'PDA ही NDA को हराएगा', अखिलेश ने कांग्रेस को दिया गठबंधन का नया फॉर्मूला

Lucknow News: अखिलेश यादव ने कांग्रेस से सीटों के बंटवारे के बजाय समायोजन की अपील की। 26 सीटों पर बातचीत के बाद जीत के समीकरण और PDA के नाम पर चुनाव लड़ने पर दिया जोर।

Kumud Gupta
Published on: 24 Nov 2026 10:45 PM IST
PDA ही NDA को हराएगा, अखिलेश ने कांग्रेस को दिया गठबंधन का नया फॉर्मूला
X

Lucknow News: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने फेसबुक पोस्ट के जरिए कांग्रेस के साथ गठबंधन और सीटों के समायोजन को लेकर अपना रुख स्पष्ट किया है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से जनभावनाओं और जमीनी राजनीतिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए गंभीर चर्चा करने की अपील की है। अखिलेश ने कहा कि गठबंधन का उद्देश्य सीटों का बंटवारा नहीं, बल्कि जीत सुनिश्चित करना होना चाहिए।

अखिलेश यादव ने अपने संदेश में भाजपा को हराने के लिए दोनों पंथनिरपेक्ष दलों के एकजुट होकर चुनाव लड़ने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि जिन 26 सीटों पर बातचीत हो चुकी है, उनके अलावा कांग्रेस अपनी प्राथमिकता के आधार पर अन्य संभावित सीटों को चिह्नित कर सपा को भेजे। इसके बाद दोनों दल मिलकर तय करें कि किस सीट पर कौन सा उम्मीदवार जीतने की बेहतर स्थिति में है।

उम्मीदवारों के चयन में जीत के समीकरण को मिले प्राथमिकता

सपा प्रमुख ने कहा कि गठबंधन में सीटों का निर्धारण इस आधार पर होना चाहिए कि किस सीट पर किस उम्मीदवार की जीत की संभावना अधिक है। कठिन समीकरण वाली सीटों पर दोनों दल कम से कम दो संभावित उम्मीदवारों पर विचार करें और आपसी सहमति से मजबूत प्रत्याशी का चयन करें। उन्होंने यह भी कहा कि सपा अपने आकलन के आधार पर कांग्रेस को ऐसी सीटों के बारे में सुझाव दे सकती है, जिन पर कांग्रेस ने अभी विचार नहीं किया है।

इंडिया गठबंधन और PDA के प्रत्याशी के रूप में लड़ने की पैरवी

अखिलेश यादव ने कहा कि बड़े नेताओं की बैठक में सभी सीटों पर उम्मीदवारों को कांग्रेस या सपा के प्रत्याशी के बजाय 'इंडिया गठबंधन' के प्रत्याशी के रूप में देखने की कोशिश होनी चाहिए। उन्होंने इससे आगे बढ़कर उम्मीदवारों को 'PDA प्रत्याशी' के रूप में प्रस्तुत करने की बात कही।

उन्होंने लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के संगठन की ओर से PDA को मिले सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि दोनों दलों ने मिलकर भाजपा को हराया था। अखिलेश ने दावा किया कि प्रदेश के हर शहर, मोहल्ले, गली और गांव तक PDA की बात पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि पीड़ित, दुखी और अपमानित वर्ग भाजपा के खिलाफ लामबंद हो रहा है। उनके मुताबिक, 'PDA ही NDA को हराएगा' और परिवर्तन लाएगा।

सीट बंटवारा नहीं, सीट समायोजन चाहते हैं अखिलेश

सपा अध्यक्ष ने कहा कि सीटों का बंटवारा 'हमारे-तुम्हारे' की भावना से नहीं होना चाहिए। वह इसे सीट बंटवारे के बजाय 'सीट समायोजन' कहना चाहते हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि सरकार बनाने के बड़े लक्ष्य के लिए दोनों दलों को कुछ नेताओं और संभावित उम्मीदवारों को एडजस्ट करना पड़ सकता है।

अखिलेश ने कहा कि कुछ लोगों से चुनाव लड़ाने का वादा किया गया होगा, लेकिन वास्तविक परिस्थितियों के अनुसार कुछ सीटों पर बदलाव भी जरूरी हो सकता है। ऐसे में संभावित उम्मीदवारों को निराश होने के बजाय अपने दल के बड़े नेताओं के फैसले पर भरोसा रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि गठबंधन में एक-दूसरे पर उम्मीदवार थोपने के बजाय सहमति से प्रत्याशी तय किए जाने चाहिए, ताकि दोनों दलों के वोट एक-दूसरे को ट्रांसफर हो सकें।

यूपी से दिल्ली तक सरकार बनाने का लक्ष्य

अखिलेश यादव ने अपने संदेश में कहा कि दोनों दलों के संगठन मिलकर चुनाव लड़ेंगे तो उनकी तैयारी 806 सीटों के बराबर होगी। उन्होंने किसान, मजदूर, युवा, मध्यम वर्ग, महिलाओं, व्यापारियों, अधिकारियों और कर्मचारियों समेत प्रगतिशील एवं उत्पीड़ित वर्गों की उम्मीदों का भी जिक्र किया।

उन्होंने कहा कि आपसी समायोजन और सूझबूझ से गठबंधन देश का नया इतिहास लिख सकता है। इसके लिए दोनों दलों को सीटों की संख्या के बजाय जीत के समीकरण पर ध्यान देना होगा। अखिलेश ने यूपी में सरकार बनाने और फिर केंद्र में भी सत्ता हासिल करने के लक्ष्य के साथ एकजुट होकर चुनाव लड़ने की अपील की।

अपने संदेश के अंत में उन्होंने कहा, 'बात सीट की नहीं, जीत की है।'

Kumud Gupta
ABOUT THE AUTHOR

Kumud Gupta

Mail ID - gkumud27@gmail.com Content Writergkumud27@gmail.com

I am currently pursuing a Bachelor of Journalism and Mass Communication (BJMC) and am a 5th Semester student at KITM Group of Institutions, Khatima, Uttarakhand. I have a strong interest in content writing, particularly on crime, politics, social issues, and history.

Next Story