांडी झील और बुलंदशहर के नरौरा में राही टूरिस्ट लॉज बनाए जा रहे हैं। वहीं प्रतापगढ़ के भूपियामऊ, औरैया के देवकली, बदायूं के कछला घाट और शामली के कांधला में भी नए टूरिस्ट लॉज विकसित किए जा रहे हैं।
योगी सरकार का उद्देश्य इन परिसंपत्तियों के माध्यम से पर्यटकों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित करना और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देना है। यूपीएसटीडीसी के ‘राही’ टूरिस्ट लॉज प्रदेश की पर्यटन अवसंरचना को नई मजबूती प्रदान करेंगे और उत्तर प्रदेश को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर और अधिक सशक्त बनाएंगे।
प्रयागराज, वाराणसी और चित्रकूट में रेनोवेशन कार्य
महाकुंभ और माघ मेले जैसे भव्य आयोजनों के दौरान प्रयागराज में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए यूपीएसटीडीसी द्वारा प्रयागराज में यमुना नदी के किनारे स्थित होटल राही त्रिवेणी दर्शन में नए भवन का निर्माण कराया गया है, जिससे आवासीय क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
इसके अतिरिक्त प्रयागराज स्थित होटल राही इलावर्त में इंटीरियर डेकोरेशन का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। वाराणसी के सारनाथ में स्थित राही टूरिस्ट लॉज में सुविधाओं के विकास और नवीनीकरण का कार्य जारी है। वहीं धार्मिक स्थल चित्रकूट में स्थित राही टूरिस्ट लॉज के पार्ट-ए और पार्ट-बी का नवीनीकरण कार्य पूरा किया जा चुका है। बलरामपुर में भी टूरिस्ट लॉज के नवीनीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है।


