राज्यसभा चुनाव में अखिलेश को याद नहीं आया दलित समाज, परिवार को दी प्राथमिकता: भाजपा

Lucknow News: भाजपा ने अखिलेश यादव पर दलित समाज की अनदेखी का आरोप लगाया। दिनेश प्रताप सिंह और डॉ. अंकुश त्रिपाठी ने सपा की नीतियों पर सवाल उठाए।

Newstrack Network
Published on: 15 Nov 2026 9:22 PM IST
राज्यसभा चुनाव में अखिलेश को याद नहीं आया दलित समाज, परिवार को दी प्राथमिकता: भाजपा
X

Lucknow News: भाजपा ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने सपा के दलित सम्मेलन पर कहा कि अखिलेश यादव के स्वागत के लिए जारी 22 लोगों की सूची में एक भी दलित का नाम शामिल नहीं था। वहीं, भाजपा प्रवक्ता डॉ. अंकुश त्रिपाठी ने कहा कि समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव की नीति और नीयत दोनों दलित विरोधी रही है।

दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव 2017 से ही मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहे हैं। उत्तर प्रदेश की जनता और विशेषकर दलित समाज 2017 से लगातार सपा को सबक सिखा रहा है। 2027 के चुनाव में भी उत्तर प्रदेश की जनता सपा को ऐसा सबक सिखाएगी, जिसे वो कभी भूल नहीं पाएंगे। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव हर दिन PDA की नई परिभाषा गढ़ने लगते हैं। अखिलेश के PDA का सही अर्थ 'पहले दंगा, फिर अपराध' है। लेकिन उत्तर प्रदेश दंगा प्रदेश नहीं बनना चाहता, क्योंकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश ने बहुत विकास किया है।

‘राज्यसभा चुनाव में दलित समाज करता रहा इंतजार’

दिनेश सिंह ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में अति-पिछड़ा और दलित समाज इंतजार करता रह गया लेकिन अखिलेश यादव को सिर्फ अपना परिवार नजर आया। उन्होंने कहा कि अखिलेश के शासनकाल में सपा के गुंडों ने दलित महापुरुषों की मूर्तियों को खंडित किया और सपा मंत्रिमंडल ने महापुरुषों के नाम पर बने जनपदों और संस्थानों के नाम बदलने का काम किया। बहन मायावती को स्टेट गेस्ट हाउस में अपमानित करने का काम भी सपाई गुंडों ने किया।

‘अखिलेश यादव के DNA में दलित उत्पीड़न’

भाजपा प्रवक्ता डॉ. अंकुश त्रिपाठी ने कहा कि अखिलेश यादव के डीएनए में दलित उत्पीड़न भरा हुआ है। सपा की नीति और नीयत दोनों दलित विरोधी हैं। अंकुश ने कहा कि उत्तर प्रदेश का दलित समाज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नीतियों पर पूर्ण विश्वास जताते हुए मजबूती के साथ भाजपा के साथ खड़ा है। 2017 के चुनाव में दलितों के पूर्ण सहयोग से ही सपा की उत्तर प्रदेश से विदाई हुई थी, जिसके कारण अखिलेश यादव आज तक सत्ता से बाहर हैं।

‘योगी सरकार ने दलितों को आवास और रोजगार दिया'

अंकुश त्रिपाठी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शासनकाल में दलितों को पक्के आवास, आयुष्मान भारत योजना का स्वास्थ्य सुरक्षा कवच, मुफ्त राशन और स्किल डेवलपमेंट के माध्यम से स्वरोजगार व रोजगार से जोड़ा गया है, जिससे आज दलित युवा उद्यम स्थापित कर दूसरों को रोजगार दे रहे हैं।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story