TRENDING TAGS :
यूपी में 1,219 करोड़ का निवेश करेगा CNH, योगी सरकार की नीतियों से प्रभावित हुआ उद्योग जगत
Lucknow News: यीडा क्षेत्र में CNH 1,219 करोड़ रुपये से ट्रैक्टर विनिर्माण संयंत्र लगाएगा। कंपनी के इंडिया रीजन प्रेसिडेंट नरेंद्र मित्तल ने यूपी की औद्योगिक नीतियों और सीएम योगी की सराहना की।
Lucknow News: यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) क्षेत्र में 1,219 करोड़ रुपये की लागत से सीएनएच का ट्रैक्टर विनिर्माण संयंत्र स्थापित किया जा रहा है। इसके भूमि पूजन कार्यक्रम में कंपनी के इंडिया रीजन प्रेसिडेंट नरेंद्र मित्तल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए अनुकूल माहौल बना है। प्रदेश सरकार की उद्योग अनुकूल नीतियों और निरंतर सहयोग से निवेश को बढ़ावा मिला है। इससे औद्योगिक विकास, नवाचार और रोजगार के नए अवसर बढ़ेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए नरेंद्र मित्तल ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार के निरंतर सहयोग और सीएनएच पर जताए गए विश्वास ने इस निवेश को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मुख्यमंत्री का नेतृत्व प्रदेश में उद्योगों के विकास के लिए सकारात्मक और अनुकूल वातावरण तैयार करने में सहायक रहा है। इसी का परिणाम है कि उद्योग जगत उत्तर प्रदेश को निवेश के एक महत्वपूर्ण गंतव्य के रूप में देख रहा है।
उन्होंने कहा कि सीएनएच का यह निवेश महज एक विनिर्माण संयंत्र की स्थापना तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके व्यापक आर्थिक और औद्योगिक प्रभाव होंगे। इससे प्रदेश में नए अवसरों का सृजन होगा, औद्योगिक इकोसिस्टम को मजबूती मिलेगी और रोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगी। साथ ही, यह निवेश उत्तर प्रदेश और देश की आर्थिक प्रगति में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा।
नरेंद्र मित्तल ने कहा कि सीएनएच के लिए उत्तर प्रदेश के साथ यह साझेदारी बेहद महत्वपूर्ण है। कंपनी प्रदेश के औद्योगिक विकास में सहभागी बनकर एक सशक्त और समृद्ध भविष्य के निर्माण की दिशा में योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में विकसित हो रहे औद्योगिक वातावरण की सराहना करते हुए इस साझेदारी को विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।


