'शहीदों को जातियों में बांटना बंद करें अखिलेश', बृजलाल ने सपा प्रमुख पर बोला हमला

Lucknow News: अखिलेश यादव पर BJP नेताओं ने तीखा हमला बोला। बृजलाल, दिनेश प्रताप सिंह और अंकुश त्रिपाठी ने सपा शासनकाल पर सवाल उठाते हुए 2027 चुनाव को लेकर भी निशाना साधा।

Newstrack Network
Published on: 18 Nov 2026 8:43 PM IST
शहीदों को जातियों में बांटना बंद करें अखिलेश, बृजलाल ने सपा प्रमुख पर बोला हमला
X

Lucknow News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भाजपा नेताओं ने तीखा निशाना साधा है। राज्यसभा सांसद बृजलाल ने कहा कि सपा सरकार के दौरान सैफई में नाच-गाने का आयोजन होता था। बिजली भी सिर्फ सैफई व रामपुर को मिलती थी, जबकि पूरा उत्तर प्रदेश अंधेरे में रहता था। वहीं, मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि पिछले चार दशकों से अपने गढ़ कन्नौज में ढंग की सड़कें तक न बनवा पाने वाले अखिलेश यादव की आंखें गोरखपुर का विकास देखकर चकाचौंध हो गई हैं। प्रवक्ता अंकुश त्रिपाठी ने कहा कि अखिलेश यादव घोर जातिवादी और तुष्टीकरण की राजनीति करने वाले नेता हैं।

अखिलेश राज में हुआ केवल सैफई का विकास

सांसद बृजलाल ने कहा कि अखिलेश के राज में सिर्फ सैफई का विकास होता था। मुजफ्फरनगर में दंगे होते थे। लेकिन आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में समान रूप से विकास हो रहा है। हर गरीब को राशन, मकान और सुरक्षा मिल रही है। आज उत्तर प्रदेश 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है।

बृजलाल ने कहा कि चौरी-चौरा आंदोलन में जान गंवाने वाले बलिदानी थे। अखिलेश यादव को देश के लिए बलिदान देने वाले शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को जातियों और वर्गों में बांटना बंद कर देना चाहिए।

‘समाज को जातियों के खांचे में बांटते हैं अखिलेश यादव’*

दिनेश प्रताप ने कहा कि जो व्यक्ति भगवान को जातियों में बांटने का काम करता है, उससे क्रांतिकारियों को निष्पक्ष रूप से देखने की उम्मीद लगाना बेकार है। अखिलेश यादव का इतिहास हमेशा से समाज को जातियों के खांचे में बांटने का रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता पूरी तरह जागरूक हो चुकी है। 2027 के चुनाव में अखिलेश को करारा जवाब मिलेगा।

'योगी सरकार में समान रूप से हो रहा विकास'

दिनेश ने कहा कि अखिलेश यादव अपनी कुर्सी जाने के डर से नोएडा और बिजनौर का दौरा तक नहीं करते थे। ऐसी सोच रखने वाला इंसान भला उत्तर प्रदेश का क्या ही विकास करेगा। उन्होने दावा किया कि आज उत्तर प्रदेश के हर जिले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में समान रूप से विकास हो रहा है। गोरखपुर, गाजियाबाद और अन्य जिलों में जनता डबल इंजन सरकार की विकास नीतियों से पूरी तरह संतुष्ट है।

‘अखिलेश के राज में अपराध का केंद्र माना जाता था गोरखपुर’

अंकुश त्रिपाठी ने कहा कि अखिलेश यादव के राज में 'जरायम' (अपराध) का केंद्र माना जाने वाला गोरखपुर आज मुख्यमंत्री योगी के राज में माफिया मुक्त, अपराध मुक्त और विकास से युक्त है। उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख दर-दर जाकर माफी भी मांग लें, फिर भी उनके शासनकाल के गुनाह और पाप कम होने वाले नहीं हैं। उत्तर प्रदेश की जनता उनके कारनामों को भूली नहीं है। यूपी की जनता अखिलेश यादव को माफी मांगने पर भी माफ नहीं करेगी।

Newstrack Network
ABOUT THE AUTHOR

Newstrack Network

Newstrack Desknewstracknetwork@gmail.com

Newstrack is one of the most Trusted and Popular news portal of India. Remain updated and aware, only on Newstrack

Next Story