योगी सरकार की योजना से युवाओं को मिली उद्यम की उड़ान, स्वरोजगार में आजमगढ़ ने पूरे यूपी को पछाड़ा

Lucknow News: योगी सरकार की सीएम युवा योजना में आजमगढ़ ने 75.69% ऋण वितरण के साथ प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया। बलिया दूसरे और रामपुर तीसरे पायदान पर रहा।

Newstrack Network
Published on: 26 Nov 2026 2:59 PM IST
योगी सरकार की योजना से युवाओं को मिली उद्यम की उड़ान, स्वरोजगार में आजमगढ़ ने पूरे यूपी को पछाड़ा
X

AI generated image

Lucknow News: योगी सरकार प्रदेश के युवाओं को नौकरी तलाशने की बजाय रोजगार देने वाला बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा) प्रदेश के युवाओं के लिए स्वरोजगार का मजबूत माध्यम बनकर उभर रहा है। योजना के तहत युवाओं को अपना उद्यम स्थापित करने के लिए पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त और गारंटीमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन का नतीजा है कि आजमगढ़ ने ऋण वितरण की प्रगति में 75.69 प्रतिशत के साथ पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं बलिया जिले ने 63.11 प्रतिशत प्रगति के साथ प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है जबकि रामपुर 56.50 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर है।

टॉप फाइव में अमरोहा और जौनपुर जिले शामिल

आजमगढ़ के जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से युवाओं को बैंक ऋण उपलब्ध कराकर छोटे उद्योग, व्यवसाय और स्वरोजगार की गतिविधियां शुरू करने के अवसर दिए जा रहे हैं।

खास बात यह है कि पांच लाख रुपये तक के ऋण पर ब्याज और गारंटी की बाध्यता नहीं है, जिससे अपना उद्यम शुरू करने के इच्छुक युवाओं को आर्थिक सहायता प्राप्त करने में सहूलियत मिल रही है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में सीएम युवा योजना के तहत ऋण उपलब्ध कराने के लक्ष्य के सापेक्ष आजमगढ़ ने शानदार प्रदर्शन किया है। जिले ने 75.69 प्रतिशत प्रगति दर्ज कर प्रदेश की रैंकिंग में पहला स्थान हासिल किया है।

वहीं पूर्वांचल के ही बलिया ने 63.11 प्रतिशत प्रगति के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया है। इसके अलावा रामपुर 56.50 प्रतिशत के साथ तीसरे, अमरोहा 49 प्रतिशत के साथ चौथे और जौनपुर 48.90 प्रतिशत प्रगति के साथ पांचवें स्थान पर है। इस तरह प्रदेश के शीर्ष पांच जिलों में पूर्वांचल के तीन जिले आजमगढ़, बलिया और जौनपुर शामिल हैं।

वाराणसी ने भी योजना के क्रियान्वयन में बेहतर प्रदर्शन करते हुए 47.37 प्रतिशत प्रगति के साथ प्रदेश में दसवां स्थान हासिल किया है। पूर्वांचल के अन्य जिलों में भदोही 45.41 प्रतिशत के साथ 20वें, मऊ 44.71 प्रतिशत के साथ 22वें, गाजीपुर 41.89 प्रतिशत के साथ 32वें, चंदौली 40.76 प्रतिशत के साथ 38वें, सोनभद्र 40.35 प्रतिशत के साथ 40वें और मीरजापुर 31.13 प्रतिशत प्रगति के साथ प्रदेश में 73वें स्थान पर है। आंकड़े बताते हैं कि पूर्वांचल के कई जिले युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के मामले में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

लक्ष्य से अधिक आवेदन, बैंकों ने 63 हजार से ज्यादा किए स्वीकृत

योगी सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में 1.50 लाख युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के लिए बैंक ऋण उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रदेशभर में योजना का व्यापक स्तर पर क्रियान्वयन किया जा रहा है। 25 नवंबर तक प्रदेश में कुल 2,08,753 आवेदन प्राप्त हो चुके थे। इनमें से 1,88,611 आवेदन पत्र बैंकों को भेजे गए। बैंकों ने इनमें से 63,215 आवेदन स्वीकृत किए, जबकि 62,671 लाभार्थियों को ऋण उपलब्ध कराया जा चुका है। इस प्रकार प्रदेश में निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष ऋण वितरण की कुल प्रगति 41.78 प्रतिशत दर्ज की गई है।

प्रदेश में आवेदन प्राप्त होने और उन्हें बैंकों तक पहुंचाने की गति यह दर्शाती है कि युवाओं में अपना उद्यम स्थापित करने को लेकर रुचि बढ़ रही है। वहीं आजमगढ़ की 75.69 प्रतिशत प्रगति प्रदेश के औसत 41.78 प्रतिशत से काफी अधिक है। जिले का यह प्रदर्शन बताता है कि योजना के तहत युवाओं को ऋण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा रहा है।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story